बड़ा हादसा : बालोतरा में स्लीपर बस आगे चल रही ट्रेलर से भिड़ी, 6 की मौत और 9 घायल, CM समेत इन नेताओं ने जताया दुख
घटना की पुष्टि करते हुए बालोतरा पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया है. सीएम भजनलाल और गहलोत ने जताई संवेदनाएं...

Published : February 27, 2026 at 6:34 PM IST
|Updated : February 27, 2026 at 8:47 PM IST
बालोतरा/जोधपुर: राजस्थान के बालोतरा जिले में शुक्रवार शाम को भीषण सड़क हादसा सामने आया. एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रेलर से भीड़ गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का एक तरफ का हिस्सा पूरी तरह से आगे से क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में 6 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं. इसकी पुष्टि बालोतरा पुलिस ने की है. हादसे के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
घटना की पुष्टि करते हुए बालोतरा एसपी रमेश कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को बालोतरा के नाहटा अस्पताल में भर्ती करवाया. हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे है.
शव मोर्चरी में रखवाएः बालोतरा पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हादसे की सूचना पर पचपदरा, बालोतरा, कल्याणपुर व मंडली थानों की पुलिस सहित उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे. घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जिनमें से 4 को जोधपुर रैफर किया गया. 2 बच्चों व एक महिला सहित 6 लोगों की मौत हुई है. शवों को नाहटा अस्पताल बालोतरा की मोर्चरी में रखवाया गया है.
पढे़ं : बड़ा हादसा : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टकराकर उड़े कार के परखच्चे, UP के 4 युवकों की मौत
हादसे में 9 लोग घायलः बालोतरा अस्पताल के पीएमओ संदीप देवात के मुताबिक हादसे में 9 लोग घायल हुए हैं. इनमें से 4 लोगों को गंभीर हालत में जोधपुर रेफर कर दिया है. वहीं, 5 का कल्याणपुर सीएचसी में इलाज चल रहा है. इधर, नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने इस हादसे को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करके संवेदना व्यक्त की है.
बालोतरा के सरवड़ी में नेशनल हाईवे पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुखद है।
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) February 27, 2026
स्थानीय प्रशासन को बचाव कार्य एवं घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।
मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें और घायलों को शीघ्र…
भजनलाल-गहलोत ने जताया दुख : सीएम भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दुख जताते हुए लिखा बालोतरा के सरवड़ी में नेशनल हाईवे पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुखद है. स्थानीय प्रशासन को बचाव कार्य एवं घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं. मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. ईश्वर दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दें.
बालोतरा में हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु होने का समाचार बेहद दुखद है। इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतजन की आत्मा को शांति एवं परिजनों को संबल एवं धैर्य प्रदान करें।
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) February 27, 2026
ॐ शांति।…
वहीं, पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने बालोतरा हादसे पर दुख जताते हुए कहा- बालोतरा में हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु होने का समाचार बेहद दुखद है. इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतजन की आत्मा को शांति एवं परिजनों को संबल एवं धैर्य प्रदान करें. ॐ शांति.
बेनीवाल और हरीश चौधरी ने जताया दुख : आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने इस घटना पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- बालोतरा जिले में कल्याणपुर के निकट एक निजी बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से कुछ यात्रियों की मृत्यु हो जाने व कई यात्रियों के घायल हो जाने के दुःखद समाचार प्राप्त हुए. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत जनों की आत्मा को शांति प्रदान करें व घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दें.
बालोतरा जिले में कल्याणपुर के निकट एक निजी बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से कुछ यात्रियों की मृत्यु हो जाने व कई यात्रियों के घायल हो जाने के दुःखद समाचार प्राप्त हुए,ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत जनों की आत्मा को शांति प्रदान करें व घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ…
— HANUMAN BENIWAL (@hanumanbeniwal) February 27, 2026
वहीं, बायतु विधायक हरीश चौधरी ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि बालोतरा-जोधपुर नेशनल हाईवे पर सरवड़ी गांव के पास बस व ट्रेलर की भिड़ंत से हुए भीषण सड़क हादसे का समाचार अत्यंत दुःखद है. दुर्घटना में जनहानि के समाचार ह्रदय विदारक है. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करे. घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं.
कैसे और क्या हुआ ? : जोधपुर से सांचौर के लिए रवाना हुई निजी बस बालोतरा जिले के कल्याणपुर में दुर्घटनाग्रस्त हो गई. घायलों को जोधपुर के एमडीएम अस्पताल भेजा गया है. यहां आए घायल ने बताया कि वह अपनी पत्नी-बच्चों के साथ होली की छुट्टियों पर घर जा रहा था, लेकिन इस दुर्घटना में उसके दो बेटों की मौत् हो गई, जबकि गंभीर घायल पत्नी का पैर काटना पड़ा है. एसीपी छवि शर्मा ने बताया कि बालोतरा जिले में सड़क दुर्घटना हुई है. यहां अभी आठ घायल पहुंचे हैं. बालोतरा से मिली जानकारी के अनुसार कल्याणपुर के आगे सरवडी गांव के पास ओवरटेक करने के चक्कर में यह हादसा हुआ था, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई. स्थानीय लोग मदद को आगे आए. लोगों ने बस के स्लीपर सीटें, टूटे हुए कांच में से लोगों को बाहर निकाला. दोनों वाहन तेजी से चल रहे थे. इस दौरान ओवरटेक के दौरान बस ड्राइवर के साइड का हिस्सा ट्रेलर की चपेट में आ गया. मृतकों में पांच की शिनाख्त हो गई है.
