ETV Bharat / bharat

'मैं राज्यसभा सदस्य बनना चाहता हूं'.. नीतीश कुमार का सोशल मीडिया पोस्ट

बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे की अटकलों पर विराम लग गया हैं, जानिए खुद सीएम ने क्या कहा?.

Nitish Kumar
नीतीश कुमार राज्यसभा जाएंगे (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : March 5, 2026 at 11:20 AM IST

|

Updated : March 5, 2026 at 11:26 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जाएंगे. इस बात का ऐलान खुद सीएम नीतीश कुमार ने किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट की तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है.

नीतीश कुमार ने पोस्ट में लिखा, ''पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है. आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है. इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है.''

मुख्यमंत्री ने लिखा कि, संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं. इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं.

''मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा. जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा.'' - नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री, बिहार

कौन होगा बिहार का अगला सीएम?: नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद बिहार मुख्यमंत्री पद की कुर्सी खाली हो जाएगी. ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि सूबे का नया मुख्यमंत्री कौन बनेगा? बिहार की सत्ता में भाजपा का दबदबा जदयू से अधिक है. इस कारण कयास लगाए जा रहे हैं कि नीतीश कुमार के बाद बिहार की कमान बीजेपी के पास जा सकती है. अगर ऐसा होता है, तो सूबे के इतिहास में ये बड़ा मोड़ होगा, क्योंकि लंबे समय बाद बीजेपी का अपना कोई लीडर सीएम की कुर्सी पर बैठेगा.

क्या निशांत कुमार होंगे डिप्टी सीएम?: नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर जदयू से दो डिप्टी सीएम बनाने की संभावना जतायी जा रही है. इसमें सीएम नीतीश के बेटे निशांत कुमार का नाम प्रमुखता से चर्चा में है. नीतीश कुमार राज्यसभा सदस्य बनने के बाद सभी चार सदनों (विधानसभा, विधान परिषद, लोकसभा और राज्यसभा) के सदस्य बन जाएंगे.

बिहार में सियासी भूचाल: नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबरों के बीच जदयू में भूचाल मचा है. कार्यकर्ता सुबह से नीतीश आवास के बाहर एकजुट होकर इस फैसले पर नाराजगी और गहरा दुख प्रकट कर रहे हैं. वहीं विपक्ष भी निशाना साध रहा है. RJD नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि बिहार की राजनीति में बड़ा उलटफेर अचानक से कल से देखने को मिल रहा है.

"मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इतनी जल्दी चुनाव के बाद बीजेपी हटा देगी, इसका अनुमान किसी को नहीं था लेकिन हमारे नेता तेजस्वी यादव लगातार कह रहे थे कि भाजपा, जदयू को बर्बाद कर देगी और नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री की कुर्सी से बेदखल करेगी."-मृत्युंजय तिवारी, आरजेडी नेता

ये भी पढ़ें : नीतीश कुमार जाएंगे राज्यसभा?, CM आवास के बाहर कार्यकर्ताओं का हंगामा

Last Updated : March 5, 2026 at 11:26 AM IST