हिंद महासागर IOD अल नीनो प्रभाव को कम कर सकता है: आईआईटीएम निदेशक
आईआईटीएम पुणे के निदेशक ने ईटीवी भारत को दिए एक इंटरव्यू में कहा सकारात्मक आईओडी अल नीनो के बावजूद मानसून का समर्थन कर सकता है.

Published : July 9, 2026 at 9:25 AM IST
अमरावती: भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम), पुणे के निदेशक डॉ. अंगुलुरी सूर्यचंद्र राव के अनुसार हिंद महासागर के ऊपर एक हिंद महासागर डिपोल (आईओडी) विकसित होने की संभावना है और यह अल नीनो के प्रतिकूल प्रभावों को कम करने में मदद कर सकता है.
नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विजयवाड़ा के पास कोंडापावुलुरु के दौरे के दौरान ईटीवी भारत से बात करते हुए, डॉ. राव ने याद दिलाया कि 1997 की बड़ी अल नीनो घटना के समय, एक साथ डाइपोल (dipole) के होने की वजह से इसका असर काफी कम हो गया था. डॉ. राव ने ईटीवी भारत से मौसम के पूर्वानुमान, बारिश, टेक्नोलॉजी और इससे जुड़े दूसरे विषयों पर भी बात की.
ओशन डाइपोल क्या है?
इंडियन ओशन डाइपोल (IOD) मौसम से जुड़ी एक घटना है, जो हिंद महासागर के पूर्वी और पश्चिमी इलाकों के तापमान में अंतर को बताती है. पॉजिटिव डाइपोल (IOD) का मॉनसून पर अच्छा असर पड़ता है, और अल-नीनो की स्थितियों के बावजूद, इससे बारिश हो सकती है.
मॉनसून का क्या हाल है?
प्रशांत महासागर में 'सुपर अल-नीनो' का असर शुरू हो गया है. आम तौर पर यह अगस्त या सितंबर में आता है, लेकिन इस बार यह जून में ही आ गया. इससे मॉनसून की रफ़्तार धीमी हो गई है. बारिश के बंटवारे का पैटर्न बिगड़ गया है. कुछ इलाकों में बारिश हो रही है, जबकि दूसरे इलाके सूखे हैं. अगर अगले एक-दो महीनों में मॉनसून जोर पकड़ता है, तो हम सुरक्षित रहेंगे.
क्या बढ़ता तापमान बहुत ज़्यादा बारिश की वजह बन रहा है?
जैसे-जैसे हवा का तापमान बढ़ता है, हवा की नमी सोखने की क्षमता भी बढ़ जाती है. क्योंकि बादल अक्सर ज़्यादा दूर तक नहीं जाते, इसलिए किसी एक जगह पर बहुत तेज बारिश होती है. यही वजह है कि बारिश हर जगह एक जैसी नहीं होती.
क्या मौसम का पूर्वानुमान ज़्यादा सटीक हो गया है?
पहले मौसम का अनुमान लगाने के लिए चार्ट और मैन्युअल प्लॉटिंग जैसे पारंपरिक तरीकों का इस्तेमाल किया जाता था. 'मानसून मिशन' के जरिए मौसम का पूर्वानुमान लगाने के तरीके में सुधार हुआ है. इसमें पूर्वानुमान के लिए मॉडल और गणितीय समीकरणों का इस्तेमाल किया जाता है.
हमने सटीकता के स्तर को जिसे 0 से 1 के पैमाने पर मापा जाता है. पहले की 0.2–0.4 की रेंज से बढ़ाकर 0.75 से 0.8 के बीच कर दिया है. अब हम एक हफ़्ते पहले ही मौसम का सटीक पूर्वानुमान लगा सकते हैं और यह जानकारी किसानों और आपदा प्रबंधन अधिकारियों तक पहुँचा सकते हैं. हमने पूर्वानुमान के रिज़ॉल्यूशन को भी 38 किलोमीटर के ग्रिड से बेहतर करके 6 किलोमीटर का ग्रिड कर दिया है.
क्या सुपर कंप्यूटर ने आपदा की चेतावनी को और मजबूत किया है?
हम पहले मौसम की जानकारी एसएमएस से देते थे लेकिन, प्राइवेट ऐप्स के बढ़ने से यह कन्फ्यूजन हो गया है कि कौन सा इस्तेमाल करें. इसे ठीक करने के लिए हम जल्द ही ‘मौसम वाणी’ ऐप लॉन्च कर रहे हैं, जिसे चैटजीपीटी की तरह डिज़ाइन किया गया है. यह सिस्टम बिना स्मार्टफोन के भी काम करता है. किसान टोल-फ्री नंबर पर कॉल करके प्रैक्टिकल सलाह ले सकेंगे, जैसे कि अगर बारिश होने की उम्मीद है तो खाद डालें या खेती का काम टाल दें.
हमारे देश में हर साल 2,000 से ज़्यादा लोग बिजली गिरने से अपनी जान गंवा देते हैं. इसे ठीक करने के लिए, हमने ‘दामिनी’ ऐप बनाया है, जो 23 भाषाओं में उपलब्ध है. यह 20 किलोमीटर के दायरे में 300 मीटर की सटीकता के साथ बिजली गिरने की संभावना का अनुमान लगाता है. ‘मेघदूत’ ऐप के ज़रिए, हम खेती से जुड़ी सलाह देते हैं—जैसे कि कौन सी फसल लगानी है और कब सिंचाई करनी है. साथ ही बाज़ार की कीमतों की जानकारी भी देते हैं. ग्लोबल वार्मिंग की वजह से बादल फट रहे हैं और भारी बारिश हो रही है.
इन घटनाओं का पहले से पता लगाने के लिए बहुत कम समय मिलता है. 'मिशन मौसम' के तहत हम अपने मॉडल्स को और बेहतर बनाने के लिए ऑब्जर्वेशनल डेटा का इस्तेमाल कर रहे हैं. इससे हम आंधी-तूफान, बिजली गिरने और भारी बारिश के बारे में बहुत पहले ही सही चेतावनी जारी कर पाते हैं.
हम आईआईटीएम में 12 पेटाफ्लॉप्स की क्षमता वाले सुपरकंप्यूटर्स का इस्तेमाल कर रहे हैं. इसके अलावा, हमने आईआईटीएम में एआई और मशीन लर्निंग के लिए एक वर्चुअल सेंटर भी बनाया है. इनकी मदद से हम किलोमीटर-लेवल की सटीकता के साथ यह अनुमान लगा पाते हैं कि अचानक बाढ़ (flash floods), जंगल की आग और जलाशय प्रबंधन से जुड़ी समस्याएं कब और कहाँ होगी.

