किसान पिता ने बेटी को हेलीकॉप्टर से किया विदा, उड़न खटोला देखने उमड़ी भीड़
हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए प्रशासन से पूर्व अनुमति ली गई थी. सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा.

Published : February 27, 2026 at 1:58 PM IST
|Updated : February 27, 2026 at 4:43 PM IST
नागौर: जिले से जुड़ी एक शादी इन दिनों क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है. एक किसान पिता ने अपनी बेटी की विदाई पारंपरिक डोली या कार से नहीं, बल्कि हेलीकॉप्टर से कर समाज में नई मिसाल पेश की. हेलीकॉप्टर से हुई इस अनोखी विदाई को देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी.
नागौर के ग्राम ब्यौहारी निवासी किसान मृगेंद्र सिंह मंटू की पुत्री मृगांशी सिंह का विवाह मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के ग्राम धमनी गढ़ी निवासी कुंवर अंजय सिंह (नन्हू) के पुत्र इंजीनियर कुंवर आदित्य सिंह के साथ नागौर स्थित हरि सदन शांति प्रकाश छाया ब्यौहारी हाउस में पूरे पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ. विवाह समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे. बुधवार सुबह विदाई के समय एक अनोखा दृश्य देखने को मिला, जब दुल्हन की विदाई हेलीकॉप्टर से की गई.
पढ़ें: आखिर क्या बात हुई कि रो पड़े पचपदरा विधायक चौधरी ? देखिए...
घर के सामने बनाया गया हेलीपैड: दुल्हन के घर के सामने विशेष रूप से अस्थायी हेलीपैड तैयार किया गया था. जैसे ही हेलीकॉप्टर गांव के ऊपर मंडराया, ग्रामीणों में उत्साह की लहर दौड़ गई. बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए. हेलीकॉप्टर की लैंडिंग और टेकऑफ देखने के लिए विवाह स्थल के पास भारी भीड़ जमा हो गई. ग्रामीणों के लिए यह नजारा किसी उत्सव से कम नहीं था. लोगों ने नवदंपती को सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं. दूल्हा आदित्य सिंह एक निजी कंपनी में इंजीनियर हैं. उनके पिता अजय सिंह क्षेत्र के बड़े किसान होने के साथ पूर्व जनपद पंचायत सोहागपुर के उपाध्यक्ष रह चुके हैं. हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए प्रशासन से पूर्व अनुमति ली गई थी. सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा. ग्रामीण परिवेश में हेलीकॉप्टर से हुई यह विदाई पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी रही. सोशल मीडिया पर भी इस अनोखी विदाई के वीडियो और तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं.

