ETV Bharat / bharat

कॉर्बेट में आज से हाथियों की गणना शुरू, 72 बीटों में 150 से ज्यादा वनकर्मी जुटे, WII रिसर्चर भी शामिल

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व अपनी समृद्ध जैव विविधता और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास के लिए जाना जाता है.

Corbett Tiger Reserve
हाथियों की गणना में लगे वन्यकर्मी (Photo- Corbett Tiger Reserve)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : May 26, 2026 at 11:58 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रामनगर (उत्तराखंड): विश्व प्रसिद्ध कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में आज से हाथियों की गणना का विशेष अभियान शुरू हो गया है. पार्क प्रशासन द्वारा यह अभियान 26 मई से 30 मई तक चलाया जाएगा. जिसके तहत रिजर्व की सभी 72 बीटों में हाथियों की संख्या और उनकी गतिविधियों का आंकलन किया जाएगा. इस कार्य में 150 से अधिक वनकर्मी और विशेषज्ञ लगाए गए हैं.

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में बाघों के साथ-साथ हाथियों की भी नियमित गणना कराई जाती है. पार्क प्रशासन के अनुसार साल 2015 में हुई गणना में कॉर्बेट लैंडस्केप में करीब 850 हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई थी, जबकि साल 2020 की गणना में यह संख्या बढ़कर 1226 से अधिक पहुंच गई थी, ऐसे में इस बार की गणना को बेहद अहम माना जा रहा है.

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में गजराजों की गणना शुरू (Video-ETV Bharat/Corbett Tiger Reserve)

गणना में WII करेगा मदद: पार्क प्रशासन का कहना है कि इस बार हाथियों की गणना वैज्ञानिक तरीके से की जा रही है. इसके लिए Wildlife Institute of India यानी WII का सहयोग लिया जा रहा है. हर रेंज में अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं, जिनमें वनकर्मियों के साथ WII के रिसर्चर भी शामिल हैं, ये टीमें हाथियों की गतिविधियों, उनके मूवमेंट, झुंड की संख्या और निवास क्षेत्रों का विस्तृत रिकॉर्ड तैयार करेंगी.

Corbett Tiger Reserve
पानी में खेलता हाथी का झुंड. (Corbett Tiger Reserve)

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि पिछली गणना के अनुसार पूरे कॉर्बेट लैंडस्केप में 1200 से ज्यादा हाथी मौजूद हैं. उन्होंने कहा कि इस बार गणना कार्य शुरू होने से पहले वनकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि आंकड़ों में अधिक सटीकता लाई जा सके. उन्होंने बताया कि गणना के दौरान जुटाए गए सभी आंकड़े WII को भेजे जाएंगे, जिसके आधार पर पूरे उत्तराखंड में हाथियों की वास्तविक संख्या का आकलन किया जाएगा.

Corbett Tiger Reserve
हाथियों के मूवमेंट और उनके समूहों पर रहेगी नजर (Photo- Corbett Tiger Reserve)

यह अभियान वन्यजीव संरक्षण और हाथियों के सुरक्षित आवास प्रबंधन के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा. कॉर्बेट में हाथियों की बढ़ती संख्या वन्यजीव संरक्षण की सफलता मानी जा रही है, यही वजह है कि इस बार की गणना पर वन विभाग के साथ-साथ वन्यजीव विशेषज्ञों की भी खास नजर बनी हुई है.
- साकेत बडोला, डॉयरेक्टर, कॉर्बेट रिजर्व -

बता दें कि, पूरे प्रदेश में पिछली गणना के अनुसार 3500 से ज्यादा हाथी मौजूद हैं. वहीं कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में भी हाथियों की अच्छी संख्या दर्ज की गई थी. कॉर्बेट पार्क में 1226 हाथी पिछली गणना में थे. अब एक बार फिर आज से शुरू हुई, यह गणना 30 मई तक चलेगी, जिसमें वनकर्मी, अधिकारी और विशेषज्ञ लगातार जंगल क्षेत्रों में निगरानी कर आंकड़े जुटाएंगे.

Corbett Tiger Reserve
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में चहलकदमी करते हाथी. (Corbett Tiger Reserve)

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस बार जंगलों में बेहतर वातावरण, पर्याप्त भोजन और सुरक्षित आवास मिलने के कारण हाथियों की संख्या में इजाफा होने की संभावना है. वन्यजीव प्रेमियों और विशेषज्ञों को भी उम्मीद है कि इस बार कॉर्बेट पार्क में हाथियों की संख्या पहले की तुलना में अधिक सामने आएगी. गणना के लिए पार्क की विभिन्न बीटों में टीमें तैनात की गई हैं, जो हाथियों के मूवमेंट और उनके समूहों पर नजर बनाए हुए हैं.

पढे़ं-