अमित शाह का आज से बिहार दौरा, भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा की करेंगे समीक्षा
गृह मंत्री अमित शाह बिहार दौरे पर आ रहे हैं. उनका आगमन ऐसे दौर में हो रहा है जब पड़ोसी मुल्कों में हलचल है-

Published : February 25, 2026 at 7:47 AM IST
पटना : बिहार में होली का उत्सव करीब है, लेकिन उससे पहले देश के गृह मंत्री अमित शाह बिहार दौरे पर आ रहे हैं. गृह मंत्री सीमांचल जाएंगे जहां वाइब्रेंट विलेज का दौरा करेंगे इसके साथ ही चिकन नेक और सिलिगुड़ी कॉरिडोर को लेकर अधिकारियों के साथ मल्टी लेवल बैठक भी होने वाली है.
सिलिगुड़ी कॉरिडोर पर सरकार की नजर : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिनों के बिहार दौरे पर आ रहे हैं. गृह मंत्री अमित शाह भारत नेपाल बॉर्डर पर वाइब्रेंट विलेज का दौरा भी करने वाले हैं. सीमांचल दौरे का मुख्य फोकस राज्य में हो रहा जनसांख्यिकीय बदलाव भी रहने वाला है. नेपाल सीमा से सटा इलाका सीमांचल है, और इसके पास 'चिकन नेक' (सिलीगुड़ी कॉरिडोर) है, जिसे लेकर सरकार की चिन्ता है. सिलीगुड़ी कॉरिडोर की सुरक्षा गृह विभाग के प्राथमिकताओं में शामिल है.
माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री @AmitShah जी का बिहार की पावन धरती पर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) February 25, 2026
आपका आगमन प्रदेश के विकास, सुरक्षा और सहकारिता के क्षेत्र में नई ऊर्जा एवं दिशा प्रदान करेगा। #AmitShah #WelcomeToBihar #Bihar #सहकार_से_समृद्धि pic.twitter.com/OVmXDP6SLD
नेपाल की सीमा से आतंकी होते हैं दाखिल : नेपाल के साथ बिहार 730 किलोमीटर से अधिक लंबी खुली सीमा साझा करता है. ऐसे में सीमा सुरक्षा, घुसपैठ और तस्करी जैसे मुद्दों पर विस्तृत समीक्षा बैठक होने की संभावना है. नेपाल सीमा खुले होने का लाभ आतंकी उठा ले जाते हैं और नेपाल के रास्ते भारत में एंट्री कर जाते हैं. प्लेन हाईजैक मामले में भी आतंकी नेपाल की सीमा से भारत के अंदर दाखिल हुए थे.
देश की सुरक्षा पर स्ट्रेटजी बनाएंगे अमित शाह : नेपाल के जरिए आतंकी देश के अंदर दाखिल हो जाते हैं, प्लेन हाईजैक के समय ऐसा ही हुआ था. सीमा को सुरक्षित करना बेहद जरूरी है. गृह मंत्री मल्टीलेवल सिक्योरिटी कोऑर्डिनेशन बैठक भी करेंगे. हमारे पड़ोसी देश चिकन नेक की ओर भी बुरी नजर डालते हैं और उसे लेकर भी गृह मंत्री रणनीति बनाएंगे. अंतर्राष्ट्रीय सीमा के जरिए अवैध रूप से नशे का कारोबार होता है, कैसे तस्करी रुके इसे लेकर भी अधिकारियों के साथ गृह मंत्री बैठक कर सकते हैं.

''गृहमंत्री अमित शाह का बिहार दौरा वैसे समय में हो रहा है, जब सीमा पर अतिरिक्त चौकसी बरतने की जरूरत है. हमारे पड़ोसी देश बांग्लादेश और नेपाल में अस्थिरता है. सिलीगुड़ी कॉरिडोरिया को लेकर भी गृह मंत्री कुछ एक्शन प्लान तैयार करेंगे. इसके साथ ही सीमांचल के इलाके में डेमोग्राफिक चेंज प्रकार की प्राथमिकता में शामिल है. संभव है कि इस पर भी गृह मंत्री अधिकारियों को निर्देशित करेंगे.''- प्रवीण कुमार, ब्रिगेडियर (रिटा.)
घुसपैठ को लेकर भी होगा मंथन : अररिया स्थित इंडो-नेपाल सीमा पर तैनात SSB की 52वीं बटालियन के कैंप में अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे. बैठक में घुसपैठ के मुद्दे पर भी विस्तृत चर्चा होने की संभावना है. सरकार का ध्यान सीमांचल को ‘घुसपैठिया मुक्त’ बनाने पर भी है. सीमांचल के इलाके में बड़ी संख्या में बांग्लादेशी घुसपैठिए जगह बना चुके हैं और कैसे घुसपैठिए से निपटा जाए इसे लेकर भी विमर्श होगा. आपको बता दें कि बांग्लादेशी घुसपैठ के चलते सीमांचल की डेमोग्राफी बदल रही है और अल्पसंख्यक आबादी बहुत तेजी से बढ़ रही है.
अमित शाह का बिहार में कार्यक्रम : गृह मंत्री अमित शाह 25 फरवरी यानी आज शाम 4:00 बजे पूर्णिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे. वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए किशनगंज के लिए रवाना होंगे. शाम 5:00 बजे से लेकर शाम 7:00 बजे तक किशनगंज समाहरणालय में गृह मंत्री की समीक्षा बैठक होगी. गृह मंत्री अमित शाह किशनगंज में रात्रि विश्राम करेंगे और 26 फरवरी को सुबह अररिया के लिए प्रस्थान करेंगे.
यहां भी रहेंगे गृह मंत्री अमित शाह : सुबह 11:00 बजे-सीमा चौकी लेट्टी में कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. गृह मंत्री अमित शाह अररिया समाहरणालय-सीमावर्ती जिलों के पुलिस अधीक्षकों व अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे. भारत-नेपाल सीमा से जुड़े मुद्दों पर समीक्षा बैठक के बाद वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2 में हिस्सा लेंगे. गृह मंत्री अमित शाह पूर्णिया में रात्रि विश्राम करेंगे. 27 फरवरी को अमित शाह पूर्णिया में सीमावर्ती जिलों से जुड़े मामलों पर अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक करेंगे और फिर समीक्षा बैठक के बाद दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे.

''हमारे देश के यशस्वी गृह मंत्री अमित शाह बिहार दौरे पर आ रहे हैं और वह सीमांचल पहुंच रहे हैं. पार्टी कार्यकर्ता उनके आगमन को लेकर उत्साहित हैं. गृह मंत्री अमित शाह सीमा को सुरक्षित करने के लिए आ रहे हैं. हम लोग उनके स्वागत के लिए तैयार हैं.''- नीरज बबलू, बीजेपी विधायक
ये भी पढ़ें- 'आग लगाने आ रहे'.. 'राजनीतिक खेल मत खेलियेगा' अमित शाह के सीमांचल दौरे से पहले विपक्ष का चौतरफा हमला

