खैरागढ़ में केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, कई किलोमीटर दूर तक दिखीं लपटें और धुएं का गुबार
फैक्ट्री में लगी आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं. फैक्ट्री के भीतर कोई मौजूद है या नहीं इसका पता नहीं चल पाया है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 16, 2026 at 9:43 PM IST
खैरागढ़: जालाबांध इलाके के मोहंदी में जय केमिकल फैक्ट्री में आज भीषण आग लग गई. फैक्ट्री में आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा फैक्ट्री परिसर लपटों और धुएं के गुबार में घिर गया. आग लगने की घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी के हालात बन गए.
केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया. मौके पर मौजूद लोगों के द्वारा बताया गया कि दमकल की चार गाड़ियां लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं. दोपहर लगभग 1 बजे से आग बुझाने का काम जारी है. फैक्ट्री में केमिकल बनाने का काम किया जाता था लिहाजा केमिकल में लगी आग को काबू करने में दिक्कत आ रही है.
कई किलोमीटर दूर तक दिखीं लपटें और धुएं का गुबार
केमिकल फैक्ट्री में आग लगने की घटना को लेकर विजय कुमार मिश्रा, थाना प्रभारी घुमका ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. फिलहाल प्राथमिकता आग पर नियंत्रण पाने और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित रखने पर दी जा रही है. साथ ही पूरी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
घटना के बाद कुछ कर्मचारियों के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं कि आग लगने के दौरान फैक्ट्री के अंदर कर्मचारियों को रोका गया था और वे बाहर निकलना चाहते थे. हालांकि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है.
आग पर काबू पाने का काम जारी
स्थानीय लोगों के अनुसार आग की लपटें इतनी तेज और भयावह थी कि करीब 5 किलोमीटर दूर से भी दिखाई पड़ रही थी, वहीं आसमान में उठ रहा धुएं का गुबार गुब्बारे के आकार का नजर आ रहा था, जिसे लगभग 30 किलोमीटर दूर से भी देखा जा सकता था. केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगने से आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया.
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करने की अपील की है. फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, फैक्ट्री के अंदर मौजूद लोगों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि भी बाकी है. साथ ही जनहानि या बंधक बनाए जाने जैसे आरोपों की जांच जारी है. यह घटना औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था और आपदा प्रबंधन को लेकर भी कई सवाल खड़े कर रही है. प्रशासन और राहत दल लगातार स्थिति को नियंत्रण में लाने का प्रयास कर रहे हैं.
पेंट फैक्ट्री में लगी भीषण आग, बिलासपुर के तिफरा औद्योगिक इलाके में अफरा तफरी
भिलाई इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन में हादसा, हाइड्रा की चपेट में आने से 24 वर्षीय मजदूर की मौत
रायपुर में डामर गोली की फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आसमान में छाया काले धुएं का गुबार

