Explainer: NEET UG में कम स्कोर तो आयुष कोर्स हो सकते हैं मददगार, 2 लाख से ज्यादा रैंक पर भी मिलती है सरकारी सीट
NEET UG की AACCC काउंसलिंग में कम स्कोर और रैंक वालों को भी सरकारी सीट मिल रही है. पढ़िए मनीष गौतम की रिपोर्ट...

Published : September 2, 2026 at 10:48 AM IST
|Updated : September 2, 2026 at 12:51 PM IST
कोटा: देश के एमबीबीएस और बीडीएस कोर्सेज में एमसीसी की ऑल इंडिया 15 फीसदी और 85 फीसदी स्टेट कोटा काउंसलिंग की काउंसलिंग चल रही है. इसमें बड़ी संख्या में कैंडिडेट्स सरकारी एमबीबीएस और बीडीएस की सीट प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि उनकी रैंक कम है. ऐसे कैंडिडेट्स आयुष कोर्सेज में सीट अलॉटमेंट प्राप्त कर सकते हैं, जहां पर 2 लाख तक की रैंक पर भी सरकारी कॉलेज मिल जाता है.
निजी कोचिंग संस्थान के करियर काउंसलिंग एक्सपर्ट पारिजात मिश्रा के अनुसार यहां पर कोर्सेज थोड़े अलग होते हैं. इसमें बैचलर ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी (BAMS), बैचलर ऑफ होम्योपैथिक मेडिसिन एंड सर्जरी (BHMS), बैचलर ऑफ यूनानी मेडिसिन एंड सर्जरी (BUMS), बैचलर ऑफ नेचुरोपैथी एंड योगिक साइंस (BNYS) और बैचलर ऑफ सिद्धा मेडिसिन एंड सर्जरी (BSMS) कोर्सेज में प्रवेश के लिए जारी है. आयुर्वेद के कोर्स में साल 2025 में जनरल कैटेगरी के विद्यार्थी को 108608 रैंक तक में भी एडमिशन मिला है, जिसका नीट यूजी का स्कोर 460 अंक के आसपास था.

वहीं, रिजर्व कैटेगरी के कैंडिडेट को 3.2 लाख रैंक पर भी सीट अलॉट हुई है. सीट 400 से भी कम अंक पर मिली है. इसी तरह से होम्योपैथिक की सीट की बात की जाए तो यह 1.98 लाख रैंक और नीट स्कोर 450 से कम पर भी मिल रही है. यूनानी सीट की बात की जाए तो यह 2.38 लाख रैंक और नीट स्कोर 420 के नजदीक पर भी मिल रही है. सिद्धा मेडिसिन की बात की जाए तो 1.78 लाख पर सीट अलॉट हो रही है. यहां पर नीट 440 स्कोर है. आयुष एडमिशन सेंट्रल काउंसलिंग कमेटी (AACCC) के जरिए 15 फीसदी ऑल इंडिया और स्टेट काउंसलिंग में 85 फीसदी स्टेट कोटा काउंसलिंग होती है.

अच्छी रैंक पर भी लेते हैं एडमिशन : मिश्रा ने बताया कि अच्छे आयुष कॉलेज और सेंट्रल यूनिवर्सिटी में एडमिशन की कटऑफ गवर्नमेंट और गवर्नमेंट एडेड कॉलेज से काफी हाई जाती है. इसमें जनरल कैटेगरी की 1.03 लाख रैंक पर सीट अलॉट हुई थी. सेंट्रल यूनिवर्सिटीज में अच्छे कोर्सेज संचालित होते हैं. यहां पर सेंट्रल काउंसलिंग के जरिए 50 हजार से कम रैंक वाले विद्यार्थी भी एडमिशन लेते हैं. पिछले 12 साल के रिकॉर्ड को देखा जाए तो 50000 से 1 लाख रैंक के बीच जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के विद्यार्थियों ने आयुष के आयुर्वेद कोर्स को चुना है. इनका नीट स्कोर 540 से 500 के बीच रहा है. होम्योपैथिक कोर्स में यह जनरल कैटेगरी के लिए 1 से 1.32 लाख के आसपास है. इसी तरह से यूनानी कोर्स में यह 96 हजार और सिद्धा में 88 हजार से 1 लाख के बीच है.

लाखों रुपए की फीस में कोर्स : सेंट्रल यूनिवर्सिटीज में इन कोर्सेस की फीस काफी कम होती है, जबकि अन्य संस्थाओं में यह लाखों रुपए तक भी होती है. कई संस्थानों में पूरा कोर्स 5 लाख से कम में हो जाता है, जबकि डीम्ड यूनिवर्सिटी या प्राइवेट कॉलेज में 10 लाख से भी ज्यादा फीस होती है. टॉप कॉलेज की बात की जाए तो उत्तर प्रदेश के वाराणसी में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय का इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज BHU, लखनऊ का राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, दिल्ली में ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेदा (AIIA), राजस्थान में जयपुर का नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद (NIA), दिल्ली के नई दिल्ली का आयुर्वेदिक एंड यूनानी तिब्बिया कॉलेज, कर्नाटक के बेंगलुरु का गवर्नमेंट आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, मुंबई का आरए पोदार आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज, पुणे का तिलक आयुर्वेद महाविद्यालय, जामनगर का इंस्टीट्यूट ऑफ टीचिंग एंड रिसर्च इन आयुर्वेदा (ITRA) और केरल के तिरुवनंतपुरम का गवर्नमेंट आयुर्वेद कॉलेज शामिल हैं.

पहले से अंतिम राउंड तक गिरती है रैंक : आयुर्वेद में 2025 की बात की जाए तो पहले राउंड से अंतिम राउंड तक करीब 40 हजार रैंक नीचे गिर गई थी. साल 2025 में नीट के पहले राउंड की सेंट्रल यूनिवर्सिटी की जनरल कैटेगरी के लिए क्लोजिंग रैंक 58420 थी, जबकि फाइनल राउंड में 103515 रैंक पर भी एडमिशन ऑफर किया गया. इसी तरह से गवर्नमेंट कॉलेज की बात की जाए तो पहले राउंड में 74381 रैंक क्लोजिंग थी, जबकि फाइनल राउंड में 108608 पर भी एडमिशन ऑफर किया गया.
पढ़ें. Explainer: पीएम मोदी की 'फ्री ऑनलाइन कोचिंग' की घोषणा, क्या ऑफलाइन जितनी होगी कारगर? जानिए चुनौतियां
होम्योपैथिक 70 से 90 हजार के बीच तक नीचे : होम्योपैथिक कोर्स की बात की जाए तो उसमें भी 70 से 90 हजार के बीच तक नीचे रैंक गिर जाती है. जनरल कैटेगरी के लिए पहले राउंड में सेंट्रल यूनिवर्सिटी में 1.06 लाख पर सीट अलॉट हुई थी, जबकि फाइनल राउंड में 1.98 लाख पर सीट अलॉट हुई हैं. करीब 90 हजार रैंक सेंट्रल यूनिवर्सिटी में नीचे गिर गई हैं. गवर्नमेंट कॉलेज की बात की जाए तो जनरल कैटेगरी की जहां 1.32 लाख के आसपास क्लोजिंग रैंक पहले राउंड में थी, यह लास्ट राउंड में 2.02 लाख पहुंच गई थी. यहां भी करीब 70000 रैंक नीचे गिरी है. यूनानी कोर्स में यह आंकड़ा 1 लाख तक है.

देश में 900 से ज्यादा संस्थान और 55 हजार सीट : देश में आयुष कोर्सेज की बात की जाए तो 900 से ज्यादा संस्थान हैं, जहां पर स्टूडेंट्स पढ़ाई कर सकते हैं और यूजी कोर्सेज वहां पर संचालित हो रहे हैं. इनमें करीब 55 हजार के आसपास सीट हैं. इनमें आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी, नेचुरोपैथी व योग और सिद्धा की सीट शामिल है. ऐसे विद्यार्थी जिनको मेडिकल सीट नहीं मिल पा रही है और एमबीबीएस की जगह दूसरे कोर्सेज की तरफ जाना चाह रहे हैं, उनके लिए यह पांच कोर्सेज मददगार हो सकते हैं.
इस तरह से होंगे पांच राउंड : आयुष एडमिशन सेंट्रल काउंसलिंग कमेटी (AACCC) ने नीट यूजी रिजल्ट के आधार पर 15 फीसदी कोटा काउंसलिंग शुरू कर दी है. पारिजात मिश्रा के अनुसार काउंसलिंग का शेड्यूल पूरे 3 महीने चलने वाला है. इन कोर्सेज में प्रवेश के लिए ऑल इंडिया 15 फीसदी कोटा के तहत 5 राउंड के काउंसलिंग प्रक्रिया का शेड्यूल सोमवार को जारी कर दिया गया है. इनमें तीन राउंड सीधे होंगे. इसके बाद दो स्ट्रे वैकेंसी राउंड होगा, जो 2 दिसंबर तक चलेगा. पहला राउंड 24 सितंबर, दूसरा 11 अक्टूबर, तीसरा 31 अक्टूबर, चौथा 20 नवंबर और पांचवा 2 दिसंबर तक रहेगा.

आयुष काउंसलिंग का पहले राउंड का शेड्यूल
- रजिस्ट्रेशन - 31 अगस्त से 13 सितंबर दोपहर 2:00 बजे तक
- रजिस्ट्रेशन फीस - 31 अगस्त से 13 सितंबर शाम 5:00 बजे तक
- चॉइस फिलिंग - 9 से 13 सितंबर रात 11:55
- चॉइस लॉकिंग - 13 सितंबर को दोपहर 2:00 से रात 11:55 तक
- सीट अलॉटमेंट प्रोसेस - 14 व 15 सितंबर
- सीट अलॉटमेंट रिजल्ट - 16 सितंबर
- जॉइनिंग और रिपोर्टिंग - 17 से 23 सितंबर
- जॉइनिंग कैंडिडेट डेटा वेरिफिकेशन - 24 सितंबर
आयुष काउंसलिंग का दूसरे राउंड का शेड्यूल
- रजिस्ट्रेशन - 26 से 30 सितंबर दोपहर 2:00 बजे तक
- रजिस्ट्रेशन फीस - 26 से 30 सितंबर शाम 5:00 बजे तक
- चॉइस फिलिंग -27 से 30 सितंबर रात 11:55
- चॉइस लॉकिंग - 30 सितंबर को दोपहर 2:00 से रात 11:55 तक
- सीट अलॉटमेंट प्रोसेस - 1 अक्टूबर
- सीट अलॉटमेंट रिजल्ट - 2 अक्टूबर
- जॉइनिंग और रिपोर्टिंग - 3 से 9 अक्टूबर
- जॉइनिंग कैंडिडेट डेटा वेरिफिकेशन - 10 और 11 अक्टूबर
आयुष काउंसलिंग का तीसरे राउंड का शेड्यूल
- रजिस्ट्रेशन - 14 से 20 अक्टूबर दोपहर 2:00 बजे तक
- रजिस्ट्रेशन फीस - 14 से 20 अक्टूबर शाम 5:00 बजे तक
- चॉइस फिलिंग - 15 से 20 अक्टूबर रात 11:55
- चॉइस लॉकिंग - 20 अक्टूबर को दोपहर 2:00 से रात 11:55 तक
- सीट अलॉटमेंट प्रोसेस - 21 व 22 अक्टूबर
- सीट अलॉटमेंट रिजल्ट - 23 अक्टूबर
- जॉइनिंग और रिपोर्टिंग - 24 से 29 अक्टूबर
- जॉइनिंग कैंडिडेट डेटा वेरिफिकेशन - 30 और 31 अक्टूबर
चौथे स्ट्रे वैकेंसी राउंड (1) का शेड्यूल
- रजिस्ट्रेशन - 3 से 9 नवम्बर दोपहर 2:00 बजे तक
- रजिस्ट्रेशन फीस - 3 से 9 नवम्बर शाम 5:00 बजे तक
- चॉइस फिलिंग - 4 से 9 नवम्बर रात 11:55
- चॉइस लॉकिंग - 9 नवम्बर को दोपहर 2:00 से रात 11:55 तक
- सीट अलॉटमेंट प्रोसेस - 10 व 11 नवम्बर
- सीट अलॉटमेंट रिजल्ट - 12 नवम्बर
- जॉइनिंग और रिपोर्टिंग - 13 से 18 नवम्बर
- जॉइनिंग कैंडिडेट डेटा वेरिफिकेशन - 19 व 20 नवम्बर
पांचवा स्ट्रे वैकेंसी राउंड (2) का शेड्यूल
- रजिस्ट्रेशन, फीस, चॉइस फिलिंग व लॉकिंग स्ट्रे वैकेंसी (1) पहले के ही मान्य होंगे
- सीट अलॉटमेंट का प्रोसेस - 23 नवम्बर
- सीट अलॉटमेंट रिजल्ट - 24 नवम्बर
- जॉइनिंग और रिपोर्टिंग - 25 से 30 नवम्बर
- जॉइनिंग कैंडिडेट डेटा वेरिफिकेशन - 1 व 2 दिसम्बर

