ETV Bharat / bharat

अखाड़े से अफीम के कारोबार तक: पूर्व नेशनल रेसलर अमित शेओरान ट्रांजिट रिमांड पर रांची लाया गया

पूर्व पहलवान को अफीम तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर तीन दिन के रिमांड पर रांची लाया गया है. प्रशांत कुमार की रिपोर्ट.

wrestler Amit Sheoran arrested
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : August 21, 2026 at 6:15 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: कभी अखाड़े में दांव-पेच दिखाकर राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाला पहलवान अब अफीम तस्करी के आरोप में पुलिस की गिरफ्त में है. 31 वर्षीय पूर्व नेशनल रेसलर अमित शेओरान को दिल्ली से तीन दिन के ट्रांजिट रिमांड पर रांची लाया गया है. दिल्ली क्राइम ब्रांच और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे दिल्ली के मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया था. अब रांची पुलिस उससे अफीम तस्करी के पूरे नेटवर्क को लेकर पूछताछ करेगी.

तीन दिन के ट्रांजिट रिमांड पर रांची पहुंची पुलिस

रांची के हटिया डीएसपी नीरज के अनुसार दिल्ली में गिरफ्तारी के बाद अमित को अदालत में पेश किया गया. अदालत से तीन दिन का ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद रांची पुलिस उसे लेकर रांची पहुंची है. हटिया डीएसपी नीरज के मुताबिक अमित पूर्व में रेसलर रह चुका है. पुलिस अब उससे झारखंड से दिल्ली और हरियाणा तक चलने वाले कथित अफीम तस्करी नेटवर्क के बारे में पूछताछ करेगी. अब जांच में यह पता लगाने की कोशिश होगी कि अफीम की सप्लाई कहां से होती थी, इसे दिल्ली और हरियाणा तक कौन पहुंचाता था और इस नेटवर्क में झारखंड के अलावा दूसरे राज्यों के कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं. पुलिस उसके संपर्कों, सप्लाई चेन और तस्करी के तरीके की भी जानकारी जुटाएगी.

एनडीपीएस मामले में दिसंबर 2023 से फरार, घोषित अपराधी था

रांची के हटिया डीएसपी नीरज ने बताया कि अमित मूल रूप से हरियाणा के रोहतक का रहने वाला है और रांची के धुर्वा (तुपुदाना) थाना क्षेत्र में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में दिसंबर 2023 से फरार था. उसके खिलाफ करीब 492 ग्राम अफीम की बरामदगी से जुड़े मामले में कार्रवाई हुई थी. लंबे समय तक फरार रहने के बाद अदालत ने उसे घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) भी घोषित कर दिया था.

दिल्ली में ऐसे दबोचा गया वांटेड पहलवान

दिल्ली क्राइम ब्रांच की NR-II टीम को अमित के दिल्ली में छिपे होने की सूचना मिली थी. इसके बाद खुफिया तंत्र और तकनीकी निगरानी के जरिए उसकी गतिविधियों का पता लगाया गया. सूचना की पुष्टि के बाद दिल्ली क्राइम ब्रांच और रांची के धुर्वा (तुपुदाना) थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया.

रेसलर की पहचान की आड़ में तस्करी का आरोप

हटिया डीएसपी नीरज ने बताया कि अमित शेओरान पूर्व में रेसलर रह चुका है. पुलिस का कहना है कि उसने रेसलिंग से जुड़ी अपनी पहचान की आड़ में कथित तौर पर अफीम तस्करी का नेटवर्क चलाया. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह अफीम कहां से हासिल करता था और उसे किन-किन लोगों के माध्यम से दूसरे राज्यों तक पहुंचाया जाता था.

दिल्ली-पंजाब तक फैले नेटवर्क की होगी जांच

रांची लाए जाने के बाद अमित से पूछताछ में पुलिस का मुख्य फोकस ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क पर रहेगा. पुलिस यह जानने की कोशिश करेगी कि झारखंड से अफीम की तस्करी दिल्ली और पंजाब तक किस तरीके से की जाती थी. इस नेटवर्क में झारखंड के कौन-कौन लोग शामिल हैं और दूसरे राज्यों में उसके संपर्क किन लोगों से थे, इसकी भी जानकारी जुटाई जाएगी. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास करेगी कि अफीम की सप्लाई के लिए किन रास्तों और माध्यमों का इस्तेमाल किया जाता था. इसके अलावा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और नेटवर्क के आर्थिक लेन-देन की भी जांच की जाएगी.

फिलहाल तीन दिन के ट्रांजिट रिमांड पर रांची पहुंची पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. पूछताछ में मिलने वाली जानकारी के आधार पर पुलिस इस मामले में जुड़े अन्य संदिग्धों तक पहुंचने और पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा करेगी.

ये भी पढ़ें:

पूर्व नेशनल रेसलर अमित श्योराण गिरफ्तार, पहलवान से बाउंसर और फिर बना ड्रग्स तस्कर, खिलाड़ियों के बीच करता था अफीम सप्लाई

चतरा में नशे के कारोबार पर कार्रवाई, अवैध अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार