पति, पत्नी और दो छोटे बच्चों की मिली लाश, दरवाजा अंदर से बंद...फिर किसने चलाई गोली? जांच में जुटी पुलिस
पुलिस यह पता लगा रही है कि, आखिर घर के अंदर किसने गोली चलाई, जिसकी वजह से चार लोगों की मौत हो गई.

Published : January 8, 2026 at 6:01 PM IST
फिरोजपुर: पंजाब के फिरोजपुर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की गोली लगने से मौत का मामला सामने आया है. मरने वालों में पति, पत्नी और उनके दो छोटे बच्चे शामिल हैं. पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है.
घटना के बारे में जानकारी देते हुए एसएसपी फिरोजपुर भूपिंदर सिंह ने बताया कि मरने वालों की पहचान अमनदीप और उसकी पत्नी जसवीर कौर और 2 बच्चों मनवीर और परनीत कौर के तौर पर हुई है, जिनकी उम्र 10 और 6 साल है.
लाशों के पास से एक पिस्तौल भी मिली है. पुलिस ने बताया कि, मामले की जांच की जा रही है कि उन्होंने खुद गोली चलाई या कोई और वजह थी. जांच के बाद ही सच सामने आ पाएगा. पुलिस टीम अंदर लगे सीसीटीवी की जांच कर रही है. खबर के मुताबिक, पीडि़त शख्स फाइनेंस का काम करता था और मकान बनाकर बेचने का भी काम करता था.
खबर के मुताबिक, सुबह जब नौकरानी उनके घर काम करने पहुंची तो अंदर से किसी ने दरवाजा नहीं खोला. इसके बाद नौकरानी ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खोला. जब उन्होंने घर के अंदर झांका तो उनके होश उड़ गए. घर के अंदर परिवार के चार सदस्यों की शव पड़े हुए थे.
खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. सभी चार शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है. फिरोजपुर में डेरा बाबा राम लाल के पास बनी कॉलोनी में यह परिवार रहता था. घर में उनके बच्चों समेत उनकी लाशें बरामद होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.
इस बारे में जानकारी देते हुए पास में रहने वाले पड़ोसी ने बताया कि "जब सुबह नौकरानी उनके घर आई तो उसने डोरबेल बजाई लेकिन अंदर से किसी ने दरवाज़ा नहीं खोला. जिसके बाद पास में रहने वाले किराएदारों ने पड़ोसियों को फोन किया कि अमनदीप सिंह (सोढ़ी) अपने घर का दरवाजा नहीं खोल रहे हैं.
बाद में लोगों ने सोढ़ी के फोन पर कई बार फोन किया. फोन अंदर बजता रहा लेकिन किसी ने दरवाजा नहीं खोला, जिसके बाद लोगों ने दरवाज़े को जोर से धक्का दिया और अंदर जाकर देखा कि घर में चार लोगों की लाशें खून से लथपथ पड़ी थीं.
वहीं शवों के पास से पिस्तौल मिलने से आशंका यह जताई जा रही है कि, मरने वाले ने खुद गोलियां चलाई होंगी. पुलिस ने पड़ोसियों के बयान के आधार पर बताया कि, घर का दरवाजा अंदर से बंद था, इसलिए मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. मौका-ए-वारदात पर फोरेंसिक की टीम को भी बुलाया गया. मामले की डिटेल में जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें: शव तीन टुकड़ों में काटा...सिर ड्रम में...खाली प्लॉट में मिली लाश, मुंबई से लौटे युवक की हत्या

