क्या बिना सोना-चांदी बेटियों की शादी होगी? ग्राहक ने सीधा कहा- 'नहीं खरीद पाएंगे..'
सोना-चांदी की कीमत इतनी बढ़ गयी है कि बेटी की शादी करने वाले परेशान हैं. दुकान में कदम रखते ही ग्राहक को बुखार आ जाता.

Published : February 9, 2026 at 8:05 PM IST
रिपोर्ट: राजेश कुमार
जमुई: बिहार के जमुई निवासी कुरैशा खातून घर से ज्वेलरी शॉप के लिए निकली थी. सोचकर आयी थी कि सोने का गहना खरीदेंगी, लेकिन दुकान पर आने के बाद जैसे ही सोना का भाव सुनी मानो बुखार लग गया. कुरैशा कहती हैं कि 'अब गहना नहीं ले पाएंगे. ऐसी महंगाई कभी नहीं देखी थी.'
"दुकान आ तो गए हैं, लेकिन सोना बहुत महंगा है. लेने में सक्षम नहीं हैं. कीमत इतनी है कि सुनने के बाद बुखार लग जाता है. मेरी उम्र 43 साल हो गयी, लेकिन पहले कभी इतनी कीमत नहीं हुई थी." -कुरैशा खातून, ग्राहक
आमलोग ज्यादा परेशान: महंगाई का रोना सिर्फ कुरैशा खातून नहीं, बल्कि सभी मिडिल क्लास या फिर लोअर मिडिल क्लास के लोगों के लिए है, जो कभी अपनी हैसियत से सोना-चांदी के जेवरात खरीदते थे, लेकिन आज दुकान में बैठने की भी हैसियत नहीं है. सोना-चांदी की बढ़ती कीमत से आमलोग ज्यादा परेशान हैं.
शादी में महंगाई का तांडव: ग्राउंड रिपोर्ट में जब ईटीवी भारत की टीम बिहार के जमुई में सोना-चांदी की महंगाई का तापमान मापने के लिए पहुंची तो सबसे ज्यादा परेशानी उन लोगों की दिखी, जिनके घर में शादी-समारोह होने वाला है. खासकर जिस घर में बेटी की शादी है, उस घर में महंगाई का असर देखने को मिल रहा है.

'डिस्को पायल नहीं खरीद पाएंगे': जिस दुकान में कुरैशा खातून थी, उसी दुकान में दो और महिलाएं खरीदारी के लिए पहुंची थी. सकीना खातून बताती हैं कि 'डिस्को पायल खरीदने आऐ थे, लेकिन महंगा है. इतना नहीं रहना चाहिए. गरीब अब नहीं खरीद पाएंगे. आसमीन प्रवीण ने बताया कि आऐ थे कुछ खरीदने पर अब ले नहीं पाऐंगे. कीमत बहुत ज्यादा ही हो गया है.
'इतनी महंगाई कभी नहीं देखी': जमुई की रहने वाली समाजसेवी पिंकी वर्मा की बेटी की शादी 24 फरवरी देवघर (झारखंड) में होने वाली है. साड़ी की पैकिंग करते हुए पिंकी वर्मा कहती हैं कि 2005 से मेरे परिवार के कई सदस्यों की शादी हुई है, लेकिन इतनी महंगाई कभी देखने को नहीं मिली. खासकर सोना-चांदी की कीमत लोगों की कमर तोड़ रही है. जेवरात में खर्चा अधिक होने के कारण अन्य खर्चों में कटौती होती है.

"मायका और ससुराल दोनों का परिवार बड़ा है. 2005 से ही दोनों जगह लड़का-लड़की की शादी में शिरकत होने मौका मिला है. बीते कुछ वर्षो में महंगाई से जूझना पड़ रहा है. इसबार खासकर सोने-चांदी की कीमत से हो होश उड़ गए हैं." -पिंकी वर्मा, समाजसेवी
'बढ़ती महंगाई ने कमर तोड़ी': पिंकी वर्मा कहती हैं कि परिवार चाहे जैसा भी हो बेटी की शादी में कम से कम पायल, बिछिया, बेसर, नथ, मांग टीका, ढोलना, अंगूठी, चैन, झुमका आदि देते आए हैं. जो लोग सक्षम नहीं होते हैं के कम से कम 5 जेवर जरूर देते हैं चाहे वह कम वजन का क्यों नहीं हो. लोग अपने सामर्थ्य से बेटी को जेवर देते हैं. लेकिन बढ़ती महंगाई ने कमर तोड़ दी है.

