वाराणसी से दिल्ली जा रहे विमान में धुएं से हड़कंप, लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग !
वाराणसी से दिल्ली जा रहे विमान की जांच पड़ताल हो रही है. सभी पैसेंजर सुरक्षित हैं. विमान के कार्गो क्षेत्र में धुंआ दिखा था.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : September 3, 2026 at 11:38 AM IST
लखनऊ: राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उसे समय हड़कंप मच गया, जब वाराणसी से दिल्ली जा रही विमान के पायलट ने लखनऊ के एयर ट्रैफिक कंट्रोल से विमान को इमरजेंसी लैंडिंग की परमिशन मांगी.
पायलट ने बताया कि विमान में कार्गो क्षेत्र से धुंआ दिख रहा है. एयर ट्रैफिक कंट्रोल में इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना पर एयरपोर्ट पर सभी प्रोटोकॉल को लागू करते हुए इमरजेंसी लैंडिंग की परमिशन दी. विमान लगभग 9 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारा गया. विमान के सभी यात्रियों को बाहर निकाल कर जांच पड़ताल की जा रही है.
गुरुवार को सुबह 8 वाराणसी से दिल्ली के लिए जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस में विमान संख्या ए आई 1253 ने समय से उड़ान भरी. वाराणसी से दिल्ली जाते समय लखनऊ के आसपास विमान के क्रू मेंबरों को कार्गो साइड में कुछ धुंआ उठता दिखा, जिसके बाद क्रू मेंबरों ने इसकी सूचना विमान के पायलट को दी.
विमान के पायलट ने पास के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट लखनऊ के एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया. पायलट ने विमान में धुंआ होने की बात बताकर इमरजेंसी लैंडिंग की परमिशन मांगी.
एयर ट्रैफिक कंट्रोल द्वारा सभी एजेंसियों को अलर्ट करने के बाद लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान को उतारने की परमिशन दी.
विमान के उतरते ही विमान में मौजूद सभी 155 यात्रियों को बाहर निकाल गया. जिसके बाद मौके पर पहुंची सुरक्षा एजेंटीयों ने विमान की जांच पड़ताल शुरू कर दी.
हालांकि अभी तक विमान में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है ना ही कहीं से धुंआ निकलता दिखाई दे रहा है. एहतियात के तौर पर विमान की पूरी तरह से जांच पड़ताल की जा रही है. सभी यात्रियों को विमान से उतार कर सुरक्षित स्थान पर बैठाया गया है.
एयरपोर्ट प्रवक्ता ने बताया कि वाराणसी से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की विमान संख्या एआई 1253 को करीब 8:55 पर लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है. विमान के सभी 155 यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकला गया है. इसके बाद सुरक्षा एजेंसी मामले की जांच पड़ताल कर रही हैं. जांच करने के बाद विमान को दिल्ली के लिए रवाना किया जाएगा.

