इंदौर में पानी से मौतें, अब रतलाम में अजीब फरमान- सीवरेज टूटा है तो खुद सुधरवाओ
रतलाम नगर निगम का विवादित आदेश. जनता को चेतावनी, जिन घरों के सीवरेज और नल कनेक्शन टूटे-फूटे हैं. खुद सुधरवाएं वरना होगी कार्रवाई.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 3, 2026 at 6:10 PM IST
रतलाम : इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने सभी नगरीय निकायों के लिए निर्देश जारी किए हैं. जिसमें पेयजल पाइपलाइन और सीवरेज लीकेज की समस्या का समाधान शिकायत मिलने की 48 घंटे में सुनिश्चित किए जाने के निर्देश हैं.
रतलाम नगर निगम क्षेत्र में सीवेज लाइन लीकेज की शिकायतों के निराकरण के लिए संयुक्त टीम मैदान में जरूर उतरी है, लेकिन नगर निगम द्वारा जारी किया गया एक अजीबोगरीब फरमान से लोगों व जनप्रतिनिधियों में नाराजगी है.
रतलाम नगर निगम का विवादित आदेश
नगर निगम रतलाम ने जनता से ही उनकी समस्या का समाधान करने की बात विवादित प्रेस नोट में की है. नगर निगम के जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी किए गए प्रेस नोट में शहर की आम जनता के लिए फरमान जारी किया गया है "उनके घर अथवा संस्था में सीवरेज लाइन और पेयजल पाइपलाइन के लीकेज को वह स्वयं 07 दिवस के भीतर मरम्मत करवा लें, अन्यथा कार्रवाई के लिए वह खुद जिम्मेदार होंगे."

सोशल मीडिया पर यह प्रेस नोट सामने आने के बाद लोगों की तीखी प्रतिक्रिया भी देखने को मिली है, जिसके बाद निगम के जिम्मेदारों ने इस प्रेस नोट को रद्द करते हुए संशोधन करने के बाद जारी किए जाने की बात कही है.
रतलाम में खस्ताहाल पेयजल पाइपलाइन
रतलाम नगर निगम क्षेत्र में सीवरेज सिस्टम और खस्ताहाल पेयजल पाइपलाइन की समस्या लंबे समय से चली आ रही है, जिसके लिए स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधि नगर निगम और स्थानीय जिला प्रशासन से गुहार लगाकर थक चुके हैं. वार्ड क्रमांक 32 के पार्षद सलीम मोहम्मद बागवान ने पेयजल की लाइन में सीवरेज का गंदा पानी आने की शिकायत नगर निगम में की थी.

लेकिन नगर निगम के अफसरों ने कोई सुनवाई नहीं की. स्थानीय रहवासी भी कई बार जिम्मेदार अधिकारियों जनसुनवाई में गंदे पानी से भरी बोतल लेकर पहुंच चुके हैं.
अपनी जिम्मेदारी जनता पर कैसे थोप सकता है नगर निगम
वार्ड नंबर 32 के पार्षद सलीम मोहम्मद बागवान तो इस मामले को नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में भी ले जा चुके हैं. व्हिसल ब्लोअर सलीम मोहम्मद बागवान ने "बताया सीवेज पाइपलाइन और पेयजल पाइपलाइन में आखिर लीकेज हुआ कैसे. इसकी जिम्मेदारी तय किए बिना कैसे इसे जनता पर थोप दिया जाना चाहिए. सीवरेज लाइन को पेयजल पाइप लाइन को नियमों के विरुद्ध पास पास में डाल दिया गया और अब जब शहर के कई इलाकों में सीवरेज प्रोजेक्ट फेल हुआ तो जिम्मेदारी जनता पर डाल दी गई."

- मोहन यादव का नया क्लीन वॉटर एक्शन प्लान, मध्य प्रदेश में वाटर सीवर गाइडलाइन होगा लागू
- इंदौर के दूषित पानी मामले में एक्शन में मोहन सरकार, नगर निगम कमिश्नर हटाए गए, अपर आयुक्त और एई सस्पेंड
नगर निगम रतलाम को हुआ गलती का अहसास
नगर निगम के विवादित प्रेस नोट पर हस्ताक्षर करने वाले कार्यपालन अधिकारी राहुल जाखड़ ने बताया "यह प्रेस नोट त्रुटि से जारी हो गया था. जिसे संशोधन के बाद जारी किया जाएगा." निगम अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश शासन के निर्देश अनुसार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और मेयर हेल्पलाइन पर मिल रही शिकायतों पर त्वरित रिस्पांस किया जा रहा है और निर्धारित समय में समाधान करने का प्रयास भी नगर निगम की टीम द्वारा किया जा रहा है.

