ETV Bharat / bharat

हिमाचल vs दिल्ली पुलिस: आधी रात तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा, सुबह आरोपियों को लेकर दिल्ली रवाना हुई टीम, अंबाला में फिर हुआ मेडिकल

इस पूरे मामले पर दिल्ली पुलिस आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी.

himachal vs delhi police high voltage drama
हिमाचल और दिल्ली पुलिस आमने-सामने (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 26, 2026 at 7:59 AM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बुधवार को उस समय माहौल गरमा गया जब दिल्ली पुलिस रोहड़ू से गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों (युवा कांग्रेस कार्यकर्ता) को अपने साथ लेकर जा रही थी और रास्ते में हिमाचल पुलिस ने उन्हें रोक लिया. इसके बाद मामला इतना बढ़ा कि दोनों राज्यों की पुलिस आमने-सामने आ गई. मामला AI इंपैक्ट सम्मिट के दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन से जुड़ा है. देर रात मजिस्ट्रेट के सामने पेशी और ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद ही स्थिति साफ हो सकी. आज सुबह करीब 6:30 बजे दिल्ली पुलिस तीनों आरोपियों को लेकर शिमला से रवाना हुई.

हिमाचल और दिल्ली पुलिस आमने-सामने (ETV BHARAT)

कहां से शुरू हुआ विवाद?

जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस की टीम ने बुधवार सुबह शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया. इनमें 28 वर्षीय सौरभ सिंह (अमेठी, उत्तर प्रदेश), 33 वर्षीय सिद्धार्थ अवदूत (तिलक नगर, मध्य प्रदेश) और 24 वर्षीय अरबास खान (सुल्तानपुर, उत्तर प्रदेश) शामिल हैं. गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस इन तीनों को अपने साथ दिल्ली ले जा रही थी. इसी दौरान हिमाचल पुलिस ने शिमला और सोलन के धर्मपुर में दिल्ली पुलिस की टीम को रोक लिया. यहीं से दोनों राज्यों की पुलिस के बीच तनाव शुरू हो गया.

himachal vs delhi police high voltage drama
मामले पर हिमाचल पुलिस का आधिकारिक बयान (HIMACHAL POLICE)

जिला अदालत पहुंचा मामला

हिमाचल पुलिस तीनों आरोपियों और दिल्ली पुलिस की टीम को लेकर शिमला जिला अदालत पहुंची. एडिशनल चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (ACJM-II) की अदालत में SHO बालूगंज जसवंत सिंह की ओर से एक आवेदन दिया गया. अदालत में दोनों पक्षों ने अपने-अपने तर्क रखे. देर शाम तक दोनों राज्यों की पुलिस और आरोपी अदालत परिसर में मौजूद रहे.

himachal vs delhi police high voltage drama
शिमला में आधी रात तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा (ETV BHARAT)

कोर्ट से निकलने के बाद फिर बढ़ा विवाद

देर शाम दिल्ली पुलिस आरोपियों को लेकर रवाना हुई, लेकिन शिमला की सीमा पार करते ही शोघी बैरियर पर हिमाचल पुलिस ने एक बार फिर रोक लिया. यहां दोनों राज्यों के अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई. इस दौरान डीवीआर को लेकर भी विवाद हुआ. हिमाचल पुलिस ने वाहन की जांच की बात कही, जबकि दिल्ली पुलिस ने कहा कि गाड़ी में केस प्रॉपर्टी है और वे चाबी नहीं दे सकते. स्थिति देर रात तक तनावपूर्ण बनी रही.

दिल्ली पुलिस पर FIR

इसी बीच हिमाचल पुलिस की ओर से दिल्ली पुलिस के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. इसके बाद दिल्ली पुलिस आरोपियों को लेकर दोबारा शिमला लौटी. तीनों आरोपियों को दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल, शिमला लाया गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया.

himachal vs delhi police high voltage drama
शोघी बैरियर पर काफी तनावपूर्ण हो गया था माहौल (ETV BHARAT)

रात में मजिस्ट्रेट के सामने पेशी

मेडिकल के बाद तीनों आरोपियों को अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (ACJM-II) एकांश कपिल के आवास न्यायालय में पेश किया गया. रात करीब 1 बजे सुनवाई हुई और दिल्ली पुलिस की ट्रांजिट रिमांड याचिका स्वीकार कर ली गई. अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद भी शोघी बैरियर पर कुछ समय स्थिति उलझी रही.

himachal vs delhi police high voltage drama
दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में हुआ आरोपियों का मेडिकल (ETV BHARAT)

सुबह 6:30 बजे दिल्ली पुलिस रवाना

रात भर चली तनातनी के बाद गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे दिल्ली पुलिस तीनों आरोपियों, जब्त थार वाहन और डीवीआर के साथ शिमला से दिल्ली के लिए रवाना हुई. अब दिल्ली पुलिस आरोपियों को स्थानीय मजिस्ट्रेट के सामने पेश करेगी. दिल्ली पुलिस के अधिवक्ता नंद लाल ने पुष्टि की कि ट्रांजिट रिमांड मिल चुकी है और आगे की कानूनी कार्रवाई दिल्ली में की जाएगी. इस पूरे मामले पर दिल्ली पुलिस आज मीडिया को विस्तृत जानकारी देगी.

himachal vs delhi police high voltage drama
सुबह तीनों आरोपियों को लेकर दिल्ली रवाना हुई पुलिस (ETV BHARAT)

अंबाला में फिर हुआ मेडिकल

दिल्ली पहुंचने से पहले आरोपियों को मेडिकल जांच के लिए अंबाला के सिविल अस्पताल भी लाया गया, जहां उनका विस्तृत मेडिकल परीक्षण किया गया. मेडिकल ऑफिसर डॉ. अनु बरवाल ने बताया कि दिल्ली पुलिस सुरक्षा के बीच तीनों को अस्पताल लेकर पहुंची थी. सभी आवश्यक मेडिकल औपचारिकताएं पूरी की गईं और आरोपियों की शारीरिक स्थिति का आकलन किया गया. डॉक्टरों के अनुसार, तीनों की हालत स्थिर पाई गई और किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या की पुष्टि नहीं हुई. मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिल्ली पुलिस आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अपने साथ ले गई.

अंबाला में फिर हुआ मेडिकल (ETV BHARAT)

सुबह से देर रात और फिर सुबह तक क्या-क्या हुआ?

  • सुबह: रोहड़ू से तीन आरोपियों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया
  • दोपहर: शिमला और धर्मपुर में हिमाचल पुलिस ने टीम को रोका
  • शाम: मामला शिमला जिला अदालत पहुंचा
  • देर शाम: दिल्ली पुलिस आरोपियों को लेकर रवाना हुई
  • रात: शोघी बैरियर पर फिर रोका गया, बहस और विवाद
  • रात 10 बजे के बाद: आरोपियों को दोबारा शिमला लाया गया
  • देर रात: दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में मेडिकल
  • रात करीब 1 बजे: ACJM-II के सामने पेशी, ट्रांजिट रिमांड मंजूर
  • सुबह करीब 6:30 बजे: दिल्ली पुलिस आरोपियों को लेकर दिल्ली रवाना हुई

ये भी पढ़ें: बार-बार छुट्टी का आवेदन दे रही थी IPS अदिति सिंह, DGP ने ऐसे सिखाया सबक