ETV Bharat / bharat

न्यू ईयर से पहले हिमाचल टूरिस्टों से फुल, शिमला, मनाली से लेकर धर्मशाला तक उमड़ा पर्यटकों का सैलाब

नए साल के स्वागत से पहले हिमाचल पूरी तरह से उत्सव के रंग में रंग चुका है. हर तरफ सैलानियों का सैलाब उमड़ पड़ा है.

Himachal New Year celebration
न्यू ईयर से पहले हिमाचल टूरिस्टों से फुल (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : December 30, 2025 at 10:50 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: न्यू ईयर से पहले हिमाचल प्रदेश पूरी तरह सैलानियों से भर चुका है. शिमला, मनाली, धर्मशाला, कसौली, डलहौजी और नारकंडा जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों का सैलाब उमड़ पड़ा है. नए साल के जश्न और संभावित बर्फबारी की उम्मीद में देशभर से हजारों सैलानी हिमाचल का रुख कर रहे हैं. हालात यह हैं कि प्रदेश में रोजाना 20 से 25 हजार पर्यटक वाहन प्रवेश कर रहे हैं, जिससे कई इलाकों में ट्रैफिक दबाव भी बढ़ गया है.

शिमला में न्यू ईयर का खास माहौल

प्रदेश की राजधानी शिमला इन दिनों पूरी तरह जश्न के रंग में डूबी हुई है. माल रोड, रिज मैदान और चर्च क्षेत्र में रौनक देखते ही बन रही है. होटलों की बुकिंग 90 प्रतिशत से ज्यादा हो चुकी है, जबकि कई होम-स्टे और गेस्ट हाउस भी फुल चल रहे हैं. बिना बुकिंग पहुंचे सैलानियों को शहर से बाहर ठहरने की सलाह दी जा रही है.

Himachal New Year celebration
शिमला में उमड़ा सैलानियों का सैलाब (ANI)

कुल्लू-मनाली में उमड़ा सैलानियों का सैलाब

कुल्लू जिले में मनाली, सोलंगनाला, अटल टनल, मणिकर्ण और बंजार घाटी में रोजाना हजारों सैलानी पहुंच रहे हैं. बीते दिनों ढाई हजार से अधिक वाहन मनाली पहुंचे, जबकि 9000 से ज्यादा वाहन अटल टनल के आर-पार हुए. भारी ट्रैफिक के कारण मणिकर्ण और बंजार क्षेत्र में जाम की स्थिति बनी रही, हालांकि सैलानियों का उत्साह कम नहीं हुआ.

प्रशासन की तैयारी पूरी

न्यू ईयर के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर खास इंतजाम किए हैं. शिमला में करीब 400 अतिरिक्त पुलिस जवान तैनात किए गए हैं, जबकि मनाली और कुल्लू क्षेत्र में 300 पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है. शिमला और मनाली को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर निगरानी की जा रही है. सीसीटीवी कैमरों से भीड़भाड़ वाले इलाकों पर नजर रखी जा रही है.

माल रोड और पर्यटन स्थलों पर खास व्यवस्था

मनाली के माल रोड पर सैलानियों के मनोरंजन के लिए शाम के समय डीजे की व्यवस्था की गई है. यह व्यवस्था शाम 6:30 बजे से रात 9:30 बजे तक रहेगी. वहीं, रोहतांग दर्रे को 2 जनवरी तक वाहनों के लिए खोल दिया गया है, जिससे सैलानी बर्फीले इलाकों का आनंद ले सकें.

Himachal New Year celebration
कुल्लू-मनाली में न्यू ईयर का खास माहौल (ETV BHARAT)

मनाली होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने बताया, "न्यू ईयर को लेकर 90 प्रतिशत से अधिक होटल बुक हो चुके हैं. सैलानियों के लिए विशेष पैकेज और कार्यक्रम रखे गए हैं. अगर मौसम ने साथ दिया और बर्फबारी हुई तो यह सीजन और बेहतर रहेगा."

पुलिस और प्रशासन की सख्ती

एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने कहा, "हुड़दंग मचाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. साथ ही, 2 जनवरी तक लाइसेंसी हथियार लेकर घूमने पर पूरी तरह रोक लगाई गई है."

सैलानियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश

  • नशे की हालत में वाहन न चलाएं
  • हथियार या नुकीली वस्तुएं साथ न लाएं
  • ट्रैफिक नियमों का पालन करें
  • गलत जगह पर पार्किंग न करें
  • हुड़दंग और लड़ाई-झगड़े से बचें

बर्फबारी की उम्मीद

मौसम विभाग के अनुसार 30 और 31 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई गई है. इसी उम्मीद में सैलानियों की संख्या लगातार बढ़ रही है.

कुल मिलाकर, हिमाचल प्रदेश नए साल के जश्न के लिए पूरी तरह तैयार है. सैलानियों की भारी भीड़, प्रशासन की सख्त निगरानी और बर्फबारी की उम्मीद- ये सब मिलकर न्यू ईयर 2026 को खास बनाने की तैयारी कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें: नए साल के लिए कुल्लू-मनाली तैयार, 90% होटल पैक, चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान तैनात