ETV Bharat / bharat

क्रिसमस-न्यू ईयर के जश्न के लिए हिमाचल तैयार, टूरिस्टों के लिए शिमला-मनाली में रहेगी ये खास व्यवस्था

क्रिसमस-न्यू ईयर के जश्न के लिए हिमाचल पूरी तरह तैयार है. शिमला-मनाली जैसे पर्यटन स्थलों में टूरिस्टों के लिए खास व्यवस्था की गई है.

HIMACHAL CHRISTMAS NEW YEAR 2025
क्रिसमस-न्यू ईयर के लिए शिमला-मनाली पहुंच रहे पर्यटक (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : December 24, 2025 at 10:48 PM IST

|

Updated : December 24, 2025 at 11:01 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला/कुल्लू: क्रिसमस और नए साल के जश्न के लिए हिमाचल प्रदेश पूरी तरह तैयार है. बर्फीले मौसम, सजे-धजे बाजारों, डीजे की धुनों और सांस्कृतिक आयोजनों के बीच शिमला, मनाली और कांगड़ा जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर उत्सव का माहौल है. बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक हिमाचल पहुंच रहे हैं. प्रशासन, पुलिस और पर्यटन से जुड़े कारोबारी सैलानियों को सुरक्षित और यादगार अनुभव देने में जुटे हुए हैं.

क्रिसमस-न्यू ईयर के जश्न के लिए हिमाचल तैयार (ETV BHARAT)

मनाली में क्रिसमस-न्यू ईयर की धूम

कुल्लू जिले की पर्यटन नगरी मनाली में क्रिसमस और नववर्ष को लेकर खास रौनक देखने को मिल रही है. बुधवार को 1500 से अधिक पर्यटक वाहन मनाली पुष्टि पहुंचे. दिन के समय सैलानी मनाली और लाहौल घाटी के पर्यटन स्थलों की सैर करते दिखे, जबकि शाम होते ही माल रोड पर्यटकों से खचाखच भर गया. जिला प्रशासन ने माल रोड पर डीजे की व्यवस्था की है, जहां सैलानी नाचते-गाते नजर आए.

HIMACHAL CHRISTMAS NEW YEAR 2025
क्रिसमस-न्यू ईयर के लिए कुल्लू-मनाली पहुंच रहे पर्यटक (ETV BHARAT)

माल रोड पर डीजे और सजावट बना आकर्षण

मनाली के माल रोड को आकर्षक लाइटिंग और सजावट से सजाया गया है, जो 31 दिसंबर तक बनी रहेगी. होटल कारोबारियों की ओर से सैलानियों के लिए विशेष पैकेज पेश किए गए हैं. होटल एसोसिएशन के अनुसार इस समय करीब 80 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी चल रही है और नए साल पर सभी होटल पूरी तरह भरने की उम्मीद है. कई होटलों में डीजे, कुलवी नाटी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है.

एसडीएम मनाली रमण कुमार शर्मा ने कहा, "पर्यटक क्रिसमस और नववर्ष का आनंद सुरक्षित तरीके से मना सकें, इसके लिए माल रोड पर पुलिस बल तैनात किया गया है. सादी वर्दी में भी जवान मौजूद रहेंगे. हुड़दंग मचाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी."

HIMACHAL CHRISTMAS NEW YEAR 2025
क्रिसमस के रंग में रंगा शिमला (ETV BHARAT)

शिमला में विंटर कार्निवल बना आकर्षण

राजधानी शिमला में क्रिसमस और नए साल के मौके पर 9 दिवसीय विंटर कार्निवल का आयोजन किया जा रहा है. रिज मैदान और माल रोड पर सांस्कृतिक संध्याएं, महानाटी, लोक संगीत और विभिन्न कलाकारों की प्रस्तुतियां पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं. कार्निवल के दौरान शहर को खास तौर पर सजाया गया है और देर रात तक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.

SHIMLA WINTER CARNIVAL 2025
शिमला विंटर कार्निवल 2025 (ETV BHARAT)

शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा, "विंटर कार्निवल के जरिए पर्यटकों को हिमाचली संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न हो."

कांगड़ा में भी उत्सव का माहौल

धर्मशाला और कांगड़ा क्षेत्र में कांगड़ा वैली कार्निवल का आयोजन 31 दिसंबर तक किया जा रहा है. इस दौरान हिमाचल, पंजाब और बॉलीवुड के कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी. स्थानीय संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई कार्यक्रम तय किए गए हैं.

Kangra Valley Carnival 2025
कांगड़ा वैली कार्निवल 2025 (ETV BHARAT)

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, हुड़दंग पर कार्रवाई

पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रदेश भर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. मनाली और शिमला में माल रोड और प्रमुख स्थलों पर पुलिस जवान तैनात किए गए हैं. सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी निगरानी रख रहे हैं. प्रशासन ने साफ किया है कि हुड़दंग, नशाखोरी या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

क्रिसमस और नए साल के जश्न को लेकर पूरा हिमाचल उत्सव के रंग में रंगा हुआ है. बढ़ती पर्यटक संख्या, सांस्कृतिक आयोजनों और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था के बीच हिमाचल एक बार फिर देशभर के सैलानियों की पसंदीदा डेस्टिनेशन बन गया है.

ये भी पढ़ें: क्रिसमस के रंग में रंगा शिमला, ऐतिहासिक क्राइस्ट चर्च में उमड़े श्रद्धालु, देर रात तक होंगी प्रार्थनाएं

Last Updated : December 24, 2025 at 11:01 PM IST