ETV Bharat / bharat

हरियाणा में 2.23 लाख करोड़ का बजट पेश, लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ा, स्वस्थ नारी क्लीनिक खुलेंगे, अग्निवीरों को पुलिस में 20% आरक्षण

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज विधानसभा में 2.23 लाख करोड़ रुपए का बजट पेश किया है.

Haryana Budget 2026 Haryana CM Nayab Singh Saini Speech Big Announcements in Budget
हरियाणा में 2.23 लाख करोड़ रुपए का बजट पेश (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : March 2, 2026 at 5:33 PM IST

13 Min Read
Choose ETV Bharat

चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज वित्त मंत्री के तौर पर हरियाणा विधानसभा में 2,23,658.17 करोड़ रुपए का बजट पेश किया है. पिछले साल 2025-26 का बजट 2,02,816.66 करोड़ का था जिसके मुकाबले इस बार 2026-27 का बजट 10.28 प्रतिशत ज्यादा है. सीएम नायब सिंह सैनी ने करीब तीन घंटे दस मिनट का बजट भाषण पढ़ा.

केसरिया पगड़ी पहनकर बजट पेश किया : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज केसरिया पगड़ी में नज़र आए. उन्होंने पगड़ी में ही बजट की कॉपी पर साइन भी किए. सिख धर्म में केसरिया रंग साहस, बलिदान और त्याग का प्रतीक माना जाता है. गुरु तेग बहादुर और गुरु गोबिंद सिंह के बलिदान को भी केसरिया रंग से जोड़ा जाता है. गुरु नानक देव जी महाराज ने तीन सिद्धांतों की सीख दी थी जिसमें ‘किरत करो’ अर्थात् स्वयं कमाई करो, ‘नाम जपो’ अर्थात प्रभु परमात्मा के नाम का जाप करो और ‘वंड छको’ अर्थात् बांटकर खाओ के बारे में बताया था. सीएम नायब सिंह सैनी ने अपने बजट भाषण की शुरुआत भी इसी से की.

पंजाब में एक्टिव हरियाणा सीएम : आपकों बता दें कि हरियाणा से सटे पंजाब में जल्द चुनाव होने वाले हैं और हरियाणा के 7 जिले अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, फतेहाबाद, सिरसा और पंचकूला पंजाब से सटे हुए हैं. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इन दिनों पंजाब में काफी ज्यादा एक्टिव हैं और पंजाब में कई सभाएंं भी कर चुके हैं. साथ ही वे कई मुद्दों को लेकर आम आदमी पार्टी को घेर चुके हैं. यहां तक कि सैनी अपने भाषण में पंजाबी बोलते हैं और हरियाणा का पंजाब से खून का रिश्ता बताते हैं.

राजकोषीय घाटे में 2.75% बढ़ोत्तरी : नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा ने इस बार कुल 98 प्रतिशत बजट खर्च किया है. ऐसा इतिहास में पहली बार हुआ है. राजकोषीय घाटे में 2014 से 2024 तक मात्र 2.75 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है, जबकि पिछली सरकार के कार्यकाल की अगर बात करें तो ये 44 फीसदी तक बढ़ गया था. वहीं सरकारी उपक्रमों के घाटे में तीन गुना की कमी आई है.

Haryana Budget 2026 Haryana CM Nayab Singh Saini Speech Big Announcements in Budget
हरियाणा में साल दर साल बढ़ता बजट (Etv Bharat)

हरियाणा में प्रति व्यक्ति आय 3.95 लाख रुपए : नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य की प्रति व्यक्ति आय प्रमुख राज्यों में सबसे ऊपर पहुंच गई है. 2014-15 में हरियाणा की प्रतिव्यक्ति आय मात्र 1,47,382 रुपए थी, जो 2023-24 में बढ़कर 3,24,958 रुपए हो गई. वहीं 2024-25 में ये 3,58,171 रुपए तक पहुंच गई, जबकि राष्ट्रीय औसत 2,19,575 रुपए है. साल 2025-26 में इसका 3,95,618 रुपए होने का अनुमान लगाया गया है.

एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य को 2047 तक एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा गया है. हरियाणा विजन डॉक्यूमेंट-2047 इस दिशा में रोडमैप के तौर पर काम करेगा.

एक लाख युवाओं को AI की ट्रेनिंग : सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि बजट भाषण में बोलते हुए कहा कि हरियाणा के एक लाख युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की ट्रेनिंग देने के बाद नौकरी दी जाएगी.

