स्पीड पोस्ट से गांजा भेजता था दूसरे प्रदेश, हैदराबाद नारकोटिक्स की टीम ने फिल्मी अंदाज में गिरिडीह से युवक को किया गिरफ्तार
हैदराबाद नारकोटिक्स विंग की टीम ने गिरिडीह से एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है.

Published : June 27, 2026 at 8:52 PM IST
गिरिडीह: स्पीड पोस्ट और कूरियर से गांजा दूसरे प्रदेश भेजने वाले एक युवक को हैदराबाद नारकोटिक्स विंग की टीम ने झारखंड के गिरिडीह से धर-दबोचा है. पकड़ा गया आरोपी निमियाघाट थाना इलाके के तांबागुड़ियो गांव का रहने वाला सत्यम मिश्रा है. सत्यम को डुमरी से गिरफ्तार किया गया है.
घेराबंदी कर हुई गिरफ्तारी
बताया जाता हैं कि सत्यम मिश्रा शनिवार दोपहर अपनी एक कार का टायर बदलवाने के लिए बेरमो मोड़ के समीप पहुंचा था. इसी दौरान सबसे पहले नारकोटिक्स विभाग की टीम के सदस्य दो स्कूटी से वहां पहुंचे. कुछ ही देर बाद एक सफेद रंग की इनोवा कार भी मौके पर आकर रूकी. इसके बाद टीम के सभी सदस्यों ने बेहद नाटकीय अंदाज में सत्यम को घेरकर दबोच लिया और अपने साथ लेकर चले गए.
अपहरण की अफवाह से परेशान रही पुलिस
युवक को गिरफ्तार करने आयी नरकोटिक्स टीम सादे लिबास में थी. ऐसे में जब आरोपी को पकड़ कर वाहन में बैठाया गया तो वहां मौजूद लोगों को लगा कि सत्यम का अपहरण कर लिया गया है. डुमरी पुलिस को इसकी सूचना दी गई. चूंकि हैदराबाद नरकोटिक्स की टीम ने इस गिरफ्तारी की सूचना स्थानीय पुलिस को नहीं दी थी, ऐसे में स्थानीय पुलिस भी सक्रिय हुई.
सत्यम को लेकर हैदराबाद नारकोटिक्स विंग की टीम धनबाद की तरफ निकली थी तभी एसडीपीओ डुमरी आबिद खान ने धनबाद के तोपचांची थाना को सूचित किया. ऐसे में इनोवा के साथ जा रही नारकोटिक्स टीम को तोपचांची पुलिस ने रोका. तब तक निमियाघाट पुलिस भी पहुंच गई. यहां आने पर पता चला कि युवक का अपहरण नहीं हुआ है बल्कि हैदराबाद नारकोटिक्स ने गिरफ्तार किया है.
ट्रांजिट रिमांड पर ले जाने की तैयारी
अब आरोपी युवक को वापस निमियाघाट थाना लाया गया. यहां गिरिडीह पुलिस ने साफ कहा कि ट्रांजिट रिमांड पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर ले जाया जा सकता है. ऐसे में अब हैदराबाद नारकोटिक्स की टीम सत्यम के ट्रांजिट रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है.
दवा का लेबल लगा भेजता था गांजा
प्रारम्भिक तौर पर यह बात समाने आयी है कि जिस सत्यम को हैदराबाद नारकोटिक्स की टीम ने गिरफ्तार किया है वह देश के अलग-अलग हिस्सों तक गांजा सप्लाई करने का काम करता था. स्थानीय पुलिस भी कहती है कि गांजा बॉक्स में भरने के बाद उस पर दवा का लेबल चिपकाया जाता था. उसके बाद उसे अलग-अलग पोस्ट ऑफिस से संबंधित स्थान के लिए पोस्ट किया जाता था.
"हैदराबाद नारकोटिक्स की टीम द्वारा ताम्बागुडियो के युवक सत्यम मिश्रा को गिरफ्तार किया गया है. युवक पर पोस्ट के द्वारा तेलंगाना समेत अलग-अलग स्थानों पर गांजा सप्लाई करने का आरोप है. आगे जांच चल रही है." - आबिद खान, एसडीपीओ
यह भी पढ़ें:
जहां दशकों से शराब चुलाई का चल रहा है धंधा, उसी इलाके में डीसी-एसपी ने लगाई नशा के खिलाफ चौपाल
नशा मुक्त झारखंड राज्यव्यापी जागरुकता अभियान की शुुरुआत, सीएम ने प्रचार वाहनों को किया रवाना
देवघर में ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार, बिहार से झारखंड आता था नशे का कारोबार करने

