थैलेसीमिया ग्रस्त बच्चे पर संक्रमित ब्लड चढ़ाने का मामला, हाईकोर्ट के संज्ञान पर विशेष जांच टीम पहुंची चाईबासा
चाईबासा सदर अस्पताल में थैलेसीमिया ग्रस्त बच्चे को संक्रमित खून देने के मामले की जांच विशेष टीम के द्वारा शुरू कर दी गयी है.

Published : October 25, 2025 at 8:22 PM IST
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला के चाईबासा सदर अस्पताल में थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे को संक्रमित ब्लड चढ़ाने के गंभीर मामले पर झारखंड हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं. इसके बाद झारखंड सरकार की पांच सदस्यीय विशेष जांच टीम रांची से चाईबासा पहुंची.
इस टीम का नेतृत्व राज्य के स्वास्थ्य सेवा निदेशक डॉ. दिनेश कुमार कर रहे हैं. शनिवार को उन्होंने अस्पताल में डॉक्टरों से बातचीत की, ब्लड बैंक का निरीक्षण किया और कई सैंपल भी कलेक्ट किए. जांच के दौरान ब्लड बैंक में कई खामियां सामने आईं. टीम ने थैलेसीमिया वार्ड का भी निरीक्षण किया, जहां 5 बच्चों के एचआईवी संक्रमित होने की आशंका जताई गई है. इन बच्चों की जांच की जा रही है.

टेस्ट रिजल्ट में बच्चा पाया गया एचआईवी पॉजिटिव
इस जांच के बाद स्वास्थ्य सेवा निदेशक डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि संबंधित बच्चे को 13 सितंबर को ब्लड चढ़ाया गया था और 18 अक्टूबर को उसकी एचआईवी जांच की गई, जिसमें बच्चा पॉजिटिव पाया गया. फिलहाल संक्रमण के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि सिविल सर्जन, अस्पताल उपाधीक्षक और कार्यक्रम से जुड़े सभी अधिकारियों से बात की गई है.

पश्चिमी सिंहभूम जिला में इस समय लगभग 515 एचआईवी संक्रमित मरीज हैं, जिनका नियमित इलाज चल रहा है. टीम ने स्पष्ट किया कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही पूरे तथ्यों को सामने लाया जाएगा.
क्या है आरोप
बता दें कि शुक्रवार को मजदूर कामगार यूनियन के नेता माधव चंद्र कुंकल ने सदर अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाया. जिसमें उन्होंने कहा था कि सदर अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही से एक 7 वर्षीय थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे को एचआईवी पॉजिटिव ब्लड चढ़ा दिया गया.

सिविल सर्जन का जवाब
इन आरोपों को लेकर शुक्रवार को सिविल सर्जन जुझारू मांझी ने कहा था कि यह बताना अभी मुश्किल है कि एचआईवी पॉजिटिव है, अभी हम इसकी जांच कर रहे हैं. इस दौरान थैलेसिमिया के जितने भी लोगों को ब्लड चढ़ाया गया है उन सभी को चिन्हित कर दोबारा जांच की जाएगी उसके बाद ही किसी भी प्रकार के नतीजे पर पहुंचा जा सकता है.
इसे भी पढ़ें- चाईबासा सदर अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप, 7 साल के मासूम की जान से खिलवाड़!
इसे भी पढ़ें- रांची सदर अस्पताल में गंभीर लापरवाही, मरीज को दी गई फंगस लगी दवा
इसे भी पढ़ें- देवघर के सरकारी अस्पतालों में बदइंतजामी बरकरार, इमरजेंसी डिपार्टमेंट से डॉक्टर्स गायब!

