मुंबई की सड़क पर विदेशी महिला का 'उत्पीड़न', वीडियो में साझा किया अनुभव, आरोपियों की तलाश में पुलिस
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना दक्षिण मुंबई में हुई, जब दो लोगों ने विदेशी महिला का पीछा किया.

By PTI
Published : February 27, 2026 at 3:00 PM IST
मुंबई: शहर की एक सड़क पर एक विदेशी महिला यात्री का दो लोगों ने कथित तौर पर 'उत्पीड़न' किया. महिला ने आरोप लगाते हुए अपना अनुभव एक वीडियो के जरिये सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया. इसके बाद पुलिस ने आरोपियों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है.
एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि यह घटना दक्षिण मुंबई में हुई. महिला की पहचान इनेस फारिया के तौर पर हुई है, जो एक YouTuber है और पिछले दो महीनों से भारत में घूम रही है.
अधिकारी ने बताया कि दक्षिण मुंबई में, दो अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर उसका पीछा किया और उसके मना करने के बावजूद उसके साथ फोटो खिंचवाने के लिए परेशान करते रहे.
महिला ने जो वीडियो पोस्ट किया है, उसमें दो व्यक्ति लगातार सेल्फी के लिए उसके पास आते दिख रहे हैं. उसके बार-बार मना करने के बाद भी वे लगभग 15 मिनट तक उसका पीछा करते रहे.
अपने इंस्टाग्राम पेज पर पोस्ट किए गए एक नोट में, फारिया ने लिखा, "भारत में मेरे साथ ऐसा पहली बार हुआ, और मैं यहां दो महीने से हूं. मेरा ज्यादातर अनुभव सुंदर, अच्छा और आवभगत जैसा रहा है. लेकिन यह दिन अलग था."
महिला ने आगे लिखा, "मेरे कई बार मना करने के बाद भी वे हमारा पीछा करते रहे, फोटो मांगते रहे. मुझे सहज महसूस नहीं हुआ, और वे बहुत अधिक परेशान करने वाले थे. वे 15 मिनट से अधिक समय तक हमारा पीछा करते रहे और यह सच में बहुत अधिक लगने लगा था. एक समय पर मुझे बचना के लिए उन्हें फिजिकली धक्का देना पड़ा. बस एक रिमाइंडर कि 'नहीं' एक पूरा वाक्य है."
इस घटना पर संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) सत्यनारायण चौधरी ने कहा कि स्थानीय पुलिस और पुलिस उपायुक्त (जोन 3) ने जांच शुरू कर दी है. उन्होंने कहा, "वे पहले से ही जांच में लगे हुए हैं. उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी."
फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उनका पता लगाने की कोशिश कर रही है.
यह भी पढ़ें- गुजरात: सरकारी जमीन पर अफीम की खेती, 9 करोड़ रुपये के बीज जब्त, तीन गिरफ्तार

