हरियाणा में उड़ान भरेगा स्वदेशी तकनीक से तैयार हाइड्रोजन ड्रोन, हिसार के कृषि दर्शन एक्सपो में होगा लॉन्च
हरियाणा में पहली बार स्वदेशी तकनीक से तैयार हाइड्रोजन ड्रोन को लॉन्च किया जाएगा.

Published : February 11, 2026 at 10:25 PM IST
हिसार : हरियाणा में पहली बार स्वदेशी तकनीक से तैयार हाइड्रोजन ड्रोन को लॉन्च किया जाएगा. ये ड्रोन पारंपरिक बैटरी ड्रोन की तुलना में 15-20 मिनट के बजाय लगातार दो घंटे तक उड़ान भरने में सक्षम है. इसे 14 से 16 फरवरी तक होने वाले कृषि दर्शन एक्सपो में लॉन्च किया जाएगा.
हाइड्रोजन ड्रोन होगा लॉन्च : उत्तरी क्षेत्र कृषि मशीनरी प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान (टीटीसी) के निदेशक डॉ. मुकेश जैन ने विशेष बातचीत में बताया कि इस बार कृषि दर्शन एक्सपो किसानों के लिए बेहद खास होगा. एक्सपो में हाइड्रोजन ड्रोन के साथ-साथ बैटरी से चलने वाले ट्रैक्टर और आधुनिक कृषि यंत्र भी प्रदर्शित किए जाएंगे. यहां पर किसान पहली बार कृषि उपकरणों का लाइव डेमो भी देख सकेंगे. हाइड्रोजन ड्रोन पारंपरिक बैटरी ड्रोन की तुलना में 15-20 मिनट के बजाय लगातार दो घंटे तक उड़ान भरने में सक्षम है. हालांकि हाइड्रोजन ड्रोन की कीमत क्या होगी, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है.
लगातार 2 घंटे तक उड़ान भरेगा : हाइड्रोजन ड्रोन की प्रमुख विशेषताओं की बात करें तो पारंपरिक बैटरी ड्रोन की तुलना में ये 2 घंटे तक लगातार उड़ान भर पाएगा. साथ ही कुछ ही मिनटों में हाइड्रोजन रीफ्यूलिंग भी हो जाएगी और काफी देर तक इसे चार्जिंग की भी जरूरत नहीं होगी. वहीं ये 10 किलोग्राम तक वजन उठाने की क्षमता भी रखता है. फ्यूल सेल आधारित तकनीक होने से इससे शून्य कार्बन उत्सर्जन रहेगा और ये पर्यावरण अनुकूल भी होगा. साथ ही ये माइनस 40 से 50 डिग्री सेल्सियस तापमान में काम करने में सक्षम है.

कैंसर जैसी बीमारियों से बचाव : मुकेश जैन ने बताया कि ड्रोन तकनीक से किसान कम समय में अधिक क्षेत्र में कीटनाशक और उर्वरक का समान रूप से छिड़काव कर सकते हैं. इससे पारंपरिक तरीकों की तुलना में 90 प्रतिशत तक पानी की बचत संभव है. साथ ही ड्रोन के इस्तेमाल से किसान रसायनों के सीधे संपर्क में आने से बचेंगे जिससे कैंसर जैसी बीमारियों का खतरा भी काफी हद तक कम होगा.

कृषि दर्शन एक्सपो : अगर हिसार में सिरसा रोड स्थित टीटीसी परिसर में होने वाले कृषि दर्शन एक्सपो की बात करें तो इसमें हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के किसान भाग लेंगे. एक्सपो की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि लेने वाले किसानों को संदेश और फोन के माध्यम से आमंत्रित किया जा रहा है. 15 फरवरी को एक्सपो का मुख्य कार्यक्रम होगा, जिसमें केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी मुख्य अतिथि होंगे, जबकि अध्यक्षता हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा करेंगे. इस बार किसानों और आमजन को दिक्कत ना हो, इसके लिए रजिस्ट्रेशन के लिए पहले ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध करवा दी गई है. कृषि प्रदर्शनी के दौरान परिसर में एम्बुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी. साथ ही तीन दिवसीय प्रदर्शनी में किसानों व आमजन के मनोरंजन के लिए हरियाणा के प्रसिद्ध कलाकार आएंगें और अपनी-अपनी प्रस्तुति देंगे. कृषि दर्शन एक्सपो में करीब 290 कम्पनियां भाग लेंगी.


हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : विदेशी सब्जी उगाकर हुए मालामाल, आज करोड़ों रुपए कमा रहा हरियाणा का लाल
ये भी पढ़ें : मैजिकल मशरूम से हो रही जादुई कमाई !, सड़ी-गली लकड़ी पर उगने वाले "गैनोडर्मा" से किसान की चमकी किस्मत
ये भी पढ़ें : हवा में उगते आलू, बिना मिट्टी के 10 गुना ज्यादा हो रहा प्रोडक्शन, करनाल में आई नई क्रांति

