अल्मोड़ा जिले में भारी बारिश से टिन शेड गिरा, दो नेपाली श्रमिकों की मौत, दो हादसों में 5 की गई जान
अल्मोड़ा जिले में कई घंटों से लगातार बारिश हो रही है, जिला प्रशासन ने लोगों से बिना काम घर से निकलने से मना किया

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : September 1, 2026 at 2:38 PM IST
अल्मोड़ा (उत्तराखंड): कुमाऊं मंडल का प्रमुख जिला अल्मोड़ा मंगलवार को प्राकृतिक आपदा की मार से लहूलुहान हुआ. पहले सोमेश्वर ब्लॉक में मकान में मलबा घुसने से 3 लोगों की उसमें दबने से मौत हो गई थी. इसके बाद धार की तूनी क्षेत्र में भी प्राकृतिक आपदा ने दो लोगों की जान ले ली. यहां लगातार हो रही बारिश से दीवार गिर गई और दो नेपाली मजदूरों की उसके नीचे दबकर जान चली गई. इस तरह दो हादसों में 5 लोगों की जान चली गई.
टिन शेड गिरने से दो नेपाली श्रमिकों की मौत: अल्मोड़ा जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब लोगों के लिए आफत बनती जा रही है. भारी बारिश के चलते जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुई आपदा की घटनाओं में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है. ताजा मामला अल्मोड़ा के धार की तूनी क्षेत्र से सामने आया है. यहां टिन शेड की दीवार अचानक ढहने से उसके नीचे दबकर दो नेपाली मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई.
*🌧️ उत्तराखण्ड में भारी बारिश के चलते सतर्क रहें।*
— SDRF Uttarakhand Police (@uksdrf) August 30, 2026
नदी-नालों, बरसाती गदेरों एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करें।
🚨 आपात स्थिति में SDRF हेल्पलाइन से संपर्क करें। pic.twitter.com/GXMAJeQCMg
कई घंटों से लगातार हो रही बारिश: बताया जा रहा है कि पिछले कई घंटों से क्षेत्र में लगातार तेज बारिश हो रही थी. इसी दौरान धार की तूनी के पास स्थित टिन शेड की दीवार भरभराकर गिर गई. हादसे में वहां मौजूद दो नेपाली श्रमिक मलबे के नीचे दब गए. घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया.

डीएम मौके पर पहुंचे: मौके पर अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह, जिला आपदा अधिकारी विनीत पाल समेत आपदा प्रबंधन की टीम मौजूद रहीं. टीमों ने मलबा हटाकर दोनों मजदूरों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी. आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल ने बताया कि-
धार की तूनी में दर्दनाक घटना हुई है. टिन शेड के नीचे दबकर दो नेपाली श्रमिकों की मौत हो गई है. हादसे के कारणों की जांच हो रही है.
-विनीत पाल, आपदा प्रबंधन अधिकारी-
ये है हादसे का कारण: अल्मोड़ा जिले में कई घंटों से लगातार बारिश हो रही है. लगातार बारिश के कारण पहाड़ी से ढेर सारा मलबा नीचे आया. मलबे की चपेट में आकर टिन शेड ढह गया. टिन शेड के अंदर सो रहे दो नेपाली मजदूर मलबे में दब गए. इससे दोनों की मौत हो गई.

दो हादसों में पांच की मौत: वहीं इससे पहले सोमेश्वर विकासखंड के वडयूड़ा गांव में भी बारिश के चलते मकान के मलबे में दबने से तीन लोगों की मौत हो चुकी है. इन दोनों घटनाओं के बाद अल्मोड़ा जिले में बारिश और आपदा से मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है. लगातार हो रही बारिश ने जिले में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. कई स्थानों पर भूस्खलन और मलबा आने से सड़कें बाधित हो गई हैं. दर्जनों मार्गों पर यातायात प्रभावित हैं, जबकि कई घरों में भी मलबा घुसने की सूचना है.

लोगों से घरों में रहने की अपील: प्रशासन की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है. आपदा प्रबंधन, एसडीआरएफ और अन्य राहत टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं. लगातार बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है.
ये भी पढ़ें: उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा, भारी बारिश से मकान में घुसा मलबा, तीन लोगों की मौत

