ETV Bharat / bharat

अंकिता केस के जरिए लाया सियासी भूचाल! कुछ दिन रहे 'अंडरग्राउंड', अब सामने आए सुरेश राठौर-उर्मिला सनावर

सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर की पर्सनल फाइट से उछला अंकिता भंडारी केस,प्रदेश में बवाल हुआ तो दोनों हुए अंडरग्राउंड,अब करेंगे एसआईटी जांच में सहयोग

URMILA SANWAR VIDEO
उर्मिला सनावर और सुरेश राठौर (फोटो सोर्स- FB@Actress Urmila Suresh Rathore/Suresh Rathore)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : January 6, 2026 at 10:47 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून: उत्तराखंड में साल 2022 में हुई अंकिता भंडारी हत्याकांड का मामला लगभग ठंडा पड़ गया था, लेकिन साल 2025 के जाते-जाते इस मामले ने ऐसी चिंगारी पकड़ी कि उत्तराखंड से लेकर दिल्ली तक बवाल हो गया. इस केस में चिंगारी सुलगाने का काम बीजेपी से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी उर्मिला सनावर ने किया. वहीं, मामले में बवाल मचने और मुकदमा दर्ज होने पर दोनों गायब से हो गए. अब दोनों सामने आए हैं और जांच में सहयोग करने के लिए उत्तराखंड के लिए निकल पड़े हैं. वहीं, उर्मिला देहरादून भी पहुंच गई हैं.

उर्मिला सनावर के वीडियो से मचा बवाल: फिल्म एक्ट्रेस उर्मिला सनावर ने अंकिता प्रकरण में कथित 'वीआईपी' का खुलासा करते हुए बातचीत से जुड़े ऑडियो को लेकर वीडियो जारी कर दिए. फिर क्या उत्तराखंड की सियासत में ऐसा भूचाल आया कि जो बीजेपी और सरकार के संभले नहीं संभल रहा है. इस मुद्दे को विपक्ष ने लपकते हुए सरकार को चौतरफा घेरना शुरू कर दिया. उधर, मामले पर जनता भी सड़कों पर आ गई.

विपक्षी दल समेत तमाम सामाजिक संगठन प्रदर्शन करते हुए अंकिता हत्याकांड में सीबीआई जांच की मांग को लेकर सीएम आवास कूच कर दिया. इधर, सुरेश राठौर और उर्मिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया. जिसके बाद से ही दोनों अंडरग्राउंड हो गए. हालांकि, बीच-बीच में उर्मिला वीडियो जारी करती रहीं. एक वीडियो में तो वो रोती हुईं नजर आईं थी. जिसमें वो पुलिस पर गंभीर आरोप लगाती दिखीं.

वहीं, बीती रोज यानी 5 जनवरी को अंकिता प्रकरण में नाम घसीटे जाने पर बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने सुरेश राठौर और उर्मिला समेत कुछ राजनीतिक दलों के खिलाफ छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करवा दिया. आज यानी 6 जनवरी को खुद सीएम धामी भी सामने आए और प्रकरण पर अपनी बात रखी. सीबीआई जांच की मांग पर उनका कहना था कि सरकार किसी भी प्रकार की जांच से पीछे नहीं हटेगी.

सुरेश राठौर ने पुलिस के सामने उपस्थित होने की कही बात: इधर, सुरेश राठौर और उर्मिला को पुलिस खोज ही रही थी कि सुरेश राठौर ने नैनीताल हाईकोर्ट से दो मुकदमे में राहत मिल गई. कोर्ट ने दो मुकदमों में गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है. जिसके बाद सुरेश राठौर ने अपने सोशल मीडिया पेज पर एक वीडियो जारी किया है. जिसमें वो पुलिस और प्रशासन के सामने आकर सहयोग करने की बात कहते नजर आ रहे हैं. साथ ही तमाम तथ्यों को सामने रखने की बात कही है.

"मेरे ऊपर कुछ मिथ्या आरोप लगाए गए थे. मैंने उस पर मीडिया के जरिए अपनी बात पहुंचाने का काम किया. मैं दुखी मन से एकांतवास से निकल गया हूं. अपनी पत्नी को 5-7 दिनों में लौटने की बात कहकर निकल गया हूं. मैं दुखी मन से जल्द सभी के समक्ष उपस्थित रहूंगा. पुलिस, शासन एवं प्रशासन का पूरा सहयोग करूंगा. जो भी तथ्य है, उसे सबके सामने रखूंगा. मिथ्या आरोपों से मैं और मेरा मन काफी दुखी है, जो भी जांच अधिकारी है, उनके बीच आकर तमाम तथ्य रखूंगा."- सुरेश राठौर, पूर्व विधायक

उर्मिला सनावर भी देहरादून के लिए निकली: उधर, उर्मिला सनावर ने भी एक वीडियो जारी कर एसआईटी जांच में पुलिस का सहयोग करने की बात कही है. उनका कहना है कि प्रशासन ने सुरक्षा का आश्वासन दिया है. अब वो 9 दिन यानी अज्ञातवास से निकल कर अंकिता को न्याय दिलाने के निकल गई हैं.

वहीं, उर्मिला सनावर देहरादून भी पहुंच गई हैं. पुलिस ने मुलाकात के बाद पूछताछ के लिए बुलाया है. अब बुधवार को उर्मिला सनावर से पूछताछ होगी. अभी उर्मिला देहरादून के एक निजी होटल में ठहरी हैं. उर्मिला ने दावा किया है कि उसके पास अहम सबूत है. जिसे वो पुलिस को सौंपेगी.

"मैं एसआईटी जांच में सहयोग करने के लिए आई हूं. जो मुकदमे दर्ज हुए हैं, वो निराधार हैं. मेरे पास पुख्ता सबूत हैं, जिसे मैं पुलिस के समक्ष पेश करूंगी."- उर्मिला सनावार, फिल्म एक्ट्रेस

ये भी पढ़ें-