Haryana Budget 2026 Haryana CM Nayab Singh Saini Speech Big Announcements in Budget
बजट की कॉपी पर साइन करते नायब सिंह सैनी (Etv Bharat)

हरियाणा में नया बिजली निगम बनेगा : हरियाणा में मौजूदा वक्त में दो बिजली वितरण निगम हैं जिसमें उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (HBVN) और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) शामिल है. हरियाणा सीएम ने कहा कि हरियाणा एग्री डिस्कॉम नाम से नया बिजली वितरण निगम बनाया जाएगा जिसके जरिए किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन दिए जाएंगे. साथ ही 5084 कृषि फीडर और 7.12 लाख उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली दी जाएगी.

10 किलोलीटर फ्री पानी : हरियाणा सीएम ने बजट में घोषणा करते हुए कहा कि 500 वर्ग गज तक के मकानों में हर महीने 10 किलोलीटर पानी फ्री मिलेगा. अभी इस पर 1 रुपए प्रति किलोलीटर के हिसाब से शुल्क लिया जाता है. पानी के मीटर वाले घरों को इसका फायदा मिलेगा. वहीं पानी और सीवरेज पर बकाया 140 करोड़ रुपए का सरचार्ज माफ किया जाएगा.

Haryana Budget 2026 Haryana CM Nayab Singh Saini Speech Big Announcements in Budget
बजट के साथ सीएम नायब सिंह सैनी (Etv Bharat)

लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाया : हरियाणा में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाया गया है. 25 सितंबर 2026 से इस योजना का फायदा उन परिवारों को भी मिलेगा जिनकी सालाना कमाई 1.80 लाख रुपए तक है. इसके लिए करीब 6500 करोड़ रुपए का बजट में प्रावधान किया गया है. अभी 1.40 लाख रुपए तक की लिमिट तक 9 लाख 22 हजार महिलाओं को 2100 रुपए मिल रहे हैं. अब इस योजना के दायरे को बढ़ाने से 6 लाख और महिलाओं को फायदा होगा.

स्वस्थ नारी क्लीनिक खोले जाएंगे : सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि "हर नारी, स्वस्थ नारी" योजना के तहत, हर जिले में स्वस्थ नारी क्लीनिक बनाए जाएंगे. इसके अलावा अगर हरियाणा में महिला अपने नाम पर गाड़ी खरीदती है, तो उन्हें टैक्स में 1% की छूट भी मिलेगी. इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदने पर टैक्स में पहले से ही 20% की छूट मिल रही है, जिसे और बढ़ाया जाएगा, ताकि लोग इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदने के लिए प्रोत्साहित हों और प्रदूषण कम हो. साथ ही राज्य में 2000 नए वीटा बूथ खोले जाएंगे जहां पर स्वयं सहायता समूह चलाने वाली महिलाओं को 20% आरक्षण दिया जाएगा.

7 नए महिला थाने : हरियाणा सीएम ने कहा कि राज्य में 7 नए महिला थाने बनाए जाएंगे जो लोहारू, बरवाला, नरवाना, समालखा, महम, रादौर और पिहोवा में बनेंगे. इसके अलावा सोनीपत, गोहाना और बहादुरगढ़ में 3 नए साइबर क्राइम थाने बनाए जाएंगे.

ATS में महिला कंमाडो : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा करते हुए कहा है कि हरियाणा में आतंकवादी विरोधी गतिविधियों के लिए एंटी टेरेरिस्ट स्क्वायड (ATS) बनाया जा रहा है जिसके लिए बजट में 35 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है. खास बात ये है कि एटीएस में महिला कमांडो को भी शामिल करने का प्रस्ताव है.

अग्निवीरों को पुलिस में 20% आरक्षण : सीएम नायब सिंह सैनी ने पुलिस भर्ती में अग्निवीरों के लिए 20 फीसदी आरक्षण का प्रस्ताव रखा है. अगले साल 1300 अग्निवीरों की पुलिस में विशेष भर्ती की जाएगी. आपको बता दें कि अग्निवीरों के पहले बैच का कार्यकाल इसी साल पूरा हो रहा है.

बहादुर पुलिसकर्मियों को प्रमोशन : नायब सिंह सैनी ने पुलिसकर्मियों के जोश को हाई करते हुए कहा कि राज्य में जो भी पुलिसकर्मी बहादुरी से आपराधिक तत्वों का सामना करेगा, उन्हें समय से पहले पदोन्नति दी जाएगी, जबकि जो पुलिसकर्मी अपना फर्ज नहीं निभाएगा, उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.

धार्मिक स्थलों के लिए इलेक्ट्रिक बसें : धार्मिक स्थलों के लिए हरियाणा रोडवेज द्वारा 50 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जाएंगी. ये बसें गुरुग्राम और चंडीगढ़ से कटरा, सालासर, खाटूश्याम, हरिद्वार, अमृतसर जैसे मुख्य धार्मिक स्थल जाएंगी. मुख्यमंत्री तीर्थ योजना के तहत गरीब परिवारों को शिरडी, माता वैष्णो देवी और अमृतसर की यात्राएं करवाई जाएंगी

सभी शहरों में चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें : फिलहाल 12 शहरों में हरियाणा रोडवेज इलेक्ट्रिक बसें चला रहा है. जल्द ही ये सेवा बाकी जिला मुख्यालयों पर शुरू की जाएगी. स्टूडेंट्स के लिए यातायात को बेहतर बनाने के लिए 1 हजार नई बसें भी खरीदी जाएंगी. HSSC के परीक्षार्थियों को मुफ्त यात्रा के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल बनाया जाएगा. सड़क सुरक्षा और यातायात को बेहतर बनाने के लिए प्रदेश में एक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनेगा. कनीना, नरवाना, गन्नौर एवं कलायत में नए बस अड्डों का निर्माण भी किया जाएगा.

हांसी जिले को मॉर्डन जिला बनाएंगे : सीएम ने कहा कि हरियाणा के सबसे नए 23वें जिले हांसी को मॉडर्न जिले के रूप में विकसित किया जाएगा.

करनाल के हसनपुर में डियर पार्क : करनाल के हसनपुर में 100 एकड़ जमीन में डियर पार्क बनाया जाएगा. इसके लिए 50 करोड़ के बजट का प्रावधान रखा गया है.

3 जिलों में वेडिंग सिटी : वेड इन इंडिया की तर्ज पर हरियाणा में वेडिंग सिटी बनाए जाने का ऐलान किया गया है. गुरुग्राम, खरखौदा (सोनीपत) और पिंजौर (पंचकूला) में ये वेडिंग सिटी बनाई जाएंगी. ये सिटी सगाई से विदाई तक के कांसेप्ट पर काम करेगी.

ड्राइवर ट्रेनिंग सेंटर खोले जाएंगे : नूंह, फरीदाबाद, अंबाला और गुरुग्राम में ड्राइवर ट्रेनिंग सेंटर खोले जाएंगे, ताकि अच्छे ड्राइवर तैयार किए जा सकें. सरकारी बसों और टैक्सियों में ट्रैकिंग डिवाइस और पैनिक बटन लगाए जाएंगे, ताकि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. पैनिक बटन से महिलाओं को फौरन मदद मिल सकेगी.

ग्रीन हाइड्रोजन पॉलिसी : बजट में 2.2 लाख घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर लगाने का प्रस्ताव रखा गया है, ताकि सौर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा सके. नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में ग्रीन हाइड्रोजन पॉलिसी लागू की जाएगी, ताकि पर्यावरण के अनुकूल ऊर्जा स्रोतों को प्रोत्साहित किया जा सके. 100 करोड़ रुपए के साथ "हरियाणा ग्रीन क्लाइमेट रेजिलिएंस फंड" की स्थापना की गई है. सरकारी भवन, स्वायत्त शिक्षण संस्थान और पंजीकृत गौशालाएं गैर-परंपरागत ऊर्जा आधारित परिसरों में परिवर्तित की जाएंगी.

यमुना का प्रदूषण खत्म किया जाएगा : हरियाणा में यमुना नदी को प्रदूषण मुक्त करने पर काम किया जाएगा और मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में नया मिशन शुरू किया जाएगा.

बसों की जानकारी के लिए मोबाइल एप : हरियाणा में लोगों को बसों के बारे में जानकारी आसानी से मिल सके, इसके लिए 15 अगस्त 2026 तक एक मोबाइल ऐप शुरू किया जाएगा ताकि बस कहां है, कब आएगी, इसकी जानकारी लोगों को मिल सके.

मजदूरों की मुफ्त स्वास्थ जांच : श्रमिकों की सेहत का ध्यान रखते हुए हर साल सभी श्रमिकों का मुफ्त स्वास्थ्य जांच कराया जाएगा. इसके लिए "समेकित सुरक्षित श्रमिक स्वास्थ्य सिस्टम (4S)" शुरू किया जाएगा. स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए हरसरू, कादीपुर, वजीराबाद, शाहबाद मारकंडा और फतेहाबाद में पांच नई ESI डिस्पेंसरी खोली जाएंगी. मानेसर में संचालित 100 बिस्तर वाले ESI अस्पताल को 200 बिस्तर में अपग्रेड करके यहां एक नया मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा, जिससे श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें. श्रमिकों के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले, इसके लिए अटल आवासीय विद्यालय खोला जाएगा, जिसमें कक्षा 6 से 12 तक की पढ़ाई होगी.

'लैंड ऑन लीज' पॉलिसी : हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (HSIIDC) वर्ष 2026-27 में औद्योगिक प्लॉटों के लिए 'लैंड ऑन लीज' नीति लागू की जाएगी. इस नीति के तहत, औद्योगिक प्लॉट दीर्घकालीन लीज पर उपलब्ध कराए जाएंगे और आवश्यकता होने पर इन्हें फ्रीहोल्ड में परिवर्तित करने की सुविधा भी मिलेगी. इसके अलावा, नए उद्योगों की स्थापना और इकाइयों के शीघ्र परिचालन को बढ़ावा देने के लिए HSIIDC राज्य के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में प्लग-एंड-प्ले सुविधाओं के साथ तैयार औद्योगिक फैक्ट्रियां और शेड भी विकसित करेगा. HSIIDC के 500 से अधिक प्लॉट धारकों को राहत देते हुए निर्माण की समय सीमा 31 दिसंबर, 2026 तक बढ़ाने की घोषणा की गई है. निवेशकों को विभिन्न विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए फरीदाबाद, गुरुग्राम, मानेसर एवं रेवाड़ी में कॉमन इंडस्ट्रियल सेक्रेटेरिएट बनाने का भी प्रस्ताव रखा गया है.

12 जिलों में 21 नए स्टेडियम बनेंगे : हरियाणा के सभी नागरिकों में स्वस्थ जीवन शैली और फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए 'फिट हरियाणा अभियान' शुरू किया जाएगा, जिसका शुभारंभ 30 सितंबर 2026 तक किया जाएगा. राज्य के होनहार खिलाड़ियों को नवीन तकनीकों का प्रशिक्षण देने और अधिक पदक जीतने के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. हर जिले में एक सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक और एक खेलो इंडिया लघु केंद्र स्थापित किया जाएगा, जिसका संचालन किसी पूर्व चैंपियन खिलाड़ी को सौंपा जाएगा. इसके अलावा गुरुग्राम, कुरुक्षेत्र, जींद, कैथल, झज्जर, चरखी दादरी, रोहतक, फरीदाबाद, यमुनानगर, सोनीपत, फतेहाबाद और पलवल में 21 नए खेल स्टेडियमों का निर्माण किया जाएगा. 'मिशन ओलंपिक 2036' योजना के अंतर्गत वैज्ञानिक तरीकों से पूरे राज्य में प्रतिभा खोज अभियान शुरू किया जाएगा. राजीव गांधी खेल परिसर, दौलताबाद को अपग्रेड करते हुए राज्य का पहला अंतर्राष्ट्रीय सुविधाओं से सुसज्जित पैरा खेल स्टेडियम बनाया जाएगा, जहां दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण और खेल अवसंरचनाएं उपलब्ध होंगी.

राजकीय स्कूलों में डबल डेस्क लगेंगी : 1 नवंबर तक राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में डबल डेस्क का इंतजाम किया जाएगा, ताकि कोई भी बच्चा सरकारी स्कूल में टाट पट्टी पर नहीं बैठेगा.

4 राजकीय पशु अस्पताल खोले जाएंगे : हरियाणा में 7 नए पशु औषधालय और 4 नए राजकीय पशु अस्पताल खोले जाएंगे. हिसार में 30 करोड़ रुपए की लागत से हरियाणा पशु चिकित्सा महामारी विज्ञान केंद्र बनेगा.

हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App

ये भी पढ़ें : हरियाणा ने SGST कलेक्शन में 22 परसेंट की बढ़ोतरी दर्ज की, सभी राज्यों और UTs को पीछे छोड़ा

ये भी पढ़ें : हरियाणा के सीएम की पगड़ी पर सियासत: कांग्रेस का तंज, बोले- "पंजाब से चुनाव लड़ने का शौक"

ये भी पढ़ें : ईरानी हमले के बीच कतर में फंसा रोहतक का मरीन इंजीनियर, परिजनों ने भारत वापस लाने की लगाई गुहार