मुकेश अंबानी ने किए श्रीनाथजी के दर्शन, वरिष्ठ वैष्णव सेवा सदन बनाने की घोषणा
मुकेश अंबानी ने विशाल बावा से आशीर्वाद लिया और करीब आधे घंटे तक विभिन्न विषयों पर चर्चा की.

Published : November 7, 2025 at 8:44 PM IST
नाथद्वारा (राजसमंद): देश के जाने माने उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी शुक्रवार शाम नाथद्वारा पहुंचे और भगवान श्रीनाथजी की संध्या आरती के दर्शन किए. इसके बाद मंदिर के तिलकायत पुत्र चिरंजीव गोस्वामी विशाल बावा ने परंपरानुसार उनका समाधान किया और आशीर्वाद प्रदान किया. मुकेश अंबानी शाम पांच बजे श्रीनाथजी की हवेली पहुंचे. संध्या आरती दर्शन के बाद वे मोती महल गए, जहां विशाल बावा ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर श्रीजी का प्रसाद भेंट किया. इस दौरान मुकेश अंबानी ने विशाल बावा से आशीर्वाद लिया और करीब आधे घंटे तक विभिन्न विषयों पर चर्चा की.
आधुनिक सेवा सदन की घोषणा: इस अवसर पर मुकेश अंबानी ने "यात्री एवं वरिष्ठ सेवा सदन" की औपचारिक घोषणा की. यह केंद्र 100 से अधिक कमरों की क्षमता वाला होगा, जो विशेष रूप से वृद्ध वैष्णवों और दूर-दराज से आने वाले दर्शनार्थियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और गरिमापूर्ण आवास उपलब्ध कराएगा. इस सेवा सदन में 24 घंटे चिकित्सा इकाई, नर्सिंग व फिजियोथेरेपी सुविधा, सत्संग-प्रवचन के लिए बड़ा सभागार और थाल-प्रसाद परंपरा पर आधारित शुद्ध सात्विक भोजनालय जैसी सुविधाएं रहेंगी.
इसे भी पढ़ें- केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने पत्नी संग किए श्रीनाथजी के दर्शन, प्रभु से की ये कामना
विशाल बावा की प्रेरणा से शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी परियोजना की अनुमानित लागत 50 करोड़ रुपये से अधिक है. अगले तीन वर्षों में इसका निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा. श्रीनाथजी की कृपा और तिलकायत परिवार के मार्गदर्शन में यह परियोजना नाथद्वारा में भक्त-सेवा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी. कार्यक्रम में मंदिर के अधिकारी सुधाकर उपाध्याय, मंदिर मंडल के सीईओ जितेंद्र कुमार पांडे, तिलकायत के मुख्य सलाहकार अंजन शाह, तिलकायत सचिव लीलाधर पुरोहित, पंड्याजी परेश नागर, समाधानी उमंग मेहता, जनम भाई गांधी, जमादार हर्ष सनाढ्य, कैलाश पालीवाल, कल्पित जोशी सहित बड़ी संख्या में वैष्णव जन उपस्थित रहे. मुकेश अंबानी के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे. दो थानों की पुलिस फोर्स के साथ विशेष जाब्ता तैनात रहा.

