इंडिया-AI इम्पैक्ट समिट 2026: दिल्ली में अगले माह एक बार फिर दिखेगा G20 समिट जैसा भव्य नजारा
यह समिट केवल एक सम्मेलन नहीं, बल्कि भारत की तकनीकी शक्ति का प्रदर्शन है.

Published : January 6, 2026 at 2:50 PM IST
नई दिल्ली: दिल्ली में एक बार फिर G-20 जैसा भव्य नजारा दिखने वाला है. यहां अगले महीने होने वाले 'इंडिया-AI इम्पैक्ट समिट 2026' के लिए राष्ट्रीय राजधानी को पूरी तरह सजाया संवारा जाएगा. इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली सरकार ने कमर कस ली है.
केंद्र सरकार से मिले निर्देश के बाद दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव राजीव वर्मा ने लोक निर्माण विभाग, नई दिल्ली नगर पालिका परिषद, दिल्ली नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की. इस दौरान मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस समिट की तैयारियां G20 शिखर सम्मेलन की याद दिला दें और गुणवत्ता के मामले में उससे भी बेहतर हों.

दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव राजीव वर्मा का कहना है "यह समिट केवल एक सम्मेलन नहीं, बल्कि भारत की तकनीकी शक्ति का प्रदर्शन है. हम दिल्ली को इस तरह सजा रहे हैं कि विदेशी मेहमान भारत की मेहमाननवाजी और आधुनिकता की एक अमिट छाप लेकर लौटें."
वर्ष 2023 में दिल्ली में G-20 समिट का आयोजन हुआ था, तब दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार थी. तैयारियों के लिए उपराज्यपाल वीके सक्सेना को स्वयं आगे आना पड़ा था. अबकी बार दिल्ली में बीजेपी की सरकार है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में तैयारियों के लिए अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई है कि सौंदर्यीकरण, बुनियादी ढांचे की मरम्मत और सुरक्षा से जुड़ी सभी तैयारियां 31 जनवरी तक पूरी कर ली जाएं. दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि इसके बाद केवल रखरखाव और अंतिम निरीक्षण का कार्य किया जाएगा.

आयोजन स्थलों को जोड़ने वाली सड़कें, फुटपाथ को नया रूप दिया जाएगा
समिट के दौरान दुनिया भर के 100 से अधिक दिग्गज टेक कंपनियों के सीईओ और लगभग 15 देशों के राष्ट्राध्यक्षों के आने की संभावना है. इसे देखते हुए दिल्ली की सड़कों और प्रमुख स्थलों को नया रूप दिया जाएगा. आइजीआइ एयरपोर्ट से मुख्य आयोजन स्थल और होटलों को जोड़ने वाली 41 से अधिक प्रमुख सड़कों की मरम्मत और डेंटिंग-पेंटिंग का काम होगा. प्रमुख चौराहों पर फूलों के पौधे, कलाकृतियां और सजावटी लाइटिंग लगाई जाएंगी. विशेष रूप से 16 सर्किलों में विशेष लाइटिंग और फ्लोरल बोर्ड लगाए जाएंगे. इन स्थानों की ठीक तरह से साफ सफाई की जिम्मेदारी एमसीडी और एनडीएमसी को दिया गया है. रात के समय सड़कों की मैकेनाइज्ड धुलाई करने को कहा गया है, ताकि धूल कम हो और शहर चमकता रहे.

महत्वपूर्ण तिथियां और प्रमुख स्थल
बता दें कि यह वैश्विक समिट 15 से 20 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी. सम्मेलन का मुख्य केंद्र प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम होगा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे. हालांकि, समिट की गतिविधियां पूरी दिल्ली में फैली होंगी. मुख्य आयोजन भारत मंडपम में होगा. वहीं, द्विपक्षीय बैठकें हैदराबाद हाउस, सुषमा स्वराज भवन में होंगी. बाकी अन्य आयोजन स्थल विज्ञान भवन, अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर और दिल्ली के सभी प्रमुख पांच सितारा होटल होंगे. साथ ही सार्वजनिक गतिविधियां और प्रदर्शनियां कनॉट प्लेस का सेंट्रल पार्क और दिल्ली हाट में होंगी. विदेशी मेहमान राजघाट, कुतुब मीनार, लाल किला, हुमायूं का मकबरा और महरौली आर्किलॉजिकल पार्क का भी दौरा करेंगे.

सुरक्षा और तकनीक का संगम
इस समिट में आने वाले हाई प्रोफाइल मेहमानों की सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन में भी अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा. दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय कर स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस और पैरामेडिकल स्टाफ तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही, प्रत्येक विभाग में एक कंट्रोल रूम बनाया गया है ताकि पल-पल की गतिविधियों की निगरानी की जा सके.
बता दें कि इस AI समिट के माध्यम से भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है. 31 जनवरी तक दिल्ली एक नए और आधुनिक रूप में मेहमानों के स्वागत के लिए सजकर तैयार हो जाएगी. 'इंडिया-AI इम्पैक्ट समिट 2026' में दुनिया के कई शक्तिशाली देशों के राष्ट्राध्यक्ष और सरकार के प्रमुख शामिल होने जा रहे हैं. भारत ने इस समिट के लिए 100 से अधिक देशों को आमंत्रित किया है. जिनमें ब्राजील, फ्रांस, कनाडा, यूनाइटेड किंगडम, इसके अलावा सिंगापुर, जापान, स्विट्जरलैंड, दक्षिण कोरिया और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल और मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है. इसके अलावे संयुक्त राष्ट्र, विश्व बैंक, विश्व स्वास्थ्य संगठन और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी के प्रतिनिधि भी नीति-निर्धारण चर्चाओं का हिस्सा बनेंगे. दुनिया के दिग्गज टेक लीडर्स भी समिट में हिस्सा लेने दिल्ली पहुंचेंगे.
ये भी पढ़ें:

