गुरुग्राम पुलिस और इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़, उत्तर प्रदेश की जेल से हुआ था फरार, 11 से ज्यादा मामले दर्ज
गुरुग्राम पुलिस ने मुठभेड़ के बाद उत्तर प्रदेश की जेल से फरार 25 हजार का इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है.

Published : February 27, 2026 at 5:51 PM IST
गुरुग्रामः हरियाणा के गुरुग्राम में अपराध शाखा मानेसर की टीम ने उत्तर प्रदेश की जेल से फरार 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है. आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर जानलेवा हमला किया, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी. घायल आरोपी को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज किया जा रहा है. अस्पताल से रिहा होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जायेगी.
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाईः पुलिस प्रवक्ता संदीप ने बताया कि "26-27 फरवरी की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश की कन्नौज जेल से फरार इनामी बदमाश अंकित कुमार उर्फ गुड्डा अवैध हथियार के साथ बाइक पर पचगांव चौक से खोह कासन की ओर आने वाला है. उस इलाके में वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाला है. इनपुट के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी की."
पुलिसकर्मी के जैकेट पर लगीः पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि "पचगांव चौक से खोह कासन की ओर एक संदिग्ध बाइक सवार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर गोलियां चला दी. बदमाश की ओर से 3 राउंड की फायरिंग में एक गोली पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी. पुलिसकर्मी सुरक्षित है."
कन्नौज जिले का निवासी है आरोपीः पुलिस प्रवक्ता संदीप ने आगे बताया कि "पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी फायरिंग करता रहा. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह गिरकर काबू में आ गया. आरोपी की पहचान 24 वर्षीय अंकित कुमार उर्फ गुड्डा, कन्नौज जिले के निवासी के रूप में हुई है. वहीं मौके से एक बाइक, एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और पांच खाली खोल बरामद किए गए हैं. आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश में 6 से ज्यादा मामले और और हरियाणा में 5 से ज्यादा मामले दर्ज हैं. ये मामले लूट, चोरी और शस्त्र अधिनियम सहित कई अन्य मामले दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है. बाइक चोरी की है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है."

