ETV Bharat / bharat

हिमाचल में मानव तस्करी का भंडाफोड़, झारखंड से लाए गए बच्चों से कराया जा रहा था बाल मजदूरी, दो आरोपी गिरफ्तार

हमीरपुर पुलिस ने मानव तस्करी मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

हिमाचल में मानव तस्करी का भंडाफोड़
हिमाचल में मानव तस्करी का भंडाफोड़ (IANS)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 12, 2026 at 6:06 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला में मानव तस्करी का मामला सामने आया है. जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मामले की गहनता से जांच पड़ताल शुरू कर दी है.

पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ठाकुर ने बताया, 'बाल श्रम और मानव तस्करी के मामले में जांच की जा रही है. महिला से पूछताछ की जा रही है. कितने व्यक्ति इस मामले में जुड़े हैं, हर पहलू पर जांच की जा रही है. मामले में दो आरोपियों को 16 फरवरी तक पुलिस रिमांड में भेजा गया है. मामले में दिल्ली से भी कनेक्शन होने की संभावना लग रही है. इसलिए पुलिस हर पहलू की गहनता से पड़ताल कर रही है'.

हमीरपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हमीरपुर शहर में झारखंड से लाए हुए दो नाबालिग बच्चों से मजदूरी का काम करवाया जा रहा था, जिसकी शिकायत चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के पास की गई थी और इसी के चलते आप पुलिस ने भी कार्रवाई की है. बताया जा रहा है कि इस सारे गिरोह का मास्टरमाइंड दिल्ली में है और वहीं से यह सारा मानव तस्करी का धंधा किया जा रहा है. पुलिस ने दोनों आरोपी को हमीरपुर के अदालत में पेश किया, जहां से 16 फरवरी तक दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है.

हिमाचल में मानव तस्करी का भंडाफोड़ (ETV Bharat)

मामले में महिला पुलिस थाना के तहत मानव तस्करी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. आशंका जताई जा रही है कि दो नाबालिग बच्चों को झारखंड से बाल मजदूरी के इरादे से लाया गया था. दोनों ही बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है. मामले में एक महिला को भी गिरफ्तार किया गया है. आरोपी महिला की पहचान दुलारी देवी के रूप में हुई है, जो झारखंड की रहने वाली है.

चाइल्ड वेलफेयर कमेटी को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर से मामले की शिकायत मिली थी. मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक नाबालिग बच्चे को कुल्लू व दूसरे को हमीरपुर से सुरक्षित रेस्क्यू किया. पुलिस के अनुसार दुलारी देवी झारखंड से पांच नाबालिग बच्चों को हिमाचल के एक व्यक्ति के कहने पर लाई थी. इस मामले में पुलिस की ओर से पैसों के लेनदेन की भी जांच की जा रही है.

डिस्ट्रिक्ट चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के अध्यक्ष मनीष राणा ने बताया, 'दुलारी देवी झारखंड से बच्चों को लेकर आई थी और यहां पर बच्चों से मजदूरी करवाया जा रहा था. मामले में पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई गई, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो और लोगों को गिरफ्तार किया है. दोनों नाबालिग बच्चों को झारखंड में अपने परिवार से मिलाया जा रहा है. इस बाबत विभाग द्वारा पूरी कार्रवाई की जा रही है'.

ये भी पढ़ें: राज्य गरीब, जन सेवक अमीर, हिमाचल पर 1 लाख करोड़ का कर्ज, आर्थिक संकट को लेकर सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस