कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल अमेरिका से डिपोर्ट, हरियाणा DGP बोले - अपराधी अब कहीं महफूज़ नहीं
हरियाणा एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल को अमेरिका से डिपोर्ट करवाया है.

Published : January 7, 2026 at 7:08 PM IST
|Updated : January 7, 2026 at 7:58 PM IST
पंचकूला: हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने संगठित अपराध के खिलाफ फिर से कड़ा प्रहार किया है. एसटीएफ ने वांटेड गैंगस्टर अमन कुमार उर्फ अमन भैंसवाल को अमेरिका से निर्वासित कर भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है. पुलिस विभाग इसे अपनी बड़ी कामयाबी बता रही है. साल 2025 से अब तक एसटीएफ द्वारा किया गया ये छठा सफल डिपोर्टेशन है. इसने हरियाणा पुलिस की अपराध-रोधी नीति को नई ताकत प्रदान की है.
अमन भैंसवाल के खिलाफ कई केस दर्ज : गौरतलब है कि अमन भैंसवाल हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में लंबे समय से फायरिंग, हत्या, मर्डर की कोशिश, रंगदारी और शस्त्र अधिनियम के मामलों में सक्रिय रहा है. वो स्वयं का गिरोह संचालित करता था, जिसके नेटवर्क का प्रभाव सोनीपत, रोहतक, झज्जर से लेकर दिल्ली तक फैला हुआ था. अमन भैंसवाल के खिलाफ हरियाणा और दिल्ली में कुल दस गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं.
फर्जी पासपोर्ट और विदेश भागने का खुलासा: पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ कि अमन भैंसवाल ने पूर्वी दिल्ली के पते के आधार पर फर्जी पहचान बनाकर अवैध रूप से पासपोर्ट हासिल किया. फिर 20 जून 2024 को इसी पासपोर्ट के जरिए वो कुवैत फरार हो गया और बाद में अमेरिका पहुंचा. इस धोखाधड़ी के संबंध में भारतीय न्याय संहिता और पासपोर्ट अधिनियम के तहत गोहाना में मामला दर्ज किया गया. अमन भैंसवाल के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी हुआ, इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया और फिर उसे भगोड़ा अपराधी घोषित किया गया.
एसटीएफ की भविष्य की रणनीति: एसटीएफ द्वारा अमन भैंसवाल के निर्वासन को संगठित अपराध और भगोड़ों के खिलाफ चलाए जा रहे आक्रामक और लक्षित अभियान की बड़ी सफलता बताया गया है. डीजीपी अजय सिंघल ने भरोसा दिलाया कि एसटीएफ भविष्य में भी इसी दृढ़ता से अपराधी नेटवर्क को ध्वस्त करने और जन-शांति और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाती रहेगी.
डीजीपी अजय सिंघल की कड़ी चेतावनी: डीजीपी अजय सिंघल ने इस ऑपरेशन की सफलता पर अपराधियों को कड़ा संदेश दिया. उन्होंने कहा कि हरियाणा में अपराध के लिए अब कोई सुरक्षित जगह नहीं बची है. जो अपराधी ये सोचते हैं कि सीमाओं के बाहर जाकर या फर्जी पहचान बनाकर कानून से बच जाएंगे, वे समझ लें कि हरियाणा पुलिस की पकड़ से कोई नहीं बच सकता. उन्होंने कहा कि हर भगोड़ा, चाहे देश में हो या विदेश में, कानून के दायरे में लाया जाएगा. ये प्रदेश अपराधियों के लिए नहीं, कानून और व्यवस्था के लिए है.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें - गुरुग्राम में कार का कहर, तेज़ रफ्तार में बुजुर्ग महिला को उड़ाया, CCTV कैमरे में कैद हादसा
ये भी पढ़ें - पूरे दिन कैब में घूमी, किराया मांगा तो कर डाला बवाल, हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने दर्ज की FIR
ये भी पढ़ें - गुरुग्राम की सड़क पर चमत्कार!, छूकर गुजरी मौत, युवक पर चढ़ गई कार, लेकिन बच गई जान

