ETV Bharat / bharat

'गजवा-ए-हिंद' की थी तैयारी, दिल्ली में कटिहार का मोहम्मद सोहेल गिरफ्तार, मां बोली- 'मेरा बेटा तो प्लंबर था'

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गजवा-ए-हिंद साजिश को नाकाम करते हुए बिहार के कटिहार निवासी मोहम्मद सोहेल समेत चार युवकों को गिरफ्तार किया. पढ़ें-

GHAZWA E HIND PLOT KATIHAR
कटिहार के मोहम्मद सोहेल की गिरफ्तारी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : April 19, 2026 at 11:24 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

कटिहार: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने देश में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की कथित साजिश को विफल करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, यह साजिश गजवा-ए-हिंद के नाम से जानी जाती है. गिरफ्तार आरोपियों में सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ने और हथियार-विस्फोटक जुटाने की कोशिशें भी शामिल थी.

बिहार के कटिहार के मोहम्मद सोहेल की गिरफ्तारी: गिरफ्तार चार युवकों में एक बिहार के कटिहार जिले का मोहम्मद सोहेल भी शामिल है. वह मनिहारी थाना क्षेत्र के नवाबगंज बालू टोला का निवासी है. दिल्ली से हुई गिरफ्तारी के बाद गांव में सन्नाटा छा गया है. सोहेल की मां ने बताया कि कुछ दिन पहले दिल्ली पुलिस की टीम उनके घर आई थी और पूछताछ के लिए सोहेल को मनिहारी थाना ले गई थी, जिसके बाद उसे छोड़ दिया गया था. बाद में दस्तावेजों के साथ दिल्ली बुलाया गया, जहां से गिरफ्तारी की खबर मिली.

सोहेल का परिवार और पृष्ठभूमि: परिवार के अनुसार, सोहेल दसवीं कक्षा तक पढ़ा है और पिता के साथ प्लंबर का काम करता था. मां ने दावा किया कि उनके बेटे के किसी आतंकी गतिविधि में शामिल होने की उन्हें कोई जानकारी नहीं है. स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, सोहेल के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कट्टरपंथी विचारधारा को बढ़ावा देने वाले पोस्ट मिले हैं. पुलिस का कहना है कि वह इसरार अहमद जैसे भाषणों से प्रभावित था और युवाओं को जिहाद के नाम पर उकसाता था.

"कुछ दिन पहले भी दिल्ली पुलिस की टीम उनके घर आई थी और देर रात सोहेल को पूछताछ के लिए मनिहारी थाना ले गई थी. पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया था. बाद में कुछ दस्तावेजों के साथ दिल्ली बुलाया गया, जहां अब गिरफ्तारी की सूचना मिली है."-सोहेल की मां

सोशल मीडिया ग्रुप के माध्यम से साजिश: पुलिस जांच में पता चला है कि गिरफ्तार चारों युवक एक बंद सोशल मीडिया कोर ग्रुप से जुड़े थे. इस ग्रुप में युवाओं को कट्टर विचारधारा से जोड़ने, हथियार और विस्फोटक जुटाने तथा क्राउड फंडिंग जैसी चर्चाएं होती थी. सोहेल ने कथित तौर पर अपने बैंक अकाउंट और क्यूआर कोड शेयर कर जिहाद के नाम पर फंड जुटाने की कोशिश की.

अन्य गिरफ्तार युवक और उनकी भूमिका: दिल्ली पुलिस ने मोहम्मद सोहेल के साथ उत्तर प्रदेश के मोसैब अहमद उर्फ सोनू (ठाणे, महाराष्ट्र), मुंबई के मोहम्मद हम्माद और भुवनेश्वर (ओडिशा) के शेख इमरान को भी गिरफ्तार किया है. सभी आरोपी साधारण आर्थिक पृष्ठभूमि से हैं और ऑनलाइन रेडिकलाइजेशन के जरिए इस मॉड्यूल से जुड़े थे.

पुलिस की जांच जारी: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आरोपियों से कई मोबाइल फोन और डिजिटल डिवाइस बरामद किए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच चल रही है. पुलिस का दावा है कि इस साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया है. पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है, जिसमें अन्य मॉड्यूल या लिंक की संभावना भी तलाशी जा रही है. फिलहाल चारों आरोपियों से पूछताछ जारी है.

ये भी पढ़ें-

आजमगढ़ और आतंकवाद; दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया, विस्फोटक बनाने का सामान बरामद

'पाकिस्तान भागने की योजना': लश्कर की साजिश नाकाम, दो खतरनाक आतंकवादी गिरफ्तार

UP ATS की पकड़ में आए चारों संदिग्ध भेजे गए रिमांड पर, आरोप-आतंकवादी घटनाओं को देते थे अंजाम