पुष्कर में धीरेंद्र शास्त्री की कथा का पहला दिन, हिंदुओं को चार बच्चे पैदा करने की सलाह
पुष्कर में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हनुमंत कथा का शुभारंभ. हजारों श्रद्धालु शामिल हुए. नेताओं ने लिया आशीर्वाद.

Published : February 23, 2026 at 9:15 PM IST
अजमेर: जगत पिता ब्रह्मा की नगरी पुष्कर के नए मेला मैदान में सोमवार से बागेश्वर धाम के महंत और प्रखर वक्ता पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हनुमंत कथा शुरू की है. कथा के पहले दिन हजारों श्रद्धालु कथा सुनने के लिए उपस्थित रहे. राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत समेत कई प्रमुख नेता पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से आशीर्वाद लेने पहुंचे.
कथा के दौरान पंडित शास्त्री ने युवाओं के भटकाव पर कटाक्ष किया और भक्ति की महिमा पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि हिंदुओं को अपनी आबादी बढ़ानी चाहिए और चार बच्चे पैदा करने चाहिए. शास्त्री ने मजाकिया अंदाज में जोड़ा, "हमारी शादी नहीं हुई है तो लोग कमेंट करेंगे कि आपका क्या योगदान है, तो जब हमारा विवाह हो जाएगा तब हिंदुओं की आबादी को बढ़ाने में हम भी योगदान देंगे." उन्होंने इंस्टाग्राम पर नाचने वाले युवाओं को आग्रह किया कि "बच्चों, तुम IAS, IPS बनो, दुर्गा बनो, काली बनो, लेकिन इंस्टाग्राम की नाचने वाली मत बनो."
#WATCH | Ajmer, Rajasthan | Bageshwar Dham Chief, Dhirendra Krishna Shastri says," the decreasing number of hindus is a matter of great worry in india. hindus should give birth to at least 4 children...to stop religious conversion, hindus will have to have pride in sanatan… pic.twitter.com/nR1TprEfHA
— ANI (@ANI) February 23, 2026
इसे भी पढ़ें- धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बोले, 'पुष्कर आकर पितरों के लिए पिंडदान भी कर लें, बेड़ा पार हो जाएगा'
रील रियल नही होती: पंडित शास्त्री ने आगे कहा कि रील की दुनिया नकली है और रियल हीरो नहीं बनाती. इंस्टाग्राम पर लाइक और कमेंट्स के लिए युवा भटक रहे हैं, दिशाहीन हो रहे हैं. वे रील को अपनी दुनिया समझने लगे हैं. बेटियां इंस्टाग्राम पर नाच रही हैं, ऐसा नहीं होना चाहिए. उन्होंने युवाओं से अपील की कि भटकाव और अंधविश्वास से बचने के लिए भक्ति करें. कई प्रसंगों के माध्यम से उन्होंने भक्ति की महिमा बताई.

डिप्टी सीएम दीया कुमारी भी पहुंची: उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कथा में भाग लिया और पंडित शास्त्री का आत्मीय सत्कार किया. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के प्रवर्तक संतों के मार्गदर्शन में नैतिक मूल्यों, संस्कृति और राष्ट्रीय भावना का संवर्धन संभव है. पुष्कर की पावन धरा पर यह आयोजन धार्मिक महोत्सव नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और आस्था के पुनर्जागरण का उत्सव है, जो समाज को सकारात्मक दिशा देता है. उन्होंने पंडित शास्त्री को जयपुर में भी कथा करने का आग्रह किया. दीया कुमारी के पुष्कर पहुंचने पर जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत और नगर पालिका अध्यक्ष कमल पाठक ने उनका स्वागत किया.

इसे भी पढ़ें- पुष्कर में धीरेंद्र शास्त्री की कथा से पहले अजमेर में होगा भव्य रोड शो, निकाली गई ट्रायल रैली
वसुंधरा राजे भी कथा में रहीं मौजूद: पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी हनुमंत कथा में शामिल हुईं. उन्होंने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का आशीर्वाद लिया और मंच से नीचे आयोजक गौरी शंकर पराशर के साथ बैठकर कथा सुनी. पुष्कर में सोमवार से शुरू हुई यह कथा और दिव्य दरबार बुधवार को समाप्त होगा. बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस आयोजन में भाग ले रहे हैं.


