केरल: कांग्रेस के पूर्व नेता और विधायक को यौन उत्पीड़न के तीसरे मामले में किया गया गिरफ्तार
केरल में कांग्रेस के पूर्व नेता को कनाडा में रह रही एक शादीशुदा महिला की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया.

Published : January 11, 2026 at 10:33 AM IST
पथानामथिट्टा: कांग्रेस के पूर्व नेता और विधायक राहुल मामकूटथिल को उनके खिलाफ दर्ज तीसरी यौन उत्पीड़न की शिकायत के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस की एक स्पेशल टीम ने रविवार को सुबह करीब 12:30 बजे पालक्काड के एक होटल से मामकूटथिल को हिरासत में लिया. इसके तुरंत बाद गिरफ्तारी दर्ज की गई.
गिरफ्तारी के बाद उसे पथानामथिट्टा एआर कैंप लाया गया. पुलिस टीम जिसमें महिला अधिकारी भी शामिल थीं, हिरासत में लेने के लिए आधी रात के आसपास उस होटल में पहुंची जहां राहुल रुका हुआ था. यह गिरफ्तारी तिरुवल्ला की रहने वाली और फिलहाल कनाडा में रह रही एक शादीशुदा महिला की शिकायत के बाद हुई है.
क्या है कनाडा में रह रही महिला की शिकायत
पीड़िता के बयान के अनुसार उसकी राहुल से सोशल मीडिया के जरिए जान-पहचान हुई थी. उसने आरोप लगाया कि राहुल ने उससे पैसे और कीमती सामान लिए थे. उसने आगे बताया कि जब उसने मिलने के लिए कहा, तो राहुल ने रेस्टोरेंट के बजाय एक होटल का कमरा चुना. कमरे में पहुँचने पर, उसने कथित तौर पर उस पर हमला किया और कहा, 'चलो बच्चा पैदा करते हैं.'
शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि जब उसने उसे अपनी प्रेग्नेंसी के बारे में बताया, तो उसने गुस्से में रिएक्ट किया और यह कहकर उसका अपमान किया कि बच्चा किसी और का हो सकता है. हालांकि उसका मिसकैरेज हो गया, लेकिन महिला ने दावा किया कि उसने सबूत संभाल कर रखे हैं और डीएनए टेस्ट करवाया है. उसने यह भी आरोप लगाया कि अगर उसने यह मामला किसी को बताया तो राहुल ने उसके पिता को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी. संबंधित सबूत जांच टीम को सौंप दिए गए हैं.
कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने विधायक पर ये आरोप लगाए हैं. यौन उत्पीड़न, गर्भपात (गर्भ गिराना), वित्तीय शोषण. यह कार्रवाई तब की गई जब पीड़िता ने ईमेल से शिकायत भेजी और पुलिस ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उसका विस्तृत बयान रिकॉर्ड किया. बयान के बाद पुलिस ने विधायक की गतिविधियों पर करीब से नजर रखी. आईजी पुंगुझली के नेतृत्व में पूछताछ चल रही है. पुलिस ने राहुल का मोबाइल फोन जब्त कर लिया. एक डिप्टी एसपी के नेतृत्व में सात सदस्यों की टीम ने उसे हिरासत में लिया. उम्मीद है कि आज बाद में उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा.
क्या हैं पूर्व के मामले
राहुल ममकूट्टाथिल को पहले दो अन्य मामलों में अग्रिम जमानत मिल चुकी थी. इस नई शिकायत के साथ अब उन पर कुल तीन मामले हैं. पहला मामला (नेमोम पुलिस स्टेशन): शादी का झांसा देकर एक महिला का कथित तौर पर रेप करने और उसे गर्भपात कराने के लिए मजबूर करने का आरोप में दर्ज किया गया. हाई कोर्ट ने इस मामले में 21 जनवरी, 2026 तक उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी. दूसरा मामला: एक और महिला द्वारा दायर किया गया, जिसमें उसे पहले एक ट्रायल कोर्ट से अग्रिम जमानत मिल गई थी. तीसरा मामला (11 जनवरी, 2026): पठानमथिट्टा में एनआरआई महिला की शिकायत से संबंधित मौजूदा गिरफ्तारी है.
शुरुआती रेप के आरोपों के बाद कांग्रेस पार्टी ने पहले उसे अपनी प्राथमिक सदस्यता से निकाल दिया था. इस बीच, राहुल ममकूट्टाथिल का कहना है कि आरोप राजनीतिक रूप से प्रेरित हैं और रिश्ते आपसी सहमति से थे.

