ETV Bharat / bharat

ग्रेटर नोएडा में 50 लाख के लिए विवाहिता की हत्या! दहेज मांगने के आरोप में पति और ससुर गिरफ्तार

ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के जलपुरा गांव में 14 महीने पहले शादी का हुआ दुखद अंत, 24 वर्षीय दीपिका नागर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

पति और ससुर गिरफ्तार
पति और ससुर गिरफ्तार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : May 18, 2026 at 12:56 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली/नोएडा: ग्रेटर नोएडा से सोमवार को एक ऐसी दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां शादी के महज 14 महीने बाद ही, एक और हंसती-खेलती बेटी दहेज के लालच की भेंट चढ़ गई. मामला ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के जलपुरा गांव का है, जहां 24 वर्षीय विवाहिता दीपिका नागर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. मायके वालों का आरोप है कि दीपिका की बेरहमी से हत्या की गई है, जबकि पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है

ससुराल से फॉर्च्यूनर और 50 लाख की थी मांग: बता दें कि गांव कूड़ी खेड़ा के रहने वाले संजय नागर ने अपनी बेटी दीपिका की शादी करीब 14 महीने पहले जलपुरा गांव के ऋतिक के साथ बड़े ही धूमधाम से की थी. दीपिका के परिजनों का कहना है कि शादी में करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन, ससुराल पक्ष लगातार दीपिका पर मायके से फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख रुपये नकद लाने का दबाव बना रहे थे. इसके लिए दीपिका को मानसिक और शारीरिक रूप से लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था.

दहेज के दानवों ने ली दीपिका की जान,फॉर्च्यूनर और 50 लाख की कर रहे थे मांग (ETV Bharat)

दीपिका के परिजनों का ससुराल पर हत्या का आरोप: मृतका की मां का कहना है कि दीपिका फोन पर कई बार अपनी प्रताड़ना का जिक्र कर चुकी थी, लेकिन समाज और लोक-लाज के डर से वह सब कुछ सहती रही. रविवार देर रात को यह प्रताड़ना अपने खौफनाक अंजाम तक पहुंच गई. परिजनों का आरोप है कि दीपिका की हत्या करने के बाद ससुराल वाले उसे लहूलुहान हालत में अस्पताल छोड़कर फरार हो गए. जब मायके वाले अस्पताल पहुंचे, तो दीपिका मृत अवस्था में मिली और उसके शरीर पर चोटों के कई गंभीर निशान थे. इसी वजह से परिवार इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि सीधे तौर पर सोची-समझी हत्या करार दे रहा है.

कॉल डिटेल्स और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच
कॉल डिटेल्स और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच (ETV Bharat)

डीसीपी सेन्ट्रल नोएडा ने दी मामले की जानकारी : वहीं इस पूरे मामले पर डीसीपी सेन्ट्रल नोएडा शैलेन्द्र सिंह का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला दहेज उत्पीड़न से तंग आकर छत से कूदकर आत्महत्या का लग रहा है. हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतका के पिता की तहरीर पर दहेज हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति ऋतिक और ससुर मनोज प्रधान को गिरफ्तार कर लिया है.

कॉल डिटेल्स और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच: पुलिस अब मृतका के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल्स और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कड़ियों को जोड़ रही है. लेकिन सवाल वही है कि आखिर कब तक बेटियां इस तरह दहेज के दानवों की वेदी पर चढ़ती रहेंगी?

ये भी पढ़ें :

IAS ऑफिसर की बेटी ने सुसाइड किया, पति पर दहेज उत्पीड़न का केस

हर दिन मरती हैं 17 बेटियां! NCRB के ये आंकड़े बता रहे हैं 'दहेज प्रथा' का असली सच