उत्तराखंड: पूर्व सैनिक कलम सिंह को सेनाध्यक्ष ने किया सम्मानित, इन कार्यों के लिए थपथपाई पीठ
चमोली के पूर्व सैनिक कलम सिंह बिष्ट को दिल्ली में सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने सम्मानित किया.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : January 22, 2026 at 4:45 PM IST
थराली: चमोली के विकासखंड देवाल के अंतर्गत मंडोली निवासी पूर्व सैनिक कलम सिंह बिष्ट को सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने सेना मुख्यालय दिल्ली में सम्मानित किया. सेनाध्यक्ष द्विवेदी द्वारा पूर्व सैनिक कलम सिंह बिष्ट के सेवानिवृत्त के बाद किए गए असाधारण कार्य और उनकी हालिया उपलब्धि पर उन्हें सम्मानित किया है.
चमोली जिले के पूर्व नायक कलम सिंह बिष्ट को सेना की ओर से जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने एक समारोह में 21 जनवरी बुधवार देर शाम सेना मुख्यालय दिल्ली में उनके द्वारा समाज के उत्थान के लिए किए गए कार्यों के लिए सेना की ओर से सम्मानित किया. इस मौके पर जनरल द्विवेदी ने पूर्व नायक बिष्ट की पीठ थपथपाते हुए उनके द्वारा समाज हित में किए गए और किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि, बिष्ट के द्वारा अल्ट्रा रनिंग में उपलब्धियां सेना के हरेक जवान के लिए एक उदाहरण पेश कर रहा है. इस मौके पर जनरल ने उन्हें समाज के लिए और बेहतरीन कार्य करने की शुभकामनाएं भी दी.

सेनाध्यक्ष ने कलम सिंह बिष्ट को सौंपे सराहना पत्र में कहा है कि,
पूर्व सैनिक बिष्ट ने सेवानिवृत्त के बाद सार्थक कर्तव्यनिष्ठा और कार्य दक्षता का परिचय देते हुए देश भक्ति को सर्वप्रथम रखते हुए देश की प्रगति में अनमोल योगदान दिया है. देश के नागरिकों और पूर्व सैनिकों के लिए अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया. मैं इस अद्भुत योगदान के लिए आप की सराहना करता हूं'
इन कार्यों के लिए किया गया सम्मानित: गौर है कि पूर्व सैनिक बिष्ट ने चौथी गढ़वाल राइफल्स (नूरानांग) से सेवानिवृत्त के बाद अपने गांव मंडोली के नाम से मंडोली राइडर्स क्लब की स्थापना की. इस क्लब के माध्यम से बिष्ट क्षेत्र के गरीब हुनरमंद युवक, युवतियों और बच्चों को साइकिलिंग, पर्वतारोही, लंबी दौड़ों, अल्ट्रा ट्रेल रनिंग, पर्यावरण संरक्षण समेत तमाम अन्य का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. इसके अलावा युवाओं को सेना की भी तैयारियां करवा रहे हैं.
यही नहीं, वे भी लगातार अल्ट्रा ट्रेल रनिंग (मैराथन से लंबी दौड़) की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर उत्तराखंड और देश का नाम पूरे विश्व पटल पर रोशन कर चुके हैं. कलम सिंह बिष्ट की सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर कर भाग लेने के कारण क्षेत्र में उनकी विभिन्न मंचों पर भी जमकर सराहना होती आ रही है.
ये भी पढ़ें:
- उत्तराखंड के लिए गौरव का पल, देवभूमि के लाल को मिला सेना मेडल, ऑपरेशन सिंदूर में दिखाया था पराक्रम
- उत्तराखंड के रोहित भट्ट ने एवरेस्ट फतह किया, द्रौपदी का डांडा पर्वतारोहियों को भी श्रद्धांजलि
- जापान में उत्तराखंड के लाल का कमाल, पावर लिफ्टिंग में शशांक तड़ियाल जीते कई पदक
- सेना में उत्तराखंड के लाल को मिली बड़ी जिम्मेदारी, असम राइफल के डीजी बने विकास लखेड़ा

