ETV Bharat / bharat

जम्मू-कश्मीर में आफत की बारिश: डोडा-किश्तवाड़ हाईवे पर बाढ़ के मलबे में दबीं गाड़ियां, ट्रैफिक ठप

जम्मू-कश्मीर के डोडा और किश्तवाड़ में भारी बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से डोडा-किश्तवाड़ राजमार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है.

Jammu Flash Floods
जम्मू और कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सोमवार, 6 जुलाई, 2026 को बारिश से आई अचानक बाढ़ में गाड़ियां कीचड़ और पत्थरों के बीच दबी हुई दिख रही हैं. (PTI)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : July 6, 2026 at 2:06 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जम्मूः डोडा-किश्तवाड़ इलाके में रात भर हुई मूसलाधार बारिश के कारण सोमवार को आई अचानक बाढ़ से राजमार्ग पर भारी मात्रा में कीचड़, पत्थर और मलबा जमा हो गया. इससे वाहनों की आवाजाही ठप हो गई. डोडा व किश्तवाड़ के पहाड़ी जिलों में निर्माणाधीन 540 मेगावाट के क्वार जलविद्युत परियोजना के पास कई गाड़ियां मलबे में दब गईं.

अधिकारियों ने बताया कि राजमार्ग का एक हिस्सा टूट गया है, जिसके कारण ट्रैफिक को रोकना पड़ा. प्रेम नगर में सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियां बाढ़ के मलबे में फंस गईं. हालांकि, अधिकारियों ने पुष्टि की है कि हादसे में किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई खबर नहीं है. प्रशासन द्वारा सड़क साफ करने और मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे इस राजमार्ग पर जाने से बचें.

पड़ोसी जिले किश्तवाड़ में भी भारी बारिश के कारण निर्माणाधीन 540 मेगावाट की क्वार जलविद्युत परियोजना के सुरंग क्षेत्र के पास एक बड़ा भूस्खलन और मडस्लाइड (कीचड़ का बहाव) हुआ. अधिकारियों ने बताया कि अचानक आई बाढ़ अपने साथ भारी मात्रा में कीचड़ और बड़े-बड़े पत्थर प्रोजेक्ट क्षेत्र में ले आई, जिससे ट्रकों, डोजर और अन्य निर्माण उपकरणों सहित कई गाड़ियां मलबे में दब गईं. निर्माण सामग्री को भी नुकसान पहुंचा है.

उन्होंने बताया कि कई वाहनों को भारी नुकसान हुआ है और वे अब भी मलबे के नीचे फंसे हुए हैं. फंसे हुए वाहनों को बाहर निकालने और प्रभावित जगह को फिर से ठीक करने के लिए मलबा हटाने का काम जारी है. अधिकारियों ने बताया कि रियासी जिले के ऊंचाई वाले इलाकों से भी अचानक आई बाढ़ की छोटी-मोटी घटनाएं सामने आई हैं.

प्रशासन ने पहले ही मौसम की चेतावनी जारी कर जम्मू-कश्मीर के संवेदनशील इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक, अचानक बाढ़ और भूस्खलन की आशंका जताई थी. साथ ही, लोगों से, विशेषकर नदियों और नालों के पास रहने वालों से सतर्क रहने और असुरक्षित जगहों पर न जाने की अपील की थी.

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह 8:30 बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों के दौरान जम्मू क्षेत्र में सबसे अधिक 90 मिमी बारिश सांबा में दर्ज की गई. इसके बाद कठुआ में 66.2 मिमी, कटरा में 44.4 मिमी, डोडा में 42 मिमी, जम्मू में 41.8 मिमी, उधमपुर में 40.6 मिमी, भद्रवाह में 33.6 मिमी, किश्तवाड़ में 24 मिमी, रियासी में 10.5 मिमी, बटोट में 4.7 मिमी, रामबन में 4.5 मिमी और बनिहाल में 0.4 मिमी बारिश दर्ज की गई.

Jammu Flash Floods
जम्मू और कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में 6 जुलाई, 2026 को बारिश से आई अचानक बाढ़ में कीचड़ में फंसी गाड़ी. (PTI)

इसे भी पढ़ेंः