बीजापुर में एनकाउंटर, इंद्रावती नदी के किनारे जवानों ने माओवादियों को घेरा, 2 नक्सली ढेर
बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा, अबतक 2 माओवादियों के शव बरामद किए जा चुके हैं.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 26, 2026 at 10:11 AM IST
बीजापुर: एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान आज सुबह जवानों की मुठभेड़ माओवादियों से हो गई. एनकाउंटर इंद्रावती नदी के इलाके में हुई. दरअसल, फोर्स को खबर मिली थी कि इलाके में मोवादियों की मूवमेंट देखी गई है. सूचना मिलते ही जवानों की टीम मौके के लिए रवाना हुई. सर्च अभियान शुरू ही हुआ था कि नक्सलियों की ओर फायरिंग शुरू हो गई. जवानों ने भी बिना देर किए माओवादियों को मुंहतोड़ जवाब दिया.
एनकाउंटर में 2 वर्दीधारी नक्सली ढेर, हथियार और गोला बारूद बरामद
बीजापुर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने बताया कि मुठभेड़ के बाद मौके से 2 वर्दीधारी नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं. एनकाउंटर वाली जगह से एसएलआर और इंसास राइफल सहित 12 बोर की राइफल बरामद की गई है. इलाके में सर्चिंग के दौरान बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामान भी मिला है. शक जताया जा रहा है कि नक्सली किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में जमा हुए थे. एनकाउंटर के दौरान घने जंगलों का फायदा उठाकर कई माओवादी भाग निकले हैं जिनकी तलाश जारी है.
इलाके में सुरक्षा अभियान लगातार जारी है. हमारे बहादुर जवान जब वापस कैंप लौटेंगे तो पूरी जानकारी विस्तार के साथ जारी की जाएगी: सुंदरराज पट्टलिंगम, पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज
इंद्रावती नदी के किनारे एनकाउंटर हुआ है. एनकाउंटर खत्म होने के बाद इलाके में सघन सर्चिंग अभियान चलाया गया. सर्चिंग के दौरान हमें 2 वर्दीधारी माओवादियों के शव मिले हैं. सुरक्षा के लिहाज से इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है. एनकाउंटर वाली जगह से हथियार और गोला बारूद बरामद किया गया है: जितेंद्र यादव, बीजापुर, एसपी
एटेपाल-इंद्रिनार गांव में सर्चिंग, नक्सली स्मारक जमींदोज
एनकाउंटर से एक दिन पहले मिरतुर थाना इलाके के एटेपाल-इंद्रिनार गांव में सर्चिंग के दौरान जवानों को माओवादी स्मारक दिखाई पड़ा. जवानों ने माओवादियों की याद में बनाए गए नक्सली स्मारक को मौके पर ही जमींदोज कर दिया. नक्सली स्मारक को ध्वस्त करने के बाद इलाके में लगातार सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और सीएम विष्णु देव साय सहित डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद के सफाए की बात कही है.
20 फरवरी: 4 अवैध नक्सल स्मारक ध्वस्त
फरसेगढ़ और तर्रेम थाना क्षेत्रों में चलाए गए अलग-अलग अभियानों में सुरक्षाबलों ने 4 अवैध नक्सली स्मारकों को गिराया. यह कार्रवाई नक्सल प्रभाव कम करने के लिए की गई.
19 फरवरी: दो शक्तिशाली IED बरामद
ईलमिड़ी थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने दो शक्तिशाली IED बरामद किए. बीडीडी टीम ने मौके पर ही बम को ब्लास्ट कर निष्क्रिय कर दिया. इस कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है.
18 फरवरी: जंगल में कार्रवाई, स्मारक और IED नष्ट
गंगालूर क्षेत्र में कार्रवाई थाना क्षेत्र के पेद्दाजोजेर जंगल में करीब 7 फीट ऊंचा अवैध नक्सली स्मारक ढूंढकर गिरा दिया गया. वहीं भोपालपटनम थाना क्षेत्र के कोण्डापड़गु जंगल में 214वीं बटालियन की टीम ने डिमाइनिंग के दौरान बीयर बोतल में छिपाए गए दो IED बरामद कर नष्ट किए.

