ETV Bharat / bharat

डबरा नवग्रह शक्तिपीठ मंदिर में भगदड़, एक महिला की मौत, 8 घायल

ग्वालियर के डबरा में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान नवग्रह शक्तिपीठ मंदिर में भगदड़, हादसे में एक महिला की मौत, जबकि 8 लोग गंभीर.

GWALIOR NAVGRAHA TEMPLE STAMPEDE
डबरा नवग्रह शक्तिपीठ मंदिर में भगदड़ (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : February 10, 2026 at 2:37 PM IST

|

Updated : February 10, 2026 at 2:47 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

ग्वालियर: डबरा में मंगलवार से नवग्रह मंदिर शक्तिपीठ की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम भव्य स्तर पर शुरू होना था. ये मंदिर प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा द्वारा बनवाया गया है, लेकिन प्राण प्रतिष्ठा के पहले ही दिन भगदड़ मच गई और हादसे में एक महिला की मौत हो गई. साथ ही कई महिलाओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है. घायलों में एक महिला को ग्वालियर जयारोग्य अस्पताल में भी भर्ती कराया गया है. जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है.

मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में भगदड़

असल में डबरा में प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा द्वारा बनवाए गए नवग्रह शक्तिपीठ मंदिर का भव्य प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ. ये कार्यक्रम 20 फरवरी तक चलने वाला है. कार्यक्रम के पहले दिन जब कलश यात्रा निकाली जानी थी, इसी बीच कलश यात्रा के लिए इकट्ठा हुई भीड़ अनियंत्रित हो गई और भगदड़ मच गई. इसी भगदड़ में कई महिलाएं एक के ऊपर एक गिरीं, कुछ को भीड़ ने रौंदा, जिसमे कई महिलाएं घायल हो गईं.

नवग्रह शक्तिपीठ मंदिर में भगदड़ (ETV Bharat)

1 महिला की मौत, 8 घायल, 4 गंभीर

डबरा एसडीओपी सौरभ कुमार के मुताबिक "इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई है. जिसका नाम रति साहू बताया गया है. वहीं इस घटना में 8 महिलाओं के घायल होने की बात सामने आयी थी." घायलों में चार की हालत गंभीर है. जिसमें एक 4 साल की बच्ची भी शामिल है. इन में से 3 महिलाओं को ग्वालियर रेफर किया गया था. एक महिला को बेहोशी की हालत में ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है. वहीं 4 साल की बच्ची और अन्य घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है.

ट्रामा सेंटर में भर्ती महिला बेहोश, डबरा में लोगों में आक्रोश

ट्रामा सेंटर में भर्ती महिला का नाम पता लगाया जा रहा है, क्योंकि वह बेहोश है और उसके परिजनों का अभी तक कोई अता पता नहीं है. जयारोग्य अस्पताल के अधीक्षक डॉ सुधीर सक्सेना ने बताया कि "महिला को यहां भर्ती कराया गया है, इसे अब तक होश नहीं आया है. संभवतः उसे पेट या सीने में गंभीर छोटे आई हैं. अभी जांच करायी जा रही है, उनकी रिपोर्ट आने पर स्थिति साफ होगी. उसे कितनी और कहां-कहां चोट है." उधर डबरा में भी इस घटना के बाद लोगों में आक्रोश है. लोग कार्यक्रम में पुलिस की अव्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं.

Last Updated : February 10, 2026 at 2:47 PM IST