ETV Bharat / bharat

बेंगलुरु-मुंबई के बीच नई सुपरफास्ट ट्रेन जल्द, 5 घंटे कम होगा यात्रा का समय

वर्तमान में बेंगलुरु और मुंबई के बीच एकमात्र सीधी ट्रेन उद्यान एक्सप्रेस है. सुपरफास्ट ट्रेन के लॉन्च होने के बाद यात्रियों को नया विकल्प मिलेगा.

India Railways to Launch New Super-fast Train Between Bengaluru and Mumbai to boost connectivity
बेंगलुरु-मुंबई के बीच नई सुपरफास्ट ट्रेन जल्द, 5 घंटे कम होगा यात्रा का समय (File/ ANI)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : October 25, 2025 at 2:43 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बेंगलुरु: भारतीय रेल देश भर में ट्रेनों की गति बढ़ाने पर काम कर रहा है, ताकि यात्रा के समय को कम किया जा सकेगा. इसके लिए वंदे भारत एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जा रही है. इसी कड़ी में, भारत के दो प्रमुख महानगरों मुंबई और बेंगलुरु के बीच की यात्रा के समय को कम करने और किफायती बनाने की तैयारी चल रही है.

रिपोर्ट के मुताबिक, रेलवे बेंगलुरु और मुंबई के बीच नई सुपरफास्ट ट्रेन शुरू करके इन दोनों शहरों के बीच यात्रा को तेज और अधिक आरामदायक बनाने जा रही है, जो दोनों शहरों के बीच सम्पर्क सुधारने की दिशा में बड़ा कदम है. साथ ही यात्रा समय भी कम हो जाएगा.

वर्तमान में बेंगलुरु और मुंबई को जोड़ने वाली एकमात्र सीधी ट्रेन उद्यान एक्सप्रेस है. इस ट्रेन से लगभग 1,136 किलोमीटर की दूरी 23 घंटे 35 मिनट में पूरी होती है. यह मार्ग डोड्डाबल्लापुर, गुंटकल, रायचूर, यादगीर, कलबुर्गी और सोलापुर से होकर गुजरता है, और एक दिशा में 32 और वापसी यात्रा में 31 स्टॉप पड़ते हैं.

रिपोर्ट के मुताबिक, आगामी सुपरफास्ट ट्रेन हुबली शहर से होकर चलेगी और तेज और अधिक कुशल यात्र विकल्प प्रदान करेगी, जिससे यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा. यह रेल सेवा यात्रियों, खासकर व्यापार या पर्यटन के लिए यात्रा करने वालों के लिए आरामदायक, बेहतर कनेक्टिविटी और सुगम अनुभव प्रदान करेगी.

नई सुपरफास्ट ट्रेन का रूट
नई सुपरफास्ट ट्रेन बेंगलुरु के सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल (SMVT) से अपनी यात्रा शुरू करेगी और मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) पर समाप्त होगी. रास्ते में, यह तुमकुरु, दावणगेरे, हावेरी, हुबली-धारवाड़ और बेलगावी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी. यह ट्रेन मध्य कर्नाटक में लगभग 600 किलोमीटर की यात्रा तय करेगी. इस रूट पर कम स्टॉपेज होने के नाते यह तेज यात्रा सुनिश्चित करेगी, क्योंकि रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए स्टॉप की संख्या सीमित करने का निर्णय लिया है. हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि स्टेशनों की अंतिम सूची की जानकारी रेलवे बोर्ड द्वारा आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद ही दी जाएगी.

नई ट्रेन के लिए लंबे समय मांग
नई सुपरफास्ट ट्रेन शुरू करने का निर्णय कर्नाटक और महाराष्ट्र के यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद लिया गया है. केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने बताया कि तुमकुरु, दावणगेरे, हावेरी, हुबली-धारवाड़ और बेलगावी को मुंबई से जोड़ने वाली एक और ट्रेन शुरू करने की लंबे समय से मांग रही है.

माना जा रहा है कि नई ट्रेन से क्षेत्रीय संपर्क और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. साथ ही दक्षिण और पश्चिमी भारत के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूती मिलने की संभावना है. रेलवे ने फिलहाल नई ट्रेन के लॉन्च की तारीख और शेड्यूल की आधिकारिक घोषणा नहीं की है.

यह भी पढ़ें- बेंगलुरु में बनेगा दूसरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, तीन स्थानों को शॉर्टलिस्ट किया गया