कर्नाटक: रिहायशी इलाके में घूमते दिखे 5 टाइगर, लोगों में दहशत
कर्नाटक के चामराजनगर जिले में रिहायशी इलाकों में बाघों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.

Published : December 20, 2025 at 8:52 PM IST
चामराजनगर (कर्नाटक): चामराजनगर जिले में बाघों की बढ़ती गतिविधियों से लोगों में डर का माहौल है. इस बीच, जिले में एक साथ 5 टाइगर घूमते हुए देखे गए. बाघों के विचरण का नजारा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है. घटना चामराजनगर जिले के नंजेदेवनपुरा गांव के पास की है. रिहायशी इलाकों में बाघों की मौजूदगी से गांववालों में दहशत का माहौल है.
नंजेदेवनपुरा में एक झील है, CCTV में 5 बाघों के वहां से गुजरने का सीन रिकॉर्ड हुआ है. आस-पास के गांव वाले यह जानकर हैरान हैं कि झील के पास बाघ देखे गए हैं.
इससे पहले, चामराजनगर जिले के बांदीपुर टाइगर रिजर्व(बीआरटी) के पास वन विभाग के स्टाफ ने बाघों को पकड़ने के लिए नंजेदेवनपुरा और आस-पास के गांवों में सघन तलाशी की थी, लेकिन वे पकड़े नहीं गए. अब जब बाघ फिर से दिखाई दिए हैं, तो किसान चिंतित हैं. सूचना मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर जाकर जांच की.
बता दें, गुरुवार को चामराजनगर जिले के गुंदलुपेट (Gundlupet) में बांदीपुर टाइगर रिजर्व के गुंडलुपेट बफर जोन के अंदर आने वाले मुदुगुर गांव में एक बाघ ने दिनदहाड़े दो गायों पर हमला करके उन्हें मार डाला था. बाघ वन विभाग के लगाए गए कैमरे में कैद हो गया था. शुक्रवार को भी चामराजनगर जिले के गुंडलुपेट तालुक के भीमनाबीडू गांव में दो गायों पर बाघ ने हमला कर दिया था.
यह भी पढ़ें- कुत्ते के पिल्ले के साथ शेरों के पूरे परिवार ने की मस्ती! जंगल के राजा का यह रूप देख लोग हैरान