"बढती कीमत के कारण मध्यम वर्ग के लोग सिटी गोल्ड, आर्टिफिशियल, सोने-चांदी का पानी चढ़ा हुआ आभूषण खरीदने के लिऐ मजबूर हैं. कुछ आइटम सोने जिसका वजन कम हो और बाकी आर्टिफिशियल ज्वेलरी खरीद रहे हैं." -पिंकी वर्मा, समाजसेवी
'सरकार को ध्यान देने की जरूरत': पिंकी वर्मा का मानना है कि बढ़ती महंगाई की ओर सरकार को ध्यान देने की जरूरत है, नहीं तो आम लोग इस महंगाई की चक्की में पिसते रहेंगे. हर कोई शादी-विवाह में सोना चांदी खरीदता है. इसके बदले अन्य खर्च में कटौती करता है. कोई मंदिर आदि में शादी कर लेता है तो कोई सिंपल तरीके से शादी करता है.
ग्राहक के साथ दुकानदार भी परेशान: ऐसा नहीं है कि सोना-चांदी की कीमत बढ़ने से सिर्फ ग्राहक परेशान हैं. ग्राहक के साथ-साथ दुकानदार भी परेशान हैं. जमुई शहर में शीशमहल चंदन ज्वेलर्स के मालिक चंदन बताते हैं कि मैं 20 साल से इस बिजनेश से जुड़ा हूं, लेकिन आज तक ऐसी स्थिति कभी नहीं आयी. अभी शादी का समय है, बावजूद ग्राहक खरीदी के लिए नहीं आ रहे.
"पिछले साल शादी के समय में ग्राहक जेवरात खरीदने के लिए आते थे, लेकिन इसबार सोना-चांदी महंगा होने से ग्राहक ही नहीं आ रहे हैं. जो आ रहे हैं वे कम वजन वाले गहने खरीदते हैं. समझ नहीं आ रहा है कि आगे क्या होगा." -चंदन कुमार, शीशमहल चंदन ज्वेलर्स

'आर्टिफिशियल के भरोसे लोग': चंदन बताते हैं कि ग्राहक दुकान में आते हैं. मोल भाव करते हैं और कीमत बढ़ने के कारण सभी आइटम ले नहीं पाते. सगुन के लिऐ कुछ जरूरी कम वजन वाला आइटम लेते हैं. बाकी आइटम के लिऐ सिटी गोल्ड, आर्टिफिशियल, पॉलिश वाले जेवरात खरीद रहे हैं.
दुल्हन पायल की कीमत 4 गुणा: चंदन अपने अनुभव के आधार पर बताते हैं कि पिछले साल तक चांदी की दुल्हन पायल की कीमत 700 से 2000 रुपये तक थी. अब वही दुल्हन पायल की कीमत 10 हजार के करीब पहुंच गयी है. महंगाई के कारण दुकानदार पहले खरीदे गए जेवर ही बेच रहे हैं. नये आभूषण डिमांड के अनुसार मंगवाते हैं. महंगाई से हर कोई परेशान है. सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए.

बिहार में सोने की कीमत: पटना में सोमवार को 22 कैरेट एक ग्राम सोना की कीमत 14,710 रुपये है. 8 ग्राम की कीमत 1 लाख 17 हजार 680 और 10 ग्राम की कीमत 1 लाख 47 हजार 100 रुपये रही. रोजाना कीमत में उतार चढ़ाव दिख रहा है. 24 कैरेट एक ग्राम सोने की कीमत 15 हजार 446 रुपये है. 8 ग्राम की कीमत 1 लाख 23 हजार 568 रुपये और 10 ग्राम सोने की कीमत 1 लाख 54 हजार 460 रुपये रही.
चांदी की कीमत: पटना में सोमवार को एक ग्राम चांदी की कीमत 300 रुपये रही. एक किलो की कीमत 3 लाख रुपये रही. 31 जनवरी से लेकर 9 फरवरी तक चांदी की कीमत में कई बार उतार चढ़ाव देखने को मिले. 8 फरवरी से 9 फरवरी तक एक किलो चांदी की कीमत में 15 हजार रुपये की बढ़ोतरी हुई.
ये भी पढ़ें:

