ETV Bharat / bharat

तेजस्वी यादव के खिलाफ पटना में FIR दर्ज, जानें क्या है मामला?

पटना में आरजेडी के सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सियासी विवाद, बीजेपी मीडिया प्रमुख ने कोतवाली थाने में दिया आवेदन. रिपोर्ट- राजीव रंजन पाठक.

TEJASHWI YADAV
तेजस्वी यादव (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : August 22, 2026 at 6:27 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना : राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सियासी विवाद खड़ा हो गया है. बीजेपी के मीडिया प्रमुख दानिश इकबाल ने पटना के कोतवाली थाने में आवेदन देकर आरजेडी के सोशल मीडिया अकाउंट पर कथित तौर पर आपत्तिजनक और विवादित पोस्ट किए जाने का आरोप लगाया है. बीजेपी नेता ने आवेदन में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव सहित कई लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

क्या है पूरा मामला? : दानिश इकबाल के मुताबिक, वह पटना स्थित बीजेपी मुख्यालय में अपने सहयोगियों के साथ मीडिया से जुड़े कार्यों में जुटे थे. इसी दौरान उन्होंने आरजेडी के फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट देखा. बीजेपी नेता का आरोप है कि पोस्ट में यूट्यूबर कमलेश यादव द्वारा मृत व्यक्ति स्वर्गीय हरिनारायण राजभर का इंटरव्यू लिए जाने का जिक्र किया गया है.

दानिश इकबाल अपनी बात रखते हुए (ETV Bharat)

''सोशल मीडिया पोस्ट में बीजेपी कार्यकर्ताओं को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक और गाली-गलौज वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया है. इस तरह की सामग्री सोशल मीडिया के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच सकती है. इससे सामाजिक स्तर पर वैमनस्य और विद्वेष की स्थिति पैदा होने की आशंका है.''- दानिश इकबाल, मीडिया प्रमुख, बीजेपी

कानून के तहत कार्रवाई करने की मांग : आवेदन में तेजस्वी यादव, पत्रकार कमलेश यादव और यूट्यूब चैनल से जुड़े संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है. बीजेपी मीडिया प्रमुख ने अपने आवेदन में कहा है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की कथित आपत्तिजनक सामग्री का प्रसार कानून-व्यवस्था के लिए भी चुनौती पैदा कर सकता है. उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई करने की मांग की है.

Danish Iqbal
शिकायत की कॉपी दिखाते दानिश इकबाल (ETV Bharat)

आपत्तिजनक पोस्ट हटाने की भी मांग : इसके अलावा बीजेपी नेता ने आरजेडी के सोशल मीडिया अकाउंट और संबंधित प्लेटफॉर्म पर मौजूद कथित आपत्तिजनक पोस्ट को हटाने की भी मांग की है. दानिश इकबाल ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर यह पता लगाने की मांग की है कि कथित पोस्ट किसके माध्यम से तैयार और प्रसारित किया गया. साथ ही पोस्ट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच करने की मांग की गई है.

फिलहाल, इस मामले में पुलिस की ओर से प्राथमिकी दर्ज किए जाने या जांच शुरू किए जाने को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. ऐसे में बीजेपी नेता के आवेदन के बाद पुलिस की अगली कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है. आरजेडी के सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सामने आए इस विवाद के बाद बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज होने के आसार हैं. बीजेपी ने जहां पोस्ट को लेकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है, वहीं अब आरजेडी की ओर से इस मामले में प्रतिक्रिया का इंतजार है. पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि सोशल मीडिया पोस्ट के संबंध में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है.

ये भी पढ़ें :-

'पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और BJP सांसद की भूमिका की जांच हो', रोशन यादव के परिजनों से मिले तेजस्वी यादव

रामनरेश राय के परिवार से मिले तेजस्वी यादव, बिहार पुलिसिंग पर उठाए सवाल