ईरान-इजराइल युद्ध: भारतीयों की सुरक्षित वापसी के लिए होंगे प्रयास, मिशन मोड पर विदेश मंत्रालय
ईरान-इजराइल युद्ध के बीच खाड़ी देशों में रह रहे भारतीयों की चिंता बढ़ गई है. भारत स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : March 2, 2026 at 1:00 PM IST
|Updated : March 2, 2026 at 3:30 PM IST
कांगड़ा: अमेरिका और इजराइल के ईरान पर हमले का आज सोमवार को तीसरा दिन है. अमेरिका और इजराइल की ओर से ईरान पर हमले जारी हैं. सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई सहित कई वरिष्ठ मंत्री और सैन्य कमांडर इस हमले में मारे गए. अमेरिका और इजराइल के हमले के जवाब में ईरान पूरे मिडिल-ईस्ट में अमेरिकी सैन्य अड्डों पर मिसाइल हमले कर रहा है. ईरानी मिसाइलें इजराइल को निशाना बना रही हैं. इसके साथ ही ईरान ने बहरीन, कुवैत, सउदी, कतर समेत मिडल ईस्ट के सात देशों में हमले किए हैं. भारत सरकार की ओर से भी वहां फंसे लोगों को लाने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं.
सभी भारतीयों को निकाला जाएगा सुरक्षित
किरेन रिजिजू सोमवार को कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचे. इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए ईरान और इजराइल के बीच जारी संघर्ष के दौरान विदेशों में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और स्वदेश वापसी को लेकर केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई. उन्होंने कहा कि 'नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विदेश में रहने वाले किसी भी भारतीय नागरिक को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी,यदि किसी भारतीय को समस्या आती है तो उसे सुरक्षित भारत लाने के लिए व्यापक और त्वरित कदम उठाए जा रहे हैं. विदेश मंत्रालय लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मिशन मोड में काम कर रहा है, जिन देशों में भी भारतीय नागरिक फंसे हैं, वहां भारतीय दूतावास सक्रिय रूप से समन्वय स्थापित कर रहे हैं और आवश्यकता पड़ने पर विशेष अभियान चलाकर उन्हें सुरक्षित निकाला जाएगा.'
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज भारत की विदेश नीति और कूटनीतिक सक्रियता पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है. प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ऐसे संवेदनशील समय में त्वरित निर्णय लिए जाते हैं, जिससे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके. उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार हर भारतीय के साथ खड़ी है और जरूरत पड़ने पर हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी.
जंग की जद में पूरा मिडिल ईस्ट
ईरान की इस जवाबी कार्रवाई से लगभग पूरा मिडिल ईस्ट जंग की जद में आ गया है. सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात सहित गल्फ के कई देशों ने ईरान द्वारा किए जा रहे हमले पर जवाबी कार्रवाई करने की बात कही है. खाड़ी देशों में फैले इस संघर्ष ने वहां रह रहे भारतीयों समेत कई लोगों के लिए अनिश्चितता पैदा कर दी है. भारत के कई नागरिक दुबई, कतर, सउदी अरब सहित कई देशों में फंसे हैं. दरअसल, केंद्रीय मंत्री हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के दौरे पर आए थे और दिल्ली वापसी के लिए कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचे थेो. इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने ये बातें कही.
ये भी पढ़ें: सामान्य से अधिक चल रहा तापमान, इस दिन तक बारिश-बर्फबारी के नहीं है कोई आसार

