जयपुर में बड़ा हादसा: पटाखों के अवैध गोदाम में लगी भीषण आग, 8 लोगों की मौत
पटाखा गोदाम में भीषण आग लगने से मचा हड़कंप. मजदूरों की मौत पर सीएम ने जताया दुख. पुलिस कमिश्नर बोले- लापरवाहों के खिलाफ होगी कार्रवाई.

Published : June 9, 2026 at 2:01 PM IST
|Updated : June 9, 2026 at 9:02 PM IST
जयपुर: राजधानी जयपुर में खोह नागोरियान थाना इलाके के रिहायशी क्षेत्र में एक पटाखा गोदाम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. सूचना के बाद मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया. आग की घटना में 8 लोगों की मौत हो गई.
एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने बताया कि इस घटना में वहीद पुत्र मो. अब्दुल अजीज, घाटगेट आयु-50 वर्ष, राबिल पुत्र सिकंदर कुरैशी, बिलाल पुत्र नासिर, आयु 30 वर्ष, रहीम नगर, समीर पुत्र अनीस, आयु 20 वर्ष, रहीम नगर, अजीम/आविद पुत्र नासिर, रहीम नगर, नासिर पुत्र मो. अली, रहीम नगर और दो अन्य गंभीर घायलों की मौत हो गई. जयपुर कलेक्टर संदेश नायक, जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल, एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. राजीव पचार, डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा समेत पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया.
मामले की जांच जारीः जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि पटाखा गोदाम में मजदूर काम कर रहे थे. आसपास में ही पटाखा फैक्ट्री भी है, जिसकी तहकीकात की जा रही है. घटना के संबंध में विधिक कार्रवाई की जाएगी, जल्द ही पुलिस स्थिति स्पष्ट करेगी. पहले आग पर काबू पाना और घायलों का इलाज जरूरी था. मामले की जांच की जा रही है. रिहायशी इलाके में पटाखा गोदाम अवैध और गैरकानूनी था. गोदाम मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है.

हालांकि, अभी आसपास के लोग कुछ भी बताने से बच रहे हैं. उन्होंने कहा कि हादसे को लेकर जिन लोगों की भी लापरवाही पाई जाएगी, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी. अवैध फैक्ट्री और गोदामों के संबंध में सर्वे करवाकर कार्रवाई की जाएगी. रिहायशी इलाकों में जहां-जहां पर भी अवैध फैक्ट्रियां और गोदाम चल रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी. पुलिस ने गोदाम को सील कर दिया है. एफएसएल टीम की ओर से साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं.

स्थानीय लोगों ने साधी चुप्पीः घटना के बाद स्थानीय लोग पुलिस और मीडिया के सामने कुछ भी बोलने से बचते हुए नजर आ रहे हैं. घटनास्थल के आसपास के लोग गोदाम मालिक के बारे में भी बताने को तैयार नहीं हैं. आसपास के लोगों से जानकारी में सामने आया है कि आग कितनी भयंकर थी कि आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया. गोदाम के अंदर से मजदूर आग में जलते हुए ही बाहर निकल आए और सड़क पर तड़पते रहे.
गोदाम में रखे पटाखे और अन्य सामान जलकर पूरी तरह से राख हो गया. वहीं, घटना के बाद काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की भीड़ को दूर हटाया. आग की लपटें इतनी भयंकर थी कि पास जाना भी मुश्किल था. अंदर से धमाकों की आवाज आ रही थी. स्थानीय लोगों ने भी पानी के टैंकर से आग बुझाने में सहयोग किया. गोदाम के अंदर गैस सिलेंडर भी था, जिसे तुरंत बुझाकर बाहर निकाल लिया गया.

पढ़ें : भिवाड़ी में आयरन शीट बनाने वाली फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दीवार फांदकर कर्मचारियों ने बचाई जान
विधायक ने लगाए आरोपः विधायक अमीन कागजी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. विधायक ने कहा कि गोदाम अवैध रूप से संचालित हो रहा था, जिसमें फायर सिस्टम भी नहीं था. मिलीभगत का खेल चल रहा था. बिना मिलीभगत के अवैध गोदाम या फैक्ट्री नहीं चल सकती. दाल में काला जरूर है. लापरवाही बरतने वाले और जिम्मेदारों पर कार्रवाई होनी चाहिए.

सिविल डिफेंस के डिप्टी कंट्रोलर अमित शर्मा ने बताया कि मंगलवार को पटाखा गोदाम में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई. खोह नागोरियान थाना इलाके में आयशा नगर तलाई क्षेत्र में एक पटाखा गोदाम में भीषण आग लगने की सूचना पर दमकल और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची. दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया. आग काफी भीषण थी. आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया. पुलिस की टीम भी तुरंत मौके पर पहुंची.

ज्वलनशील पदार्थ से आग लगने की आशंकाः गोदाम के अंदर मजदूर के फंसे होने की आशंका को देखते हुए सिविल डिफेंस कर्मियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है. पटाखा गोदाम में ज्वलनशील पदार्थ होने की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, आग लगने के स्पष्ट कारणों के बारे में पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
एडीएम युगांतर शर्मा ने बताया कि खोह नागोरिया क्षेत्र में आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया. फायर ब्रिगेड के साथ एंबुलेंस और पुलिस की टीमें भी मौके पर पहुंचीं. करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया. पूरे मामले की जांच की जा रही है. तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य लोगों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई.
जयपुर के खो नागोरियान क्षेत्र में हुई दुर्घटना में जनहानि का समाचार दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है।
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) June 9, 2026
जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी तत्परता के साथ जुटने, घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता…
सीएम भजनलाल और गहलोत-जूली ने जताया दुख : जयपुर फटाखा फैक्ट्री हादसे पर सीएम भजनलाल ने गहरा दुख व्यक्त किया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए सीएम ने लिखा- जयपुर के खो नागोरियान क्षेत्र में हुई दुर्घटना में जनहानि का समाचार दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है. जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी तत्परता के साथ जुटने, घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें, शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें तथा सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.
जयपुर के खो नागोरियन क्षेत्र में पटाखा फैक्ट्री में आग लगने के भीषण हादसे में कई व्यक्तियों की मृत्यु की सूचना दुखद है।
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) June 9, 2026
इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं, ईश्वर उन्हें संबल दें एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की…
वहीं, जयपुर फटाखा फैक्ट्री हादसे पर अशोक गहलोत ने दुख व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- जयपुर के खो नागोरियन क्षेत्र में पटाखा फैक्ट्री में आग लगने के भीषण हादसे में कई व्यक्तियों की मौत की सूचना दुखद है. इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. ईश्वर उन्हें संबल दें एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें. घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है.
जयपुर के खो नागोरियान में मकान में चल रही पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग एवं विस्फोट से 5 लोगों की मृत्यु तथा कई लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। दिवंगतों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ l
— Tika Ram Jully (@TikaRamJullyINC) June 9, 2026
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत…
जबकि, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने 'एक्स' पर लिखा- जयपुर के खो नागोरियान में मकान में चल रही पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग एवं विस्फोट से कई लोगों की मौत तथा कई लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है. दिवंगतों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं.

