ETV Bharat / bharat

लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास धमाके में 9 की मौत, 20 घायल; गृहमंत्री ने दिए जांच के आदेश

दिल्ली के लोकनायक अस्पताल में तीस से ज्यादा घायलों का इलाज चल रहा है. वहीं 9 लोगों के मौत की खबर है.

लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर एक के पास कार में धमाका
लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर एक के पास कार में धमाका (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : November 10, 2025 at 7:24 PM IST

|

Updated : November 10, 2025 at 9:25 PM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: दिल्ली में सोमवार शाम को लाल किले के पास खड़ी एक कार में तेज़ धमाके के साथ विस्फोट हुआ. इस शक्तिशाली विस्फोट से कई वाहनों में आग लग गई और खिड़कियों के शीशे टूट गए. अधिकारियों के अनुसार, 9 लोगों की मौत हो गई है. 20 से ज्यादा घायल हैं.

LIVE UPDATE-

  • गृहमंत्री अमित शाह मौके पर पहुंचे
  • स्थिति का लिया जायजा
  • गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस-NIA को त्वरित जांच के आदेश दिए हैं.
  • लोक नायक अस्पताल के एमडी डॉ. बीएल चौधरी ने बताया कि 9 लोगों की मौत हो गई है. 20 से ज्यादा घायल हैं.
  • धमाके के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने मीडिया को बताया कि लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास आई-20 कार में धमाका हुआ है. आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच के आदेश दिए गए हैं.
  • लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुए विस्फोट के बाद फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. नमूने लिए हैं.

दिल्ली विस्फोट पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "आज शाम करीब 7 बजे दिल्ली में लाल किले के पास एक हुंडई i20 कार में विस्फोट हुआ. विस्फोट के कारण 3-4 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, और लोग घायल भी हुए, और कुछ की मौत हो गई. घायलों का यहां इलाज किया जा रहा है. हमने सभी कोणों को खुला रखते हुए गहन जांच शुरू की है. विस्फोट की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच, एनआईए टीम, एसपीजी टीम और एफएसएल टीम घटनास्थल पर पहुंची और तेजी से सभी जांच कर रही है.

घटना पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पर लिखा, लाल किले के पास हुई कार विस्फोट की घटना अत्यंत पीड़ादायक और चिंताजनक है. इस दुखद हादसे में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करती हूं. ईश्वर से प्रार्थना है कि घायल शीघ्र स्वस्थ हों. प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है. दिल्ली पुलिस, एनएसजी, एनआईए और एफएसएल की टीमें मिलकर पूरे मामले की गहन जाँच में जुटी हैं. सभी दिल्लीवासियों से निवेदन है कि अफवाहों से बचें और शांति बनाए रखें. कृपया केवल पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें.

दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने कहा, 'आज शाम करीब 6.52 बजे एक धीमी गति से चल रही गाड़ी लाल बत्ती पर रुकी. उस गाड़ी में विस्फोट हुआ और विस्फोट की वजह से आस-पास की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा. सभी एजेंसियां, FSL, NIA, यहां हैं... घटना में कुछ लोगों की मौत हुई है और कुछ घायल हुए हैं. स्थिति पर नजर रखी जा रही है. गृह मंत्री ने भी हमें बुलाया है और समय-समय पर उनके साथ जानकारी साझा की जा रही है.'

मृतक व घायलों की सूची
मृतक व घायलों की सूची (ETV Bharat)

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने X पर लिखा, दिल्ली में हुए भीषण धमाके की घटना अत्यंत दुखद और चिंताजनक है. दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि, और उनके परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. हम सभी इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ हैं. प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि सभी घायलों को आवश्यक चिकित्सीय सहायता तुरंत पहुंचे.

उधर भीषण ब्लास्ट की चांदनी चौक ट्रेडर्स परिषद ने कड़ी निंदा की है. परिषद के प्रधान सुरेश बिंदल ने बताया कि यह इलाका व्यापारियों, उपभोक्ताओं और लोडिंग-अनलोडिंग के लिए बेहद व्यस्त रहता है. शुरुआती सूचनाओं के अनुसार नुकसान की स्थिति काफी गंभीर है और चश्मदीदों के मुताबिक मृतकों की संख्या भी अधिक हो सकती है.

दिल्ली में हाई अलर्ट, कार में तेज धमाका (ETV Bharat)

दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, लाल किले के पास हुए धमाके की खबर बेहद चिंताजनक है. यह विस्फोट लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक कार में हुआ, जिसके बाद आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों में भी आग लग गई. धमाका इतना शक्तिशाली था कि कई मीटर दूर खड़े वाहनों के शीशे टूट गए और भीड़भाड़ वाले इलाके की आस-पास की इमारतों में भी इसकी आवाज़ सुनी गई.

दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक कार में हुआ. इसकी तीव्रता काफी ज़्यादा थी. कई लोगों के घायल होने की आशंका है."

लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर एक के पास कार में धमाका (ETV Bharat)

ज़बरदस्त विस्फोट के बाद घटनास्थल पर कई वाहनों के क्षतिग्रस्त होने से इलाके में दहशत फैल गई. एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, "मैं गुरुद्वारे में था जब मैंने एक तेज़ आवाज़ सुनी. हम समझ नहीं पाए कि वह क्या थी, वह काफी तेज़ थी. आस-पास के कई वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए."

दिल्ली फायर सर्विस ने आग पर काबू पा लिया है. 8 गाड़ियां जली हैं. इसके साथ ही कई और गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई हैं. लोकनायक अस्पताल में पांच घायलों के लाए जाने की सूचना है.

धमाके के बाद मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया है. दिल्ली फायर विभाग से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली फायर की टीम को लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 से धमाके की कॉल आई. फिलहाल मौके पर दमकल बाकी तीन गाड़ियां भेजी गई हैं. दमकल विभाग का कहना है कि उन्हें कार में धमाके की कॉल मिली है.

मौके पर अभी तक दमकल विभाग की 7 गाड़ियां पहुंच चुकी हैं. शुरुआती जांच में दिल्ली पुलिस का कहना है कि पार्क में गाड़ी खड़ी थी उसमें ब्लास्ट हुआ है बाकी सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंच रहे हैं. घटना में हुई क्षति के बारे में फिलहाल कुछ अभी तक अपडेट नहीं आया है.

शुरुआती जांच से पता चला है कि यह धमाका मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में हुआ है, जिसके बाद कार में आग लग गई. मौके पर दिल्ली पुलिस की टीम और दमकल विभाग के वाहन पहुंच गए हैं. अभी कोई ऑफिशियल बयान सामने नहीं आया है.

घनी आबादी वाले एरिया में धमाका: लाल किला क्षेत्र दिल्ली के सबसे ज्यादा बिजी और घनी आबादी वाले एरिया है. दिल्ली फायर विभाग के मुताबिक, लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक कार में विस्फोट की सूचना मिली, जिसके बाद आसपास खड़ी तीन से चार गाड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं और क्षतिग्रस्त हो गईं.

यह भी पढ़ें-

प्रदूषण के मुद्दे पर CTI ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, दिल्ली के व्यापार में कमी का दिया हवाला

अगले 45 दिन दिल्ली की इस सड़क पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, लग सकता है घंटों का जाम-समझिए पूरा रूट

Last Updated : November 10, 2025 at 9:25 PM IST