ETV Bharat / bharat

वर्ल्ड रामायण कॉन्फ्रेंस में 20 देशों के डाक टिकटों की आकर्षक प्रदर्शनी, सबमें राम

जबलपुर में आयोजित वर्ल्ड रामायण कॉन्फ्रेंस में साउथ एशिया के देश लाओस में जारी किए गए रामलला का डाक टिकट आकर्षण का केंद्र .

WORLD RAMAYANA CONFERENCE
वर्ल्ड रामायण कॉन्फ्रेंस, 20 देशों के डाक टिकटों की प्रदर्शनी (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : January 2, 2026 at 4:39 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

जबलपुर : दुनिया के 20 देशों में भगवान श्री राम और रामायण पर डाक टिकट जारी किए गए हैं. इनमें श्रीराम और सीता के अलावा रावण, मेघनाथ पर डाक टिकट जारी किए गए हैं. जबलपुर में आयोजित वर्ल्ड रामायण कॉन्फ्रेंस में डाक टिकटों के जरिए रामायण का प्रदर्शन किया गया. इससे स्पष्ट हुआ कि दुनिया के 20 देशों में राम और रामायण के चरित्र पर डाक टिकट जारी हुए हैं.

राम और रामायण पर आधारित डाक टिकट

जबलपुर के डाक टिकट कलेक्टर्स ने दुनिया के अलग-अलग देशों से डाक टिकटों को इकट्ठा कर वर्ल्ड रामायण कॉन्फ्रेंस में प्रदर्शित किया है. जबलपुर के सतीश कुमार श्रीवास्तव सरकारी नौकरी से रिटायर हुए हैं. रिटायर होने के बाद उन्होंने अपने शौक को आगे बढ़ाया और उन्होंने स्टैंप कलेक्शन का सिलसिला शुरू किया. लेकिन उनका विजन सामान्य स्टांप कलेक्टर से अलग था. सतीश कुमार श्रीवास्तव ने केवल राम और रामायण पर आधारित डाक टिकटों को इकट्ठा करना शुरू किया.

जबलपुर में आयोजित वर्ल्ड रामायण कॉन्फ्रेंस (ETV BHARAT)

20 देशों से मंगाए राम पर आधारित डाक टिकट

सतीश कुमार श्रीवास्तव ने जब अपना काम शुरू किया तब उन्हें अंदाजा नहीं था कि भगवान राम पर डाक टिकट दुनिया के 20 देश में जारी किए जाते हैं. सतीश कुमार ने धीरे-धीरे सभी देशों के डाक टिकटों को खरीदना शुरू किया. शुरुआत में उन्होंने केवल भारत के ही राम और रामायण पर आधारित डाक टिकटों को इकट्ठा किया. इसके बाद उन्होंने नेपाल, भूटान, श्रीलंका, थाईलैंड, इंडोनेशिया, मॉरीशस जैसे देशों में राम पर जारी किए गए डाक टिकट जुटाने शुरू किए.

WORLD RAMAYANA CONFERENCE
लाओस में जारी रामलला का डाक टिकट आकर्षण का केंद्र (ETV BHARAT)

हनुमान और रावण पर भी डाक टिकट

सतीश कुमार श्रीवास्तव ने बताया "नेपाल ने श्रवण कुमार के ऊपर डाक टिकट जारी किया है. सेंट विंटेज एंड ग्रेनाडाईन्स ने भगवान राम और विष्णु के कई अवतारों पर डाक टिकट जारी किए हैं. यहीं पर रावण के ऊपर भी डाक टिकट जारी किया गया है. एंटीगुना और बरवूडा ने भी रामायण से जुड़े हुए कई चरित्र पर डाक टिकट जारी किए हैं".

इंडोनेशिया ने सीता और हनुमान का अशोक वाटिका का चित्र डाक टिकट के जरिए जारी किया. बाली ने हनुमान के संजीवनी पर्वत उठाने के चित्र को डाक टिकट के जरिए जारी किया है.

कंबोडिया में भी हनुमान जी पर 5 डाक टिकट

युगांडा ने भी हनुमान जी के ऊपर डाक टिकट जारी किया है. कंबोडिया में भी हनुमान जी के ऊपर 5 डाक टिकट जारी किए हैं. सतीश कुमार श्रीवास्तव को कहना है "यह महंगा शौक है, क्योंकि दुनिया के दूसरे देशों से जब डाक टिकटों को मंगाया जाता है तो वे लोग एक सिंगल डाक टिकट नहीं भेजते बल्कि उसके लिए पूरी श्रृंखला को खरीदना पड़ता है, जिसमें ज्यादा राशि खर्च होती है. लेकिन शौक के लिए ऐसा करते हैं."

WORLD RAMAYANA CONFERENCE
इंडोनेशिया में रामायण पर जारी किए गए डाक टिकट (ETV BHARAT)

लाओस में रामलला पर डाक टिकट

डाक टिकट कलेक्टर श्याम नारायण तिवारी ने बताया "उनके पास एक ऐसा अनोखा डाक टिकट भी है, जो कायदे से सबसे पहले भारत को जारी करना चाहिए था. लेकिन इसे साउथ एशिया के देश लाओस ने जारी किया है. यह चित्र अयोध्या में रामलला की मूर्ति पर है, जिसकी स्थापना 2024 मे ही हुई है. इस पर लाओस ने डाक टिकट जारी किया है. इस डाक टिकट का प्रदर्शन भी इस प्रदर्शनी में किया गया है.

एक साल पहले विदेश मंत्री जयशंकर ने किया अनावरण

एक साल पहले भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने लाओस की राजधानी वियनतियाने में रामलला पर पहले डाक टिकट का अनावरण किया. उस समय जयशंकर ने ट्वीट करते हुए बताया था "रामायण और बौद्ध धर्म के हमारे साझा सांस्कृतिक खजाने का जश्न मनाते हुए एक विशेष टिकट सेट लॉन्च किया गया." लाओ पीपुल्स डेमोक्रेटिक रिपब्लिक यह टिकट जारी करने वाला दुनिया का पहला देश बना.