ETV Bharat / bharat

डॉग ने डेढ़ माह के शिशु पर हमला कर फाड़ा पेट, खाना बना रही मां भिड़ी, हालत नाजुक

शिशु की हालत काफी गंभीर है. उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है

शिशु पर डॉग का हमला
शिशु पर डॉग का हमला ((प्रतीकात्मक तस्वीर))
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : April 25, 2026 at 3:05 PM IST

|

Updated : April 25, 2026 at 5:45 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

अजमेर : पीसांगन क्षेत्र में एक डॉग ने डेढ़ माह के शिशु का पेट फाड़ दिया. इस दौरान खाना बना रही मां हिंसक डॉग से भिड़ गई. शिशु का शरीर नोच रहे डॉग से बचाने के लिए मां ने उसे अपने शरीर से ढक लिया, जिससे शिशु की जान बच गई. घटना पीसांगन क्षेत्र के कालेसरा गांव की है. गंभीर रूप से घायल शिशु को अजमेर के जेएलएन अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया गया है. शिशु को वेंटिलेटर पर रखा गया है.

अजमेर जेएलएन अस्पताल में पीडियाट्रिक विभाग में सह प्रभारी डॉ. जय नारायण ने बताया कि शिशु की आतड़िया सभी बाहर आ गई थी, जिनको वापस व्यवस्थित किया गया है. शिशु की हालत काफी गंभीर है. उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है. वहीं, पीसांगन थाना क्षेत्र में कालेसरा गांव में रहने वाली कला ने बताया कि 24 अप्रैल को वह झुग्गी में खाना बना रही थी. पास में ही 3 साल के बेटे के साथ डेढ़ माह का सांवरा सो रहा था. इस दौरान डॉग ने झुग्गी में घुसकर नींद में शिशु पर हमला कर दिया.

पीडियाट्रिक विभाग में सह प्रभारी डॉ. जय नारायण (ETV Bharat Ajmer)

पढ़ें. बूंदी: लाखेरी में आवारा डॉग का आतंक, एक दिन में 49 लोग हुए शिकार, स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश

इससे झुग्गी के भीतर से सांवरा की तेज रोने की आवाज आई. भीतर जाकर देखा तो डॉग ने सांवरा को दांतों में दबा रखा था. बच्चे को बचाने के लिए मां हिंसक डॉग से भिड़ गई. पांच मिनट तक सांवरा को बचाने के लिए उसने संघर्ष किया. डॉग ने सांवरा को जैसे ही छोड़ा उसको बचाने के लिए वह उसके ऊपर लेट गई. डॉग के डर से 3 साल का अरविंद कंबल में छिप गया, जिससे वह डॉग के हमले से बच गया है. उन्होंने बताया कि पति ने वाहन कर सांवरा को अजमेर अस्पताल पहुंचाया, जहां तत्काल आपातकालीन वार्ड में ही सर्जरी कर दी गई.

Last Updated : April 25, 2026 at 5:45 PM IST