उत्तराखंड: रुद्रप्रयाग में UAV ड्रोन दुर्घटनाग्रस्त, क्षेत्र में हलचल, कंट्रोल सिस्टम खराब होने की आशंका
रुद्रप्रयाग में ड्रोन दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इससे क्षेत्र में हलचल मच गई. ड्रोन के दुर्घटनाग्रस्त होने की जांच की जा रही है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : June 25, 2026 at 5:19 PM IST
|Updated : June 25, 2026 at 5:32 PM IST
रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग के सारी क्षेत्र अंतर्गत ककोड़ाखाल-बिजराकोट मोटर मार्ग के समीप गुरुवार को एक मानवरहित हवाई वाहन (यूएवी) यानी ड्रोन दुर्घटनाग्रस्त होने से क्षेत्र में हलचल मच गयी. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त यूएवी स्वदेशी 'ड्रोन' बताया जा रहा है. शुरुआती जानकारी में इसे हेलीकॉप्टर दुर्घटना समझा गया, जिसके बाद प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग में अफरा-तफरी मच गई.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गुरुवार दोपहर 2:36 बजे प्रशासन को फोन के जरिए सूचना मिली कि सारी गांव से लगभग 7 से 8 किलोमीटर ऊपर स्थित बिजराकोट क्षेत्र में एक ड्रोन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. सूचना मिलते ही जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग सक्रिय हो गया और घटना की जानकारी जुटाने का कार्य शुरू किया.
ईटीवी भारत से बातचीत में जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि,
सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और मौके की जानकारी जुटाई गई। जांच में सामने आया कि दुर्घटनाग्रस्त वस्तु कोई हेलीकॉप्टर नहीं, बल्कि एक उन्नत ड्रोन है, जिसका उपयोग सेना, वायुसेना और नौसेना द्वारा प्रशिक्षण एवं हथियार प्रणालियों के परीक्षण में लक्ष्य के रूप में किया जाता है.
- नंदन सिंह रजवार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी -
जानकारी के अनुसार, यह ड्रोन स्वदेशी 'ड्रोन' है. यह एक उन्नत मानवरहित हवाई वाहन है, जिसका उपयोग सुरक्षा संबंधी रूपों में होता है.
ड्रोन के क्षतिग्रस्त अवस्था में मिलने की सूचना के बाद स्थानीय लोगों में उत्सुकता का माहौल बना हुआ है. प्रशासन और संबंधित एजेंसियों द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया जा रहा है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
फिलहाल ड्रोन के गिरने के पीछे तकनीकी खराबी, नियंत्रण प्रणाली में गड़बड़ी या अन्य किसी कारण की आशंका जताई जा रही है. संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं. अब सभी की निगाहें उस तकनीकी रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो इस रहस्यमयी हादसे के पीछे की असली वजह उजागर करेगी.
ये भी पढ़ें:

