राजगढ़ के ब्यावरा में भीषण हादसा, ब्रिज वॉल से टकराई तेज रफ्तार बस, बेंगलुरु के SI समेत 4 की मौत
ब्यावरा ब्रिज पर टक्कर के बाद ब्रिज से नीचे गिरे कई यात्री, क्षत-विक्षत हालत में शव, एसपी बोले- ओवर स्पीडिंग का लग रहा मामला.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 28, 2026 at 12:10 PM IST
|Updated : August 28, 2026 at 12:31 PM IST
राजगढ़ : मध्य प्रदेश के राजगढ़ में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी है. यहां के ब्यावरा में भोपाल बायपास ब्रिज पर शुक्रवार को एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर ब्रिज की दीवार से टकरा गई. हादसा इतना भीषण था कि ऊपर की सीटों पर सो रहे यात्री खिड़कियों से ब्रिज के नीचे जा गिरे, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में कर्नाटक के एस सब इंस्पेक्टर की भी जान चली गई.
इंदौर की ओर जा रही थी बस
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बस कानपुर से इंदौर आ रही थी. तभी ब्यापरा के पास ब्रिज के कर्व पर बस अनियंत्रित हो गई, जिससे भीषण हादसा हुआ. इस भीषण टक्कर के बाद भयानक मंजर सामने आया, बस से गिरे कई यात्रियों के शव ब्रिज के नीच क्षत-विक्षत हालत में पड़े रहे. वहीं, हादसे में 11 लोग घायल हुए हैं.
4 की मौत, 11 घायल व 4 गंभीर
11 घायलों को ब्यावरा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से 4 की हालत गंभीर बनी हुई है. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाकी यात्रियों को बाहर निकाला गया. कई गंभीर रूप से घायलों को भोपाल रेफर किया गया है,

आरोपी को पकड़ने आए थे कर्नाटक के एसआई
राजगढ़ एसपी अमित तोलानी ने कहा, '' प्रथम दृष्टया ये घटना ओवर स्पीड की वजह से हुई, ऐसा प्रतीत हो रहा है. जिस जगह पर बस ब्रिज की दीवार से टकराई वहां, एक कर्व भी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. हादसे में बेंगलुरु की सायबर सेल में पदस्थ सब इंस्पेक्टर रवि केबी पिता बसप्पा की भी मौत हुई है. वे एक आरोपी को पकड़ने के लिए आ रहे थे. उनकी टीम के विश्वनाथ पिता मोहन और रमेश पिता पंडप्पा भी घायल हैं.
यह भी पढ़ें- मातम में बदली रक्षाबंधन की खुशियां, रीवा में बाइक-स्कूटी की सीधी भिड़ंत, नाना और 2 नातिन समेत 4 की मौत
घटना के बाद मंत्री नारायण सिंह पंवार भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने कहा, '' ब्रिज में जो कर्व की बात सामने आ रही है, उसकी जांच कराएंगे और ब्रेकर के लिए बात करेंगे. दुखद हादसे में जिनकी मौत हुई है उनके परिवारों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं. मामले की जांच कराई जाएगी.''

