हरिद्वार जिला न्यायालय को भी मिली उड़ाने की धमकी, पुलिस प्रशासन के कान हुए खड़े
उत्तराखंड के तमाम न्यायालयों को मिल रही बम से उड़ाने की धमकी, अब जिला एवं सत्र न्यायालय हरिद्वार को मिला धमकी भरा मेल

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 17, 2026 at 10:15 PM IST
हरिद्वार: उत्तराखंड में नैनीताल, उत्तरकाशी, टिहरी, पिथौरागढ़ के बाद अब रोशनाबाद स्थित जिला न्यायालय हरिद्वार को भी धमकी भरा ई मेल मिला है. जिला न्यायालय की आधिकारिक ई मेल आईडी पर भेजे गए एक धमकी भरे मेल ने प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया.
दरअसल, रोशनाबाद स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय हरिद्वार की आधिकारिक मेल आईडी पर अज्ञात व्यक्ति ने संदेश भेजकर न्यायालय परिसर को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी दी है. ई मेल में दावा किया गया कि न्यायाधीश के चैंबर में विस्फोटक उपकरण लगाए गए हैं और दोपहर तक परिसर खाली कराने की बात लिखी गई है.
साथ ही इसमें में ईडब्ल्यूएस आरक्षण लागू करने का उल्लेख करते हुए उसे रोकने जैसी बातें भी लिखी गईं. धमकी भरा ई मेल सामने आते ही न्यायालय में हड़कंप का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही हरिद्वार पुलिस अलर्ट हुई और मामले की जांच शुरू की. सुरक्षा के मद्देनजर पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी गई.
जिला न्यायालय के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी की ओर से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत भी भेजी गई है. पुलिस ने मामले को संवेदनशील मानते हुए जांच शुरू कर दी है. साइबर टीम ई-मेल की उत्पत्ति और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है. जबकि, सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क कर दी गई हैं.
"पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है. साइबर सेल के माध्यम से मेल भेजने वाले की जानकारी जुटाई जा रही है."- नितेश शर्मा, सिडकुल थाना प्रभारी
बता दें कि बीती रोज सबसे पहले नैनीताल और उत्तरकाशी जिला न्यायालय को ई मेल के जरिए धमकी भरा मेल मिला था. जिससे कोर्ट परिसर में हड़कंप मचने के साथ ही काम काज भी लगभग आधा ठप हो गया था. नैनीताल के मामले में पुलिस ने अज्ञात के खइलाफ मुकदमा दर्ज जांच भी शुरू कर दी है.
वहीं, आज यानी 17 फरवरी को टिहरी, पिथौरागढ़ के बाद हरिद्वार जिला न्यायालय को धमकी मिला है. इस तरह से सिलसिलेवार तरीके से उत्तराखंड के तमाम जिला न्यायालयों को धमकी भरा मेल भेजा जा रहा है. हालांकि, अभी तक मेल भेजने वाले का पता नहीं लगाया जा सका है.
पहले भी मिल चुकी है रेलवे स्टेशन और हरकी पैड़ी को उड़ाने की धमकियां: हरिद्वार धार्मिक स्थल है. यहां कांवड़, कुंभ और अर्द्धकुंभ जैसे बड़े आयोजन होते रहते हैं. पूर्व में कई बार हरिद्वार रेलवे स्टेशन और हरकी पैड़ी को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी है. रेलवे स्टेशन पर ही धमकी भरी चिठ्ठियां कई बार मिल चुकी हैं.
धमकियों के बाद की गई जांच में कुछ सामने तो नहीं आया, लेकिन पहली बार हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. इस बार ई मेल के जरिए दी गई है. अधिकारी मामले की गहनता से जांच और जल्द खुलासे की बात कह रहे हैं.
ये भी पढ़ें-
- पिथौरागढ़ में भी जिला न्यायालय कोर्ट को बम से उड़ाने की मिली धमकी, पुलिस जांच में जुटी
- नैनीताल जिला न्यायालय को मानव बम से उड़ाने की धमकी, टिहरी, रुद्रप्रयाग में भी थ्रेट, बम डिस्पोजल-डॉग स्क्वायड ने छाना परिसर
- नैनीताल जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले पर मुकदमा दर्ज, खौफ से आधा काम हुआ ठप
- उत्तराखंड के कई न्यायालयों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने सील किए परिसर, सुरक्षा बढ़ाई गई