बालोतरा-जोधपुर नेशनल हाईवे पर सरवड़ी गांव के पास बस व ट्रेलर की भिड़ंत से हुए भीषण सड़क हादसे का समाचार अत्यंत दुःखद है। दुर्घटना में जनहानि के समाचार ह्रदय विदारक है।
— Harish Chaudhary (@Barmer_Harish) February 27, 2026
ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करे।
घायलों के शीघ्र…
पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया बस ड्राइवर के साइड का हिस्सा : बस के चालक की तरफ का हिस्सा इस कदर ट्रेलर की चपेट में आया कि वहां नीचे व उपर बेठे यात्री चपेट में आ गए. इस घटना के एक वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि किस तरह से मारे गए यात्री वहां फंसे हुए हैं. कांच पर खून ही खून फैल गया. स्थानीय लोगों ने तुंरत मौके पर पहुंच कर घायलों को निकाला. बाद में बालोतरा से पुलिस मौके पर पहुंची.
पढ़ें : कोटा-दौसा मेगा हाइवे पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को रौंदा, गुस्साए लोगों ने लगाया जाम
इमरजेंसी गेट से निकाला लोगों को : सांचौर के रहने वाले रमेश विश्नोई ने बताया कि जब हम गाड़ी में बैठै तो ड्राइवर बहुत तेज चला रहा था. मैंने कहा कि भाई थोड़ा धीरे चलाओ. इसके बाद मैं और मेरा भाई सबसे पीछे की सीट जहां पर इमरजेंसी गेट था, वहां जाकर बैठ गए. अचानक जब ट्रेलर से बस टकराई तो एक तरफ का पूरा कांच टूट कर अंदर आ गया. मैंने इमजरेंसी गेट खोला औप वहां से लोगों को निकाला. कुछ शव भी निकाले. रमेश ने बताया कि उसके भाई का भी हाथ टूट गया है.
परिवार सहित जा रहा था घर : पोकरण सरकारी अस्पताल में कार्यरत नर्सिंगकर्मी धारू राम अपने परिवार के साथ जालोर के बागोड़ा अपने घर जाने के लिए जोधपुर से सांचौर जाने वाली बस में सवार हुए थे. उन्होंने बताया कि कल्याणपुर के आगे निकलते ही किसी ट्रक की चपेट में बस आ गई थी. हमें तो अंदर पता ही नहीं चला. मेरे दो बच्चे मौके पर ही खत्म हो गए. जबकि पत्नी का पैर काटना पड़ा है.
पढे़ं : Jaisalmer Bus Fire : FSL रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, इस वजह से लगी थी AC बस में आग
जैसलमेर हादसे के बाद लगे इमरजेंसी गेट : निजी स्लीपर व एसी बसों में इमरजेंसी गेट की पालना पहले नहीं होती थी. गत दिवाली से पहले हुए जैसलमेर में बस अग्निकांड हादसे में हुई लोगों की मौत के बाद सरकार ने सख्ती दिखाई तो बस संचालकों ने इमरजेंसी गेट बनाए. आज वही इमरजेंसी गेट लोगों के काम आया.
मृतकों की पहचान :
- नगाराम पुत्र पाना देवासी निवासी सायला.
- अनुषा पुत्री भगवानराम निवासी सांचौर.
- नरपत निवासी चितलवाना.
- युवराज पुत्र धारू राम, उम्र 5 साल जाति मेघवाल गांव राउता बागोड़ा.
- शिवराज पुत्र धारू राम, उम्र 15 माह जाति मेघवाल गांव राउता बागोड़ा.
- शिनाख्त नहीं.
घायलों की पहचान :
- मेहबूब पुत्र अजीज खा निवासी चारलाई फलोदी.
- बीबा पत्नी धारू राम जाति मेघवाल गांव राउता बागोड़ा.
- शकील पुत्र अलाबक्श.
- धारू राम पुत्र बगताराम जाति मेघवाल गांव राउता बागोड़ा.
- जेताराम पुत्र मगाराम जाति भील गांव मोरसिंग बागोड़ा.
- जितेन्द्र पुत्र जगदीश जाति सुथार निवासी बावरला सांचौर.
- कृष्ण कुमार पुत्र सदाराम जाति विश्नोई निवासी मेघावा चितलवाना

