Iran Crisis: कुवैत में फंसा इस फिल्म एक्ट्ररेस का बेटा, वीडियो जारी कर पीएम मोदी से लगायी गुहार
मराठी अभिनेत्री विशाखा सुभेदार का बेटा इंग्लैंड जा रहा था, लेकिन इसी बीच कुवैत में फंस गया है.


Published : March 3, 2026 at 8:22 PM IST
मुंबई: ईरान, अमेरिका और इज़राइल युद्ध से पश्चिम एशिया में तनाव काफी बढ़ गया है. काम और पर्यटन के सिलसिले में खाड़ी देश गए कई भारतीय नागरिक वहां फंसे हुए हैं. मराठी अभिनेत्री विशाखा सुभेदार का बेटा भी पिछले चार दिनों से कुवैत में फंसा हुआ है. विशाखा सुभेदार ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट डालकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से अपने बच्चे को सुरक्षित भारत वापस लाने के इंतजाम करने की भावुक अपील की है.
विशाखा सुभेदार की भावुक अपील
मराठी अभिनेत्री विशाखा सुभेदार का बेटा इंग्लैंड जा रहा था लेकिन इसी बीच कुवैत में फंस गया है. सोशल मीडिया पर पोस्ट किये गये वीडियो में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से अनुरोध किया है कि जैसे पहले भी भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वापस लाया गया है, वैसे ही कुवैत में फंसे भारतीयों को भी भारत लाने के उचित इंतजाम किए जाएं.
क्या है वीडियो में
"नमस्कार, मैं विशाखा सुभेदार... मेरा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस साहब और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से एक अनुरोध है. मेरा बेटा लंदन की यात्रा पर था, लेकिन कुवैत में 'लेओवर' (रुकने) के कारण उसकी फ्लाइट को वहां डायवर्ट कर दिया गया. पिछले चार दिनों से एयरस्पेस (हवाई क्षेत्र) उपलब्ध न होने के कारण सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जिसकी वजह से मेरा बेटा पिछले चार दिनों से कुवैत में फंसा हुआ है."
वीडियो में उन्होंने आगे बताया- "मैं समाचारों के माध्यम से वहां के हालात देख रही हूं और मेरा बेटा खुद वहां की स्थितियों का सामना कर रहा है. कुवैत में कई ड्रोन हमले हो रहे हैं. एयरलाइंस ने फिलहाल उसके ठहरने का इंतजाम एक होटल में किया है. मेरी हाथ जोड़कर विनती है कि जिस तरह दुबई से लोगों को सुरक्षित लाया गया है, अब कुवैत में फंसे नागरिकों को भी वापस लाने के इंतजाम किए जाएं."
विशाखा सुभेदार ने कहा- "कई बच्चों की माएं और कई परिवार अपने बच्चों की घर वापसी का इंतज़ार कर रहे हैं. इसलिए, उन्हें जल्द से जल्द वापस लाने के इंतजाम किए जाने चाहिए. हमारे बच्चों का ख्याल रखा जाना चाहिए. भारत सरकार और प्रधानमंत्री से मेरा यही अनुरोध है कि वे इसके लिए जल्द से जल्द कोई रास्ता निकालें."
एकनाथ शिंदे में अभिनेत्री से बात की
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा-"मैंने विशाखा सुभेदार से बात की. उनका बेटा कुवैत में है. हम उन्हें कुवैत से यहां लाने का इंतज़ाम कर रहे हैं. हम यह भी पक्का कर रहे हैं कि वे वहां सुरक्षित रहें." एकनाथ शिंदे ने कहा कि देश के बाहर बहुत से लोग फंसे हुए हैं. प्रधानमंत्री मोदी और राज्य सरकार उन्हें सुरक्षित वापस लाने की कोशिश कर रही है.
क्यों बंद हैं हवाई सीमाएं
अमेरिका और इजराइल ने मिलकर ईरान पर हमला किया, जिसमें ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई की मौत हो गई. ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए अमेरिका और इज़राइल के महत्वपूर्ण ठिकानों पर हमला किया है, जिससे पश्चिम एशिया में युद्ध जैसी स्थिति बन गई है. अमेरिका-इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण कतर, कुवैत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) सहित कई देशों ने अपनी हवाई सीमाएं बंद कर दी हैं.
इसे भी पढ़ेंः
- लंदन जा रहे थे हनीमून मनाने, बीच में ही शुरू हो गया युद्ध: रोंगटे खड़े कर देगी पीयूष के घर लौटने की कहानी
- पश्चिम एशिया संकट पर विदेश मंत्रालय बोला, 'हमारे लिए एक करोड़ भारतीयों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता', खामेनेई पर नहीं जारी किया बयान
- दुबई में फंसी बेटी की वतन वापसी: सांसद पिता की आंखों से छलके खुशी के आंसू

