सीमा पर ड्रोन से नशे की खेप! 4 बीडी में 1 किलो हेरोइन बरामद, फिर बड़ी साजिश नाकाम
आशंका जताई जा रही है कि पाकिस्तान में बैठे नशा तस्करों ने ड्रोन के माध्यम से यह खेप भारतीय सीमा में गिराई है.

Published : March 1, 2026 at 1:20 PM IST
श्रीगंगानगर : अनूपगढ़ में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे क्षेत्रों में सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता के बीच रविवार को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी. 27 फरवरी को खाजूवाला के गांव 24 केएनडी में भारी मात्रा में हथियारों की खेप बरामद होने के बाद चलाए जा रहे सर्च अभियान के दौरान रावला के गांव 4 बीडी में वन विभाग की भूमि पर दो पीले रंग के संदिग्ध पैकेट मिले. पैकेट खोलने पर उनमें से कुल एक किलो हेरोइन बरामद हुई.
सूचना मिलते ही खाजूवाला के डीएसपी अमरजीत चावला और अनूपगढ़ के डीएसपी प्रशांत कौशिक सहित बीएसएफ के अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों पैकेट खोले गए, जिनमें से एक किलो हेरोइन बरामद कर जब्त कर ली गई. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पाकिस्तान में बैठे नशा तस्करों ने ड्रोन के माध्यम से यह खेप भारतीय सीमा में गिराई है.
पढ़ें. भारत-पाक सीमा पर बड़ी कार्रवाई, हथियार और कारतूस से भरे ड्रोन को BSF ने मार गिराया
डीएसपी प्रशांत कौशिक ने बताया कि दो दिन पहले हथियारों की बड़ी खेप मिलने के बाद से ही पुलिस, बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं. अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे गांवों और खेतों में लगातार सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत 4 बीडी क्षेत्र में यह कार्रवाई हुई. फिलहाल, दोनों पैकेट जब्त कर लिए गए हैं और मौके पर ही गहन जांच की जा रही है. अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हेरोइन किसके लिए मंगवाई गई थी. हथियारों और नशे की खेप मिलने के बाद सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों ने चौकसी और भी कड़ी कर दी है.

