ओमान के पास वाणिज्यिक पोत पर हमले में चालक दल के 3 भारतीय सदस्य लापता, अमेरिकी राजनयिक तलब
ओमान तट के पास कमर्शियल जहाज 'सेटेबेलो' पर हुए हमले में 21 क्रू मेंबर्स को बचा लिया गया है जबकि 3 लापता हैं.

By PTI
Published : June 10, 2026 at 10:41 PM IST
नई दिल्ली : ओमान के तट पर बुधवार को हमले का शिकार हुए एक वाणिज्यिक जहाज पर मौजूद चालक दल के 24 भारतीय सदस्यों में से तीन लापता हैं. इनमें से 21 भारतीयों को अब तक सुरक्षित बचा लिया गया है. भारत ने इस हमले की कड़ी निंदा की है. जहाज पर हमले के बाद भारत ने दिल्ली में अमेरिका के शीर्ष राजनयिक को तलब किया है.
अपनी प्रतिक्रिया में नई दिल्ली ने कहा कि पश्चिम एशिया में वाणिज्यिक नौवहन और आम लोगों के लिए जरूरी बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए, और अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर बिना किसी रुकावट के आवाजाही जल्द से जल्द बहाल की जानी चाहिए.
वाणिज्यिक पोत ‘सेटेबेलो’ पर यह हमला तब हुआ, जब इसके दो दिन पहले ही पलाओ के झंडे वाले एक जहाज़ पर, जिसमें 24 भारतीय सवार थे, अमेरिकी नौसेना ने हमला किया था. यह जहाज़ ईरानी बंदरगाहों की अमेरिकी नाकेबंदी से बचने की कोशिश कर रहा था.
विदेश मंत्रालय (एमईए) ने कहा, “हम आज ओमान तट के पास वाणिज्यिक पोत ‘सेटेबेलो’ पर हुए हमले की निंदा करते हैं. जहाज पर मौजूद चालक दल के 24 भारतीय सदस्यों में से अब तक 21 भारतीयों को बचा लिया गया है और तीन भारतीयों के लापता होने की खबर है.”
इसमें कहा गया है कि ओमान में भारतीय दूतावास स्थिति पर करीबी नज़र रख रहा है और जारी खोज और बचाव अभियान में स्थानीय अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रहा है. विदेश मंत्रालय ने कहा, “इस इलाके में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं और ये इलाके में चल रहे संघर्ष का सीधा नतीजा हैं.”
इसमें कहा गया, “हम तनाव को तुरंत कम करने और कूटनीतिक समाधान के लिए चल रही बातचीत को पूरा करने की अपनी मांग दोहराते हैं, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता लौट सके.”
बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए- विदेश मंत्रालय
इलाके में कमर्शियल जहाजों और आम बुनियादी ढ़ांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए और अंतरराष्ट्रीय कानूनों के मुताबिक इलाके के अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से जहाजों की आवाजाही और व्यापार को बिना रुकावट के जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।
ये भी पढ़ें- ओमान तट के निकट तेल टैंकर में लगी आग, चालक दल के सभी 24 भारतीय सदस्य सुरक्षित: जहाजरानी मंत्रालय